
पूर्व राज्यपाल गेहलोत के मुख्य अतिथि, राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार की अध्यक्षता; सांसद फिरोजिया में मुक्तिधाम के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्माताल। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नगर परिषद ताल द्वारा नगर में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल उद्यान एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 8 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का गरिमामय समारोह में अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नाटक के पूर्व राज्यपाल थावरचंद गेहलोत थे, जबकि अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने की।
समारोह में घटवास के संत दिनेश व्यास, तालीदाना गौशाला धाम के संत नमन वैष्णव एवं करवा खेड़ी कुटिया के महंत प्रकाशनाथ का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। इसके अलावा सांसद अनिल फिरोजिया, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक, क्षेत्रीय विधायक प्रो. डॉ. चिंतामणि मालवीय, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत, पाटीदार समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश परमार, सुवासरा के पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार, इंदौर महानगर पाटीदार समाज के संयोजक मनोहर पाटीदार एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष भेरूलाल पाटीदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय : गेहलोत
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल थावरचंद गेहलोत ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा। उन्होंने पद और प्रतिष्ठा की लालसा किए बिना राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा तथा देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्र के प्रति उनका योगदान अविस्मरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार ने कहा कि जो व्यक्ति अपने जीवन में त्याग और समर्पण का भाव रखता है, उसे कालांतर में समाज और राष्ट्र का सम्मान अवश्य प्राप्त होता है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्रहित में अपना सर्वस्व समर्पित किया, इसी त्याग और अद्वितीय योगदान के कारण आज भी पूरा देश उनका स्मरण कर श्रद्धापूर्वक नमन करता है।
इस अवसर पर संत नमन वैष्णव, संत दिनेश व्यास, सांसद अनिल फिरोजिया, पवन पाटीदार, तपन भौमिक, विधायक प्रो. डॉ. चिंतामणि मालवीय, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय एवं पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान को याद किया।
मुक्तिधाम के लिए सांसद निधि से 20 लाख रुपये की सौगात
कार्यक्रम के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया ने ताल के मुक्तिधाम के विकास के लिए सांसद निधि से 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इससे नगरवासियों को मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की सौगात मिलेगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। अतिथियों का स्वागत नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार, सभापति प्रतिनिधि गुड्डू खान, गोवर्धन पोरवाल, अनिल परमार, दिनेश माली, मनीष परमार एवं अनवर मिर्जा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया।
कार्यक्रम का संचालन विनोद कुमार शर्मा ने किया तथा आभार नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी गौरव शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कृषक आयोग के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार, दीनदयाल पाटीदार, हरिराम शाह, कृष्णकांत पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।



