देवनारायण मंदिर को दान किया आम का पेड़ जलाया, पड़ोसी पर आरोप

देवनारायण मंदिर को दान किया आम का पेड़ जलाया, पड़ोसी पर आरोप
वर्षों पुराने फलदार पेड़ को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का आरोप, समझाइश देने पर जान से मारने की धमकी का दावा
खाचरोद/निमाड़ी गांव। एक ओर शासन-प्रशासन लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर हरे-भरे पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला खाचरोद क्षेत्र के निमाड़ी गांव से सामने आया है, जहां खेत की मेड़ पर खड़े वर्षों पुराने फलदार आम के पेड़ को कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया गया। पीड़ित हरिसिंह गुर्जर ने इस मामले में पुलिस थाना भाटपचलाना में आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
हरिसिंह गुर्जर के अनुसार, उनके खेत में लगा आम का पेड़ उनके दादाजी ने श्री देवनारायण मंदिर को दान किया था। पेड़ के पास बिलवानिया निवासी सुरेश पाटीदार का खेत है। आरोप है कि सुरेश पाटीदार ने आम के पेड़ की जड़ों और तने पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिससे पेड़ बुरी तरह जल गया।
पीड़ित का आरोप है कि इस मामले में समझाइश देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना से आहत हरिसिंह गुर्जर ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



