अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की दबिश, 750 किलो लहन नष्ट

अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की दबिश, 750 किलो लहन नष्ट
गोरखपुर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शुक्रवार को गोरखपुर में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशों के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के नेतृत्व में थाना राजघाट क्षेत्र में विभिन्न संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी की गई।आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2, कैम्पियरगंज एवं अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-2 एस.एन. वर्मा के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 गोरखपुर मनीष त्यागी व चौकी प्रभारी अमरुतानी की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने राप्ती नदी के किनारे स्थित अमरूद के बागों एवं झाड़ियों सहित अवैध कच्ची शराब के संदिग्ध अड्डों पर दबिश दी।दबिश के दौरान टीम ने लगभग 48 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके पर करीब 750 किलोग्राम लहन बरामद कर नष्ट किया गया। इसके साथ ही अवैध शराब तैयार करने के लिए संचालित कई भट्ठियों को भी नष्ट किया गया।कार्रवाई के संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। आबकारी निरीक्षक एस एन वर्मा ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


