समाचार मध्यप्रदेश नीमच 10 सितंबर 2026 गुरुवार

नीमच में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर एक माह तक होंगी पोषण एवं जन-जागरूकता गतिविधियां
नीमच, 9 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के शुभारंभ अवसर पर बुधवार को कलेक्टर परिसर स्थित आयुष हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिले के सभी परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान वाराणसी, उत्तरप्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट देखा गया तथा उद्बोधन सुना गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली दिवसवार गतिविधियों की जानकारी देते हुए विभागीय अमले को अधिकाधिक हितग्राहियों एवं समुदाय को जोड़ने तथा पोषण संबंधी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है इस वर्ष की थीम
9वें राष्ट्रीय पोषण माह की केंद्रीय थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के लिए सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में सशक्त करना है। इस वर्ष पोषण के क्षेत्र में सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पोषण माह के दौरान विविध एवं संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, स्वच्छता एवं गुणवत्ता तथा बच्चों के पोषण के साथ उनके प्रारंभिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में अभिभावकों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों एवं समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
प्रथम दिवस पर जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता रैलियां एवं दीवार लेखन गतिविधियां आयोजित की गईं। दीवार लेखन के माध्यम से पोषण संबंधी संदेश एवं नारे लिखकर आमजन को जागरूक किया गया।
पूरे माह आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता और सहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी। इनका उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा परिवारों में बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना और सुपोषित नीमच एवं सुपोषित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
–00–
डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी ने नगर परिषद जावद का किया औचक निरीक्षण
सीएम हेल्पलाइन एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं में प्रगति के निर्देश
नीमच, 9 सितम्बर 2026। डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण नीमच द्वारा बुधवार को नगर परिषद जावद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन व्यवस्थाओं के साथ विभिन्न योजनाओं एवं प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण में सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्यवाही करते हुए योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी कलेक्टर ने नगर परिषद में निर्माणाधीन कार्यालय भवन का मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में उपयंत्री को आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही नामांतरण पंजी एवं दायरा रजिस्टर का भी निरीक्षण किया गया। दायरा रजिस्टर में नामांतरण के सभी प्रकरण पूर्ण रूप से दर्ज नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के उपयंत्री सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
–00–
अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई
₹1.21 लाख से अधिक की 1200 किलो महुआ लाहन और 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त
नीमच, 9 सितम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के सहयोग से जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 9 सितम्बर को आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वृत्त मनासा के ग्राम हाड़ी पीपलिया, पोखरदा सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लगभग 1200 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1 लाख 21 हजार 250 रुपये है। प्रकरणों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पंकज राठौर, संजय कंवारे, दीपक आंजना एवं संजय राठौर तथा पुलिस उपनिरीक्षक बी.एल. चौहान, एएसआई दिलीप कलमोडिया सहित आबकारी एवं पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
–00–
शासकीय एवं श्मशान भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
नीमच, 9 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में तहसील जावद के ग्राम बरखेड़ा चौहान में शासकीय एवं श्मशान भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर भूमि खाली कराई गई।
ग्रामीणों द्वारा शासकीय एवं श्मशान भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी, जावद के समक्ष जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर मौजा पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद न्यायालय नायब तहसीलदार, तहसील जावद में प्रकरण क्रमांक 0024/अ-68/2026-27जी दर्ज किया गया।
प्रकरण में ग्राम बरखेड़ा चौहान की शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 253/1, कुल रकबा 2.260 हेक्टेयर में से 0.300 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में बेदखली आदेश पारित किया गया। आदेश के पालन में 9 सितम्बर को मौजा पटवारी एवं कोटवारों के दल द्वारा कार्यवाही करते हुए श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाया गया तथा भूमि खाली कराई गई।
–00–
आजीविका मिशन से बदली कारी बाई की जिंदगी, किराना दुकान और फोटोकॉपी केंद्र से बनीं आत्मनिर्भर
स्व-सहायता समूह से जुड़कर शुरू किया स्वरोजगार
नीमच, 9 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव की सक्रिय भूमिका एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के सतत प्रयासों से जिले में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मनासा विकासखंड के ग्राम सुंडी की श्रीमती कारी बाई कछावा इसकी प्रेरक मिसाल हैं। आज वे स्वयं का व्यवसाय संचालित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। ग्राम सुंडी, ग्राम पंचायत भेरपुरा, मनासा में वर्ष 2018 से गांव की महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने की शुरुआत हुई। वर्तमान में ग्राम पंचायत क्षेत्र में 20 महिला स्व-सहायता समूह गठित हो चुके हैं।
समूह से मिला संबल,शुरू किया अपना व्यवसाय श्रीमती कारी बाई कछावा चारभुजा स्व-सहायता समूह सुंडी से 1 फरवरी 2023 को जुड़ीं। समूह से प्राप्त वित्तीय सहयोग और आजीविका गतिविधियों से जुड़कर उन्होंने वर्ष 2024 में किराना दुकान एवं फोटोकॉपी का कार्य शुरू किया। इस व्यवसाय से वर्तमान में उन्हें प्रतिदिन लगभग 500 रुपये की आय हो रही है। इसके साथ वे कृषि कार्य भी करती हैं। समूह को आरएफ से 20 हजार रुपये, सीआईएफ से 1 लाख रुपये तथा सीसीएल से 1.50 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
कारी बाई ने समूह से 34,700 रुपये का व्यक्तिगत ऋण भी प्राप्त किया। आय में हुआ उल्लेखनीय इजाफा आजीविका मिशन से जुड़ने से पहले कारी बाई की व्यक्तिगत मासिक आय लगभग 9,850 रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 15,000 रुपए हो गई है। वहीं परिवार की मासिक आय 16,500 रुपये से बढ़कर लगभग 26,800 रुपये हो गई है। इस प्रकार परिवार की मासिक आय में 10,300 रुपये की वृद्धि हुई है।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ते कदम कारी बाई अब स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ गांव की अन्य महिलाओं को भी घर से बाहर निकलकर स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। महिला स्वराज और आत्मनिर्भरता की दिशा में स्व-सहायता समूहों को सशक्त माध्यम बनाने के प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। कारी बाई अपनी सफलता के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहती हैं कि आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उनका कहना है कि वे आगे भी अन्य महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर होने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
–00–
अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण पर कलेक्टर न्यायालय की सख्ती,170 प्रकरणों में ₹1.25 करोड़ से अधिक की शास्ति
रॉयल्टी पास में अंकित मात्रा से अधिक गिट्टी परिवहन पर 1.18 लाख की शास्ति अधिरोपित
नीमच, 9 सितम्बर 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 जनवरी 2026 से 8 सितम्बर 2026 तक न्यायालय कलेक्टर, जिला नीमच द्वारा अवैध परिवहन एवं भंडारण के 170 प्रकरणों में कुल ₹1 करोड़ 25 लाख 89 हजार 503 का जुर्माना किया गया है।
इसी कार्रवाई के तहत ग्राम फुसरिया, तहसील सिंगोली में गिट्टी के निर्धारित मात्रा से अधिक परिवहन के एक प्रकरण में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ₹1 लाख 18 हजार की शास्ति अधिरोपित की है।
जिला खनिज अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार 18 अगस्त 2026 को खनि निरीक्षक द्वारा वाहन क्रमांक RJ06GE5365 की जांच की गई। वाहन में गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन मालिक द्वारा रॉयल्टी पास प्रस्तुत किया गया, किंतु वाहन में रॉयल्टी पास में अंकित मात्रा से अधिक गिट्टी का परिवहन पाया गया। वाहन को जब्त कर पुलिस थाना सिंगोली में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया तथा अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 20(1) के तहत अनावेदक वाहन मालिक भगवत सिंह पिता मोहन सिंह हाडा निवासी रिद्धि सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी, गिरधरपुरा,जिला कोटा पर खनिज की रॉयल्टी की 15 गुना राशि ₹18 हजार तथा अतिरिक्त मात्रा पर ₹1 लाख पर्यावरण क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई। इस प्रकार वाहन मालिक पर कुल ₹1 लाख 18 हजार की शास्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि शास्ति की राशि चालान के माध्यम से 15 दिवस के भीतर शासकीय कोष में जमा कराई जाए। राशि जमा होने की पुष्टि के बाद वाहन को नियमानुसार मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार भू-राजस्व के रूप में वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण तथा शासन के राजस्व एवं पर्यावरणीय हितों की सुरक्षा के लिए सतत रूप से जारी रहेगी।
–00–
अवैध खनिज परिवहन एवं भंडारण पर कलेक्टर न्यायालय की सख्ती,170 प्रकरणों में ₹1.25 करोड़ से अधिक की शास्ति
रॉयल्टी पास में अंकित मात्रा से अधिक गिट्टी परिवहन पर 1.18 लाख की शास्ति अधिरोपित
नीमच, 9 सितम्बर 2026। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 जनवरी 2026 से 8 सितम्बर 2026 तक न्यायालय कलेक्टर, जिला नीमच द्वारा अवैध परिवहन एवं भंडारण के 170 प्रकरणों में कुल ₹1 करोड़ 25 लाख 89 हजार 503 का जुर्माना किया गया है।
इसी कार्रवाई के तहत ग्राम गामड़ा, तहसील सिंगोली में गिट्टी के निर्धारित मात्रा से अधिक परिवहन के एक प्रकरण में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने ₹1 लाख 18 हजार की शास्ति अधिरोपित की है।
जिला खनिज अधिकारी के प्रतिवेदन के अनुसार 18 अगस्त 2026 को खनि निरीक्षक द्वारा वाहन क्रमांक RJ06GE5365 की जांच की गई। वाहन में गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन मालिक द्वारा रॉयल्टी पास प्रस्तुत किया गया, किंतु वाहन में रॉयल्टी पास में अंकित मात्रा से अधिक गिट्टी का परिवहन पाया गया। वाहन को जब्त कर पुलिस थाना सिंगोली में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया तथा अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 20(1) के तहत अनावेदक वाहन मालिक भगवत सिंह पिता मोहन सिंह हाडा निवासी रिद्धि सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी, गिरधरपुरा,जिला कोटा पर खनिज की रॉयल्टी की 15 गुना राशि ₹18 हजार तथा अतिरिक्त मात्रा पर ₹1 लाख पर्यावरण क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई। इस प्रकार वाहन मालिक पर कुल ₹1 लाख 18 हजार की शास्ति अधिरोपित की गई है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि शास्ति की राशि चालान के माध्यम से 15 दिवस के भीतर शासकीय कोष में जमा कराई जाए। राशि जमा होने की पुष्टि के बाद वाहन को नियमानुसार मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार भू-राजस्व के रूप में वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण तथा शासन के राजस्व एवं पर्यावरणीय हितों की सुरक्षा के लिए सतत रूप से जारी रहेगी।
–00–
अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग ने की कार्रवाई
ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश देकर 96 हजार रुपये से अधिक कीमत की अवैध मदिरा एवं महुआ लाहन जब्त
नीमच, 9 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग के कार्यपालिक दल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई।
आबकारी दल ने ग्राम केनपुरिया, जोरावरपुरा, मांगरोल, मांगरोल चक, मुंडला चक, बोरखेड़ी सहारग्राम एवं हिंगोरिया सहित अन्य क्षेत्रों में संदिग्ध स्थलों पर दबिश देकर विधिवत तलाशी ली।कार्रवाई के दौरान 3.24 बल्क लीटर देशी मदिरा प्लेन, 25 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 880 लीटर महुआ लाहन बरामद कर जब्त किया गया।
अवैध मदिरा के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 36(ए) के तहत कुल 07 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 96,176 रुपये है।
इसके साथ ही आबकारी विभाग द्वारा नयागांव टोल के समीप अंतरराज्यीय हाईवे पर नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
–00–
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक संपन्न
समय-सीमा एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश
नीमच, 08 सितम्बर 2026। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए—- क्षेत्र भ्रमण: सभी राजस्व एवं अन्य अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो दिन क्षेत्र का भ्रमण कर विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करें।
– गंदे पानी की शिकायत: नगरपालिकाएं एवं नगरीय निकाय शहर में गंदे पानी की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। पानी की गुणवत्ता की जांच सप्ताह में एक बार सुनिश्चित की जाए।
– सीएम हेल्पलाइन: सभी विभाग शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करें। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत किया जाए। खराब ग्रेडिंग एवं रैंकिंग वाले विभाग शिकायतों के निराकरण में तेजी लाकर स्थिति सुधारें।
– फॉर्मर रजिस्ट्री: राजस्व एवं कृषि विभाग का संयुक्त दल अपने-अपने क्षेत्र में 10 सितम्बर से कैंप लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य करवाना सुनिश्चित करें। कार्य में लापरवाही अथवा कार्य नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
– लंबित प्रकरण: सभी जिला अधिकारी समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर साप्ताहिक लक्ष्य समय पर पूरा करें।
– फसल बीमा : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग फसल बीमा संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण कर उन्हें संतुष्टिपूर्वक बंद करवाने के निर्देश।
– गौशाला निरीक्षण: सभी अधिकारी ड्यूटी के अनुसार गौशालाओं का निरीक्षण कर तीन दिवस में प्रतिवेदन डीडी वेटरनरी को प्रस्तुत करें।
– श्रम योगी मान-धन योजना: श्रम विभाग को योजना के शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
– मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अद्यतन एवं संपूर्ण विभागीय जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निराकरण योग्य प्रकरणों को लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयडीया, श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ 9 सितंबर से
“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर जिलेभर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
नीमच, 8 सितंबर 2026। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ 9 सितंबर से होगा। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। इसके तहत आंगनवाड़ी केन्द्रों को बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक बाल विकास के प्रमुख केन्द्र के रूप में सुदृढ़ करने पर जोर दिया जाएगा।
पोषण माह के दौरान संतुलित एवं पोषण विविधता वाले आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। स्थानीय खाद्य पदार्थों, मोटे अनाज, दाल, हरी सब्जियों, मौसमी फलों एवं प्रोटीनयुक्त आहार के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केन्द्रों पर पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेले तथा गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं विविधता संबंधी गतिविधियां होंगी।
0 से 3 वर्ष के बच्चों के विकासात्मक पड़ावों की पहचान तथा 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रहेगा। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
जनप्रतिनिधियों, पंचायतों, स्व-सहायता समूहों, अभिभावकों एवं आमजन की सहभागिता से पोषण को जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया जाएगा।
–00–



