नीमच के ग्राम नलवा में दबंगों का आतंक; घर पर पथराव और जान से मारने की धमकी, एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार सेन समाज जिला युवा अध्यक्ष चमन सेन पहुंचे पीड़ित परिवार के साथ

नीमच के ग्राम नलवा में दबंगों का आतंक; घर पर पथराव और जान से मारने की धमकी, एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार सेन समाज जिला युवा अध्यक्ष चमन सेन पहुंचे पीड़ित परिवार के साथ
नीमच:- जिले की मनासा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम नलवा में दबंगों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस थाने में लगातार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से हौसले बुलंद दबंगों ने अब प्रार्थी के घर पर रात्रि के समय पथराव कर दिया और सरेआम जान से मारने की धमकी दी है। इस गंभीर मामले को लेकर पीड़ित दिनेश पिता श्यामलालजी नाई ने नीमच पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
आवेदन के अनुसार, प्रार्थी दिनेश नाई ग्राम नलवा के स्थायी निवासी हैं। प्रार्थी और विपक्षी सुंदरलाल पिता तेजराम गुर्जर के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस संबंध में थाना कुकड़ेश्वर और एसपी कार्यालय में पूर्व में भी कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस द्वारा कोई उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की इस उदासीनता के कारण विपक्षी के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
रात्रि में घर पर फेंके पत्थर, दी गंदी गालियां–
पीड़ित ने बताया कि बीती 28 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 10:00 बजे विपक्षी सुंदरलाल ने उनके मकान को निशाना बनाते हुए जानबूझकर जोर-जोर से पत्थर फेंके और अश्लील गालियां दीं। जब प्रार्थी और उनके परिवारजनों ने बाहर आकर इसका विरोध किया, तो विपक्षी ने उन्हें जान से खत्म करने की धमकी दी।
इस लगातार हो रहे आपराधिक कृत्यों के कारण पीड़ित का पूरा परिवार अत्यधिक भयभीत है और उनके जीवन पर लगातार गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुलिस ने विपक्षी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की संपूर्ण जिम्मेदारी थाना कुकड़ेश्वर पुलिस की होगी।
एसपी से तत्काल एफआईआर और सुरक्षा की मांग –
एसपी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कुकड़ेश्वर को विपक्षी सुंदरलाल के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, साथ ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
इस दौरान सैन समाज जिला युवा अध्यक्ष चमन सेन पीड़ित परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुँचे। उन्होंने एसपी से विस्तृत चर्चा कर परिवार को न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो सैन समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


