यात्रियों से मनमाना किराया वसूली पर परिवहन विभाग सख्त, 40 बसों में लगवाई किराया सूची, 6 बसों पर जुर्माने की कार्रवाई

दिव्यांग यात्रियों को 50 प्रतिशत किराया छूट देने के आदेश भी किए चस्पा, बसों में पहुंचकर अधिकारियों ने यात्रियों से लिया फीडबैक
रीवा। यात्री बसों में किराया वसूली को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। रीवा आरटीओ के निर्देशन में परिवहन सुरक्षा स्क्वॉड ने चाकघाट, हनुमना और सीधी मार्ग पर संचालित यात्री बसों की जांच की। इस दौरान बसों में निर्धारित किराया दरों की जानकारी सार्वजनिक करने के उद्देश्य से 40 बसों में किराया सूची चस्पा कराई गई। वहीं, परिवहन नियमों का पालन नहीं करने वाली 6 बसों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
बसों में पहुंचकर यात्रियों से अधिकारियों ने की सीधी बातचीत
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम केवल दस्तावेजों की जांच तक सीमित नहीं रही, बल्कि बसों के अंदर पहुंचकर यात्रियों से भी बातचीत की। अधिकारियों ने यात्रियों से पूछा कि उनसे निर्धारित किराए के अनुसार राशि ली जा रही है या फिर परिचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूला जा रहा है। यात्रियों से मिली जानकारी के आधार पर किराया वसूली की स्थिति समझने का प्रयास किया गया। साथ ही यात्रियों को किराया सूची की जानकारी देकर जागरूक किया गया, ताकि वे निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
दिव्यांग यात्रियों को आधा किराया देने के निर्देश
परिवहन विभाग ने दिव्यांग यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट संबंधी आदेश भी चस्पा कराए। बस संचालकों और परिचालकों को निर्देशित किया गया कि पात्र दिव्यांग यात्रियों से निर्धारित किराए का केवल आधा ही लिया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया कि छूट संबंधी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नई किराया दरों को लेकर यात्रियों और बस संचालकों के बीच असमंजस
जांच अभियान के दौरान किराया वसूली को लेकर यात्रियों और बस संचालकों के बीच सामने आ रही परेशानी का मुद्दा भी चर्चा में रहा। बस संचालकों का कहना है कि निर्धारित दो रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया मांगने पर कई यात्री पुरानी किराया दर के अनुसार ही भुगतान करना चाहते हैं। इससे परिचालकों और यात्रियों के बीच बहस की स्थिति निर्मित होती है तथा बसों के संचालन में भी अनावश्यक विलंब होता है।
बस संचालकों का कहना है कि जिस तरह परिवहन विभाग द्वारा बसों में किराया सूची चस्पा कराई जा रही है, उसी तरह यात्रियों को भी संशोधित किराया दरों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि किराया भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति न बने। इस विषय पर तिवारी कोच के रमेश तिवारी, राधाबल्लभ ट्रेवल्स के संचालक पुष्पेंद्र द्विवेदी, रचना ट्रेवल्स रामनगर सहित बस यूनियन के पदाधिकारियों से भी चर्चा की गई।
यात्री सुविधाओं और नियमों के पालन पर विभाग की नजर
परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य यात्री बसों में किराया वसूली की पारदर्शिता सुनिश्चित करना, यात्रियों को उनके अधिकारों की जानकारी देना और परिवहन नियमों का पालन कराना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बसों में निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित करने के साथ ही यात्रियों से लगातार फीडबैक लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी जिले के अलग-अलग मार्गों पर बसों की जांच का अभियान जारी रहेगा।



