दलौदामंदसौर जिला
श्री सांवलिया गौशाला कुचड़ौद में धूमधाम से मना गोवर्धन पूजा महोत्सव

महिलाओं ने गौमय से बनाए आकर्षक गोवर्धन, गौमाता को कराया व्यंजनों का आहार
कुचड़ौद। गांव में स्थित श्री सांवलिया गौशाला में गोवर्धन पूजा महोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 450 से अधिक गोवंश का विधिवत पूजन कर उन्हें विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। गौमाता को भोजन कराने का क्रम सूर्योदय से सूर्यास्त तक जारी रहा।महोत्सव में युवाओं की विशेष सहभागिता रही। युवाओं ने श्रद्धापूर्वक गौमाता को भोजन कराया और नमन कर सनातन संस्कृति के प्रति जहां अपनी आस्था व्यक्त की वहीं ग्राम की गली मोहल्ले में समूह रूप में महिलाओं ने घरों के बाहर गौमय से आकर्षक गोवर्धन महाराज की आकृतियां बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की।इस अवसर पर गौशाला समिति ने गौसेवा में कार्यरत महिला-पुरुष गौ सेवकों को मिठाई एवं वस्त्र हेतु नकद राशि भेंटकर सम्मानित किया। जावरा तहसील के ढोढर स्थित जीवदया गौशाला ग्रुप के सदस्यों आसाराम गुर्जर, मोहनसिंह, मंगलसिंह, सोनू एवं शेरसिंह ने भी गौशाला पहुंचकर गौमाता का पूजन किया तथा गौसेवकों को पुष्पमाला धारण कराके खजूर मेवा मिठाई पैकेट एवं स्टील की भोजन थालियां भेंट कर गो सेवकों का सम्मान किया गौशाला समिति ने सभी अतिथियों का साफा बांधकर सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन योग गुरु बंशीलाल टांक ने किया तथा आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष आजाद कुमार जैन ने माना।



