खाचरौद पुलिस का बड़ा शिकंजा: भैंस चोरी गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 2 गिरफ्तार

खाचरौद पुलिस का बड़ा शिकंजा: भैंस चोरी गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 2 गिरफ्तार
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद जिला उज्जैन
3 भैंस और 1 पाड़ी बरामद, चोरी में इस्तेमाल पिकअप भी जब्त—कुल ₹16.50 लाख का मशरूका पुलिस के कब्जे में
खाचरौद। थाना खाचरौद पुलिस ने भैंस चोरी करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए गैंग के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 3 भैंसें, 1 पाड़ी और वारदात में प्रयुक्त हरे रंग की पिकअप वाहन क्रमांक MP-45-ZK-0783 बरामद किया है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत ₹16.50 लाख बताई गई है।
मामले में फरियादी गोवर्धनलाल पाटीदार निवासी खाचरौद ने थड़ोदा रोड स्थित टीन शेड से भैंस और पाड़ी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने खाचरौद कस्बे और रतलाम मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर देवीसिंह कटारा गैंग तक पहुंच बनाई।
13-14 सितंबर की दरम्यानी रात पुलिस टीम ने रानी सिंग-रावटी स्टेशन रोड पर नाकाबंदी कर पिकअप को रोका। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे में फरार हो गए। घेराबंदी कर पुलिस ने देवीसिंह उर्फ देवला कटारा और पिकअप चालक नरेश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में देवीसिंह ने थड़ोदा से भैंस चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों और गैंग से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रतीक यादव, उप निरीक्षक अमित डामर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


