आगामी त्योहारों के लेकर खाचरौद पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

आगामी त्योहारों को लेकर खाचरौद में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, सड़कों पर उतरा भारी बल फ्लैग मार्च से असामाजिक तत्वों को दो टूक संदेश शांति भंग की कोशिश की तो होगी सख्त कार्रवाई
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज, खाचरौद जिला उज्जैन
खाचरौद। देवनारायण भगवान जयंती, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी को लेकर खाचरौद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार शाम अतिरिक्त पुलिस बल के साथ शहर में निकले फ्लैग मार्च ने कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की मुस्तैदी साफ कर दी। सड़कों पर पुलिस का लंबा काफिला देखकर जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों को भी पुलिस ने सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया।
शाम 5 बजे थाना खाचरौद से शुरू हुआ फ्लैग मार्च पुराना बस स्टैंड, पुराना थाना, डाबरा, रावला, रावत पथ, चबूतरा चौराहा, शुक्रवारिया बाजार, भवानी चौक, कस्बा, बागपुरा, गणेश देवली, मालीपुरा और गोपाल मंदिर सहित शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों से गुजरा और पुनः थाने पहुंचकर समाप्त हुआ।
थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। शहर की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। त्योहारों के दौरान पुलिस की निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी।


