नेशनल लोक अदालत में 247 प्रकरणों का निराकरण, 64.79 लाख रुपए की रिकवरी व सेटलमेंट

नेशनल लोक अदालत में 247 प्रकरणों का निराकरण, 64.79 लाख रुपए की रिकवरी व सेटलमेंट
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद जिला उज्जैन
खाचरौद। तहसील विधिक सेवा समिति खाचरौद के तत्वावधान में शनिवार को न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीतूकांता वर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश नीरज शर्मा, व्यवहार न्यायाधीश शैफाली सिंह एवं निर्मला पटेल सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती पूजन कर किया।
लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों के लंबित एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया। नीतूकांता वर्मा के न्यायालय में 88, नीरज शर्मा के न्यायालय में 10, शैफाली सिंह के न्यायालय में 102 तथा निर्मला पटेल के न्यायालय में 47 प्रकरणों का निराकरण हुआ।
इसके अलावा नगरपालिका, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग एवं बैंकों से संबंधित प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का भी निपटारा किया गया। कुल 247 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 64,79,303 रुपए की रिकवरी एवं सेटलमेंट राशि रही। इनमें न्यायालय में लंबित 136 प्रकरणों का निराकरण भी शामिल है।
आयोजन में अभिभाषक संघ अध्यक्ष प्रवीण पंड्या, विद्युत मंडल के कनिष्ठ यंत्री संजय मालवीय, शशिरंजन, सौरभ शर्मा, विभिन्न बैंकों के बैंक मैनेजर, नगरपालिका अधिकारी-कर्मचारी, अभिभाषकगण एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे ।


