लुक्का में 07 साल की मासूम से हैवानियत: दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, पुलिस ने निकाला आरोपी दरिंदे का जुलूस

लुक्का में 07 साल की मासूम से हैवानियत: दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या, पुलिस ने निकाला आरोपी दरिंदे का जुलूस
गरोठ।मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र के गांव लुक्का चिकनिया में 07 साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और निर्मम हत्या का एक बेहद वीभत्स मामला सामने आया है। गोवर्धन पूजा देखने गई बच्ची का खून से सना शव एक खेत के पास मिला था। इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और आज गरोठ पुलिस द्वारा आरोपी का जुलूस निकाला गया है।पुलिस प्राथमिक जांच के अनुसार गरोठ क्षेत्र में रहने वाला 35 वर्षीय पड़ोसी जितेंद्र मेहर पिता रमेश मेहर जो मूल रूप से राजस्थान के चौमहला क्षेत्र का रहने वाला है, बच्ची को संतरे का लालच देकर अपने साथ ले गया था। आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मृतका के शरीर पर गंभीर चोटें और गला घोंटने के निशान पाए गए हैं।सोमवार को क्षेत्र में गोवर्धन पूजा और छोड़फाड़ (बैलों की पूजा) देखने के बाद बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके अगले दिन मंगलवार सुबह खेत के पास उसका खून से सना शव बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही गरोठ अस्पताल और थाने के पास परिजनों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शामगढ़, सुवासरा, भानपुरा, गांधीसागर सहित 5 थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया था। शव मिलने के बाद जब पुलिस ने सर्चिंग की और जितेंद्र से पूछताछ की, तो उसने झूठी कहानी और चोटें दिखाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। हालांकि, उसकी संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए पुलिस उसे थाने ले आई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र मेहर सहित अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एसपी विनोद कुमार मीणा के अनुसार, मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है और आरोपियों पर हत्या, पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आज पुलिस ने आरोपी को जनता के सामने लाकर उसका जुलूस निकाला, ताकि क्षेत्र में कड़ा संदेश दिया जा सके।



