समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 23 अप्रैल 2026 गुरुवार

///////////////////////////
जल संरक्षण के छोटे-छोटे कार्यों को महत्व समझे, इनसे लंबे समय में मिलते हैं बड़े परिणाम : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
अधिक से अधिक पौधारोपण करें, हरित भविष्य का संकल्प लें : पद्मश्री महेश शर्मा
जल गंगा जल संवर्धन अभियान अंतर्गत जल संरक्षण पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के अंतर्गत आज कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में जल संरक्षण विषय पर एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला सार्थक एनजीओ के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पद्मश्री श्री महेश शर्मा, भूजल वैज्ञानिक श्री सुनील चतुर्वेदी, सार्थक एनजीओ की संस्थापक डॉ. उर्मिला तोमर सहित ग्राम सचिव, सहायक सचिव एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के अंतर्गत लगभग 6000 छोटे-बड़े कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण का कोई भी प्रयास छोटा नहीं होता, बल्कि छोटे-छोटे कार्य ही लंबे समय में बड़े परिणाम देते हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि जल संरक्षण के कार्यों को सूक्ष्म स्तर पर समझकर उनके व्यवहारिक समाधान निकालना आवश्यक है तथा इनका क्रियान्वयन जमीनी स्तर से होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मॉडल कार्य किए जाएं जिन्हें अन्य लोग भी अपनाएं और उनका अनुसरण करें। जिले में कंटूर ट्रेंच जैसे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पौधारोपण भी वैज्ञानिक तरीके से, उचित समय, स्थान और प्रजाति के अनुसार किया जाना चाहिए ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में पद्मश्री श्री महेश शर्मा, जिन्हें “जल ऋषि” की उपाधि से सम्मानित किया गया, ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और हरे-भरे पेड़ों की कटाई से बचना चाहिए। उन्होंने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कहा कि हमें केवल प्रकृति से लेना ही नहीं बल्कि उसे लौटाना भी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आयोजन और सम्मेलन से जल संरक्षण संभव नहीं है, इसके लिए निरंतर परिश्रम और जमीनी स्तर पर कार्य करना आवश्यक है।
भूजल वैज्ञानिक श्री सुनील चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व का लगभग 70 प्रतिशत पानी स्वच्छ नहीं है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर जल संरक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले 90 वर्षों में भारत में बड़े पैमाने पर ट्यूबवेल स्थापित हुए हैं, जिसके कारण अब हम भूमिगत जलस्तर पर भी प्रभाव पड़ा है। पहले सतही जल स्रोतों का अधिक उपयोग होता था।
इस अवसर पर “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के अंतर्गत स्कूलों द्वारा आयोजित चित्रकला, रंगोली एवं पर्यावरण एवं जल संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों द्वारा जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान प्रस्तुत किया गया।
=============
जल गंगा जल संवर्धन अभियान के तहत नाहरगढ़ की प्राचीन बावड़ी का होगा जीर्णोद्धार
ग्राम बर्डिया पीना में निर्माणाधीन अमृत सरोवर कार्य प्रगति पर
सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने किया स्थलीय निरीक्षण
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / मंदसौर जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने हेतु संचालित “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में जनपद पंचायत गरोठ अंतर्गत ग्राम पंचायत नाहरगढ़ स्थित प्राचीन बावड़ी के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुकूल जैन द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बावड़ी के संरक्षण, साफ-सफाई, संरचनात्मक मजबूती एवं जल संचयन क्षमता बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्यों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत नाहरगढ़ में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
इसके पश्चात श्री जैन ने जनपद पंचायत गरोठ के ग्राम बर्डिया पीना का दौरा किया, जहां अमृत सरोवर योजना के तहत निर्माणाधीन नवीन तालाब अमृत सरोवर के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्य स्थल पर उपस्थित श्रमिकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
अमृत सरोवर न केवल वर्षा जल संचयन में सहायक होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह जल स्रोत ग्रामीणों की कृषि एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में भी सहायक सिद्ध होगा।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि “जल गंगा जल संवर्धन अभियान” के माध्यम से जिले में पारंपरिक जल संरचनाओं का संरक्षण एवं नए जल स्रोतों का निर्माण प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
==============
जिले में 19 हजार परिवारों ने स्व-गणना में भाग लेकर बनाया प्रदेश में प्रथम स्थान
विश्व पृथ्वी दिवस पर ऑडिटोरियम में उपस्थित जनसमूह ने एक साथ भरा स्व गणना पत्र
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मंदसौर जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा एक भव्य एवं वृहद कार्यशाला का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए एक साथ स्व-गणना प्रपत्र भरकर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान श्री सत्येंद्र राठौर द्वारा स्व गणना के संबंध प्रशिक्षित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित एवं गोपनीय है। उन्होंने बताया कि नागरिक अपनी सुविधा अनुसार किसी भी समय ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना फॉर्म भर सकते हैं। यह पहल न केवल जनगणना प्रक्रिया को सशक्त बनाएगी, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित करेगी।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि मंदसौर जिले ने इस दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक 19,000 परिवारों द्वारा स्व-गणना प्रपत्र भरवाए हैं, जिससे जिला मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि जिले के जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपने घर के स्थान (लोकेशन) को चिन्हित कर स्वयं यह प्रक्रिया पूर्ण करें और इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निम्नलिखित लिंक का उपयोग कर स्व-गणना फॉर्म अवश्य भरें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें: https://se.census.gov.in/
===============
जिला स्तरीय युवा संगम का आयोजन 30 अप्रैल को आईटीआई मंदसौर में
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग के निर्देशन में जिले में रोजगार उन्मुख गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु जिला स्तरीय युवा संगम का आयोजन 30 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मंदसौर में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा।
युवा संगम का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को विभिन्न रोजगार एवं कौशल विकास अवसरों से जोड़ना है। कार्यक्रम में युवाओं को अलग–अलग सेक्टरों में उपलब्ध रोजगार, प्रशिक्षण योजनाओं और उद्यमिता से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ अवश्य लें तथा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
==============
मंदसौर में पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड संबंधित सेवाओं के लिए विशेष अभियान 25 अप्रैल को
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह विशेष अभियान 25 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 23 एवं 24 अप्रैल को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 25 अप्रैल को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग नीमच मंदसौर अधीक्षक अजित सिंह डामोर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
शहर के मंदसौर के मुख्य डाकघर,
सुवासरा मंडी,भानपुरा ,गरोठ, नीमच के प्रधान डाक घर, नीमच बघाना खोर, मल्हारगढ़, मनासा रामपुरा जावद डाक घर सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
==============
मध्यप्रदेश शासन लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह 24 अप्रैल को मंदसौर प्रवास पर रहेंगे
मंदसौर 22 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री राकेश सिंह 24 अप्रैल 2026 को मंदसौर प्रवास पर रहेंगे।
तय कार्यक्रम अनुसार मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह 23 अप्रैल 2026 को रात्री 8:30 बजे भोपाल से मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे। 24 अप्रैल 2026 को रात्री 2:00 बजे मंदसौर आगमन एवं रात्री विश्राम करेंगे।
मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह 24 अप्रैल 2026 को प्रात: 11:00 बजे जिला चिकित्सालय में 100 बिस्तरीय वार्ड एवं एमसीएच भवन का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 12:15 बजे मंदसौर से ग्राम बुडगांव के लिए प्रस्थान करेंगे। तत्पश्चात दोपहर 12:45 बजे बुडागांव में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। दोपहर 2:00 बजे ग्राम बुडागांव से गरोठ के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 4:00 बजे ग्राम भानपुरा, गरोठ में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। तथा शाम 5:00 बजे गरोठ से बडवानी के लिए प्रस्थान करेंगे।
==========
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन करायें और प्रतिमाह रू. 3000/- की पेंशन का लाभ पाएं
मंदसौर 22 अप्रैल 26/ जिला श्रम अधिकारी श्री प्रकाश दोडवे द्वारा बताया गया कि भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजनांतर्गत 18 वर्ष से 40 वर्ष की आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र के श्रमिक जिनकी मासिक आय रू. 15000/- से कम है, वे इस योजना में पंजीयन करा सकते है। पंजीकृत व्यक्ति के खाते से आयु के अनुसार प्रतिमाह रू. 55/- से 200/- का अंशदान स्वतः जमा होगा, उतनी ही राशि शासन द्वारा भी जमा कराई जाएगी। 60 वर्ष की उम्र के पश्चात पंजीकृत लाभार्थी को रू. 3000/- प्रतिमाह की ग्यारंटीशुदा पेंशन प्राप्त होगी। लाभार्थी की मृत्यु उपरांत जीवनसाथी को रू. 1500/- प्रतिमाह की पेंशन प्राप्त होगी।
अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक/चेकबुक एवं मोबाईल नम्बर लेकर नजदीकी कॉमन सर्विस सेन्टर (सी.एस.सी.), एमपी ऑनलाईन पर जाकर पंजीयन करवा सकते है अथवा स्वयं भी https://maandhan.in/maandhan/login लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते है।
========
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, हाईवे पर ट्रक पार्किंग पर अब पूरी तरह बैन
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर कमर्शियल वाहनों और ट्रकों की पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। कोर्ट के अनुसार, देश के मात्र 2% हाईवे नेटवर्क पर 30% सड़क हादसे होते हैं । वाहन केवल निर्धारित पार्किंग जोन या ले-बाय में ही खड़े होंगे ।नियम लागू करने के लिए ATMS, GPS और ई-चालान का उपयोग होगा । डीएम को 60 दिनों में SOP बनाकर इसे लागू करना होगा । सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रशासनिक ढिलाई के चलते हाईवे, एक्सप्रेसवे को ‘खतरों का गलियारा’ नहीं बनने दिया जाएगा।
=======
पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर पर जनसुनवाई का आयोजन
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा द्वारा आमजन की शिकायतों की त्वरित कार्यवाही एवं विधिसंगत निराकरण करने के उद्देश्य से जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर पर जनसुनवाई का आयोजन कर कुल 35 आवेदकों की शिकायतों को समक्ष में सुनकर किया गया त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण तथा संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को भी किया तत्काल विधिसंगत कार्यवाही हेतु निर्देशित।
आज दिनांक 21.04.26 को जिला पुलिस कंट्रोल मंदसौर में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण करने के उद्देश्य से जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा के साथ साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील, एसडीओपी सीतामऊ अनुभाग श्री दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कोतवाली श्री पुष्पेंद्र सिंह राठौर व थाना प्रभारी यशोधर्मन नगर श्री शिवांशु मालवीय तथा थाना प्रभारी नई आबादी श्री कुलदीप सिंह राठौड़ भी उपस्थित रहे। जिनके द्वारा संबंधित अनुभागों के आवेदकों के आवेदन पर तत्काल एवं विधिसंगत कार्यवाही करने हेतु संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को निर्देशित किया। आज की जनसुनवाई में कुल 35 आवेदकों की शिकायतों का श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा आवेदक को समक्ष में सुनकर उनकी समस्या/शिकायत के उचित वैधानिक निराकरण हेतु संबंधित थाना/चौकी प्रभारी को तत्काल निर्देशित भी किया गया।



