देशउत्तर प्रदेश

बाल विवाह रोकथाम को लेकर देवरिया पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक, कानून के उल्लंघन पर दो साल की जेल और एक लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान

बाल विवाह रोकथाम को लेकर देवरिया पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक, कानून के उल्लंघन पर दो साल की जेल और एक लाख रुपये जुर्माने का प्रावधान

देवरिया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन देवरिया स्थित प्रेक्षागृह में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) एवं बाल विवाह रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने की, जबकि संचालन जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया।बैठक में डॉ. संजय गुप्ता ने मेडिकल परीक्षण एवं आयु निर्धारण के दौरान आने वाली समस्याओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर उनसे संपर्क किया जा सकता है, जिसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।वहीं, जय प्रकाश तिवारी ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह कराना या करवाना संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध है। कानून के तहत बाल विवाह को बढ़ावा देने या उसमें सहयोग करने वाले अभिभावक, रिश्तेदार, बाराती, पंडित, मौलवी, पादरी, बिचौलिया, टेंट संचालक, बैंड बाजा, फोटोग्राफर, हलवाई सहित अन्य संबंधित लोगों को दो वर्ष तक के कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने से दंडित किए जाने का प्रावधान है।उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। कम उम्र में विवाह होने से किशोरियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण और प्रसव से मां एवं बच्चे दोनों की जान को खतरा हो सकता है। इसके अलावा घरेलू हिंसा, शिक्षा में बाधा, पारिवारिक एवं सामाजिक अलगाव, बाल मजदूरी और बाल तस्करी जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है।बैठक में बाल विवाह की सूचना देने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस हेल्पलाइन 112 सहित बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, बाल कल्याण समिति, जिला मजिस्ट्रेट, न्यायालय एवं स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई गई।बाल कल्याण समिति के सदस्य विवेकानंद मिश्र ने कहा कि कम उम्र में बच्चों का विवाह समाज के लिए अभिशाप है। इसकी रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।रेलवे सुरक्षा बल देवरिया सदर के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ ने बच्चों की सुरक्षा एवं बचाव के लिए जनजागरूकता बढ़ाने और सतर्क रहने पर जोर दिया। वहीं, थाना एएचटीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश वर्मा ने बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) की मंशा के अनुरूप कार्य करने तथा पॉक्सो से संबंधित सूचनाएं नियमित रूप से बाल कल्याण समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि किसी बच्चे के देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाली स्थिति में मिलने पर यात्रा के समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का प्रावधान है।बैठक में अधिकारियों ने बाल विवाह के विरुद्ध प्रचार-प्रसार तेज करने, प्रत्येक स्तर पर निगरानी रखने और सामूहिक प्रयासों से देवरिया जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लियइस अवसर पर राजकीय बाल गृह बालक के प्रभारी अधीक्षक रामकृपाल, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक नीतू भारती, प्रभारी कोऑर्डिनेटर संजीव कुमार यादव, काउंसलर अनुराधा राज, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर गणेश सिंह, सपोर्ट पर्सन विभा पाण्डेय, महिला कल्याण विभाग के अरविंद यादव, उपनिरीक्षक विवेक यादव एवं गोविंद सिंह, मुख्य आरक्षी सत्यपाल चौहान, थाना एएचटीयू के आकाश सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न थानों के नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}