पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय रामपुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्थापना दिवस

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय रामपुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्थापना दिवस
नीमच -पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रामपुरा में विद्यालय का स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि श्री अजय विश्वास जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री एन. के. पंवार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में नवोदय विद्यालय के स्थापना दिवस को “संकल्प दिवस” के रूप में निरूपित किया। उन्होंने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में एक नेक और सफल इंसान बनने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्री अजय विश्वास जोशी ने सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु अपना अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा “नशा मुक्ति” एवं “मैं नवोदय हूं” जैसे सामाजिक संदेश देने वाले लघु नाटकों तथा मनमोहक गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री पी. सी. मीणा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।



