MP के नए DGP के लिए सरकार ने दिल्ली भेजे 12 IPS अफसरों के नाम, 1991 बैच के कपूर, जैन और ऋचा का नाम सबसे आगे

MP के नए DGP के लिए सरकार ने दिल्ली भेजे 12 IPS अफसरों के नाम, 1991 बैच के कपूर, जैन और ऋचा का नाम सबसे आगे
भोपाल। मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने जा रहा है। इसे देखते हुए प्रदेश में नए DGP के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। गृह विभाग ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार कर दिल्ली भेज दिया है।
सरकार द्वारा भेजे गए पैनल में कुल 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें 1991 बैच के तीन, 1992 बैच के तीन, 1993 बैच के दो और 1994 बैच के चार अधिकारी शामिल हैं।
वरिष्ठता क्रम में 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर का नाम सबसे ऊपर है। कपूर वर्तमान में जेल विभाग के महानिदेशक के पद पर हैं। इसके बाद उपेंद्र जैन, जो आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के महानिदेशक हैं, तथा प्रज्ञा ऋचा, जो होमगार्ड महानिदेशक के पद पर हैं, के नाम शामिल हैं।
अब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कमेटी इन नामों पर विचार करेगी। कमेटी वरिष्ठता और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजेगी। इसके बाद सरकार इन तीन नामों में से किसी एक अधिकारी को मध्यप्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त करेगी।
सरकार द्वारा भेजे गए 12 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम
1991 बैच: वरुण कपूर, उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा।
1992 बैच: पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी. अखेतो सेमा।
1993 बैच: अनिल कुमार, रवि गुप्ता।
1994 बैच: अनंत सिंह, मनमीत सिंह नारंग, राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता।
01 दिसंबर 2024 को कैलाश मकवाना ने संभाला था DGP का पद
कैलाश मकवाना के नाम की घोषणा राज्य सरकार ने 23 नवंबर 2024 को DGP पद के लिए की थी। इसके बाद उन्होंने 1 दिसंबर 2024 को मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक का पद संभाला था। नवंबर 2026 में उनका कार्यकाल पूरा होने के साथ ही प्रदेश को नया DGP मिलने की प्रक्रिया पूरी होगी।



