
एसबीआई शाखा ताल में एसएमएस सेवा ठप, नोट, डायरी व कैलेंडर वितरण को लेकर ग्राहकों में नाराजगी
ताल ब्यूरो चीफ : शिवशक्ति शर्मा
ताल स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के अनेक खाताधारकों एवं पेंशनरों व नियमित कर्मचारियों ने बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष व्यक्त किया है। ग्राहकों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनके खातों में होने वाले लेन-देन के एसएमएस संदेश प्राप्त नहीं हो रहे हैं, जबकि पूर्व में प्रत्येक जमा एवं निकासी की सूचना तत्काल मोबाइल पर मिल जाती थी।
ग्राहकों के अनुसार एसएमएस सेवा बंद होने से उन्हें खाते में जमा ब्याज, पेंशन, वेतन तथा विभिन्न प्रकार की कटौतियों की समय पर जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त कुछ ग्राहकों ने नए एवं कड़क नोटों के वितरण में भी भेदभावपूर्ण रवैया अपनाए जाने की शिकायत की है। उनका कहना है कि बेहतर स्थिति वाले नोट चुनिंदा ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाते हैं, जबकि सामान्य ग्राहकों को पुराने अथवा खराब स्थिति वाले नोट दिए जाते हैं।
दीपावली जैसे त्योहारों पर वितरित किए जाने वाले कड़क नोट,नव वर्ष में डायरी एवं कैलेंडर के संबंध में भी ग्राहकों ने समानता और पारदर्शिता के अभाव की बात कही है। उनका आरोप है कि इनका वितरण सीमित लोगों तक ही रह जाता है, जबकि अधिकांश नियमित ग्राहक इससे वंचित रह जाते हैं।
ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक से आग्रह किया है कि एसएमएस अलर्ट सेवा को शीघ्र पुनः सुचारु कराया जाए तथा नोट, डायरी एवं कैलेंडर वितरण में पूर्ण पारदर्शिता एवं समानता सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि बैंक सभी ग्राहकों के लिए समान है, इसलिए सुविधाओं का लाभ भी बिना किसी भेदभाव के मिलना चाहिए। स्मरण रहे सीनियर सिटीजन के लिए कोई विशेष सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
ग्राहकों ने आशा व्यक्त की है कि शाखा प्रबंधक इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएंगे। यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होता है, तो वे इस संबंध में बैंक के क्षेत्रीय एवं उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजने पर विचार करेंगे।



