10 माह से वेतन न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के एमटीएस एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी

10 माह से वेतन न मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के एमटीएस एवं आउटसोर्स कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी
नीमच -आज जिला एमटीएस यूनियन एवं भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) जिला नीमच के नेतृत्व में नीमच, मनासा, रामपुरा, जावद और जीरन क्षेत्र के समस्त आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं एमटीएस कर्मचारियों ने एक विशाल रोष प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन एमटीएस कर्मचारी मधु कुंवर राजपूत द्वारा किया गया।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने अवगत कराया कि वे जिला स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत उपस्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सीएचसी, पीएचसी और जिला चिकित्सालय में आउटसोर्स कंपनी (सेडमैप/सीड्मैप सब कंपनी ‘ZEUS Enterprises Pvt. Ltd., भोपाल’) के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले 10 महीनों में से कंपनी द्वारा केवल फरवरी, मार्च और अप्रैल—मात्र 3 महीनों का ही भुगतान किया गया है। मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह का वेतन आज दिनांक तक बकाया है। दीपावली पूर्व भुगतान का आश्वासन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
इस अवसर पर सीटू के नेता शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों का लगातार हो रहा यह आर्थिक शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो समस्त कर्मचारी शांतिपूर्ण ढंग से काम बंद करने के लिए विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान एमटीएस जिलाध्यक्ष बालकिशन खेर,अमित कसेरा,सुरेंद्र सिंह,भारत मालवीय,नवीन खाती,दिलीप पाटीदार,गौरव माली,अर्जुन कुमार,संजू आचार्य,सपना धाकड़,अनीता सेन,मेहरून मंसूरी,तारा धाकड़,नीमच, मनासा, रामपुरा, जावद और जीरन क्षेत्र के बड़ी संख्या में एमटीएस एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



