39 वर्ष 3 माह की निरंतर सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षक भारत भूषण वर्मा, भव्य सम्मान समारोह में हुआ अभिनंदन

39 वर्ष 3 माह की निरंतर सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए शिक्षक भारत भूषण वर्मा, भव्य सम्मान समारोह में हुआ अभिनंदन
✍️पंकज बैरागीसुवासरा। नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित गुरुद्वारे के सामने वाली गली के निवासी एवं सहायक शिक्षक भारत भूषण वर्मा 39 वर्ष 3 माह की गौरवशाली एवं निष्कलंक शासकीय सेवा पूर्ण कर शनिवार, 30 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए। अपने संपूर्ण शिक्षकीय जीवन में उन्होंने निस्वार्थ भाव से छात्र-छात्राओं को शिक्षा रूपी गुरु मंत्र प्रदान किया तथा एक आदर्श शिक्षक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। उनके सेवा काल में किसी भी प्रकार का कोई आरोप या दाग नहीं लगा। सरल, सज्जन, मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी भारत भूषण वर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर प्रातः 10:30 बजे उनके निवास स्थान वार्ड क्रमांक 11 से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई नया शिशु मंदिर रोड एवं बोरखेड़ी रोड स्थित पोरवाल परिणय रिसोर्ट पहुंची, जहां सुवासरा शिक्षक परिवार की ओर से सम्मान, वंदन एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदसौर के सुप्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पंडित दशरथ शर्मा (‘भाईजी’ )ने की। समारोह में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक हरदीप सिंह डंग, मंदसौर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह मंडलोई सहित अनेक गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।
इस अवसर पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भारत भूषण वर्मा के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं एवं सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश वर्मा एवं उनके सहयोगियों द्वारा किया गया।
अंत में सेवानिवृत्त शिक्षक भारत भूषण वर्मा ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षक साथियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उनके भतीजे चिराग गुर्जर ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



