
सवाई माधोपुर में एसीबी की कार्रवाई, कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर निलंबित
कोटा:- सवाई माधोपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को लाखेरी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक कांस्टेबल को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कांस्टेबल का नाम मोहम्मद नदीम कुरैशी बताया जा रहा है। कुरैशी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
मामला सामने आने के बाद कोटा मंडल रेल प्रशासन द्वारा नदीम के साथ लाखेरी आरपीफ पोस्ट प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रकाश सोलंकी को भी निलंबित करने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि मंडल प्रशासन ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बताया कि सवाईमाधोपुर एसीबी चौकी को एक शिकायत मिली थी कि आरपीएफ कांस्टेबल नदीम रेलवे सामानों की चोरी के मामलों में फरियादी को आरोपी बनाने की धमकी दे रहा है। आरोपी नहीं बनाने की एवज में नदीम फरियादी से एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
70 हजार लेने को हुआ राजी
काफी परेशान होने के बाद फरियादी नदीम को रिश्वत देने के लिए तैयार हो गया। लेकिन फरियादी के निवेदन के बाद नदीम पहले 80 और बाद में 70 हजार रुपए लेने को तैयार हो गया।इसके बाद फरियादी ने मामले की जानकारी एसीबी भी को दे दी।
25 अगस्त को मामले का सत्यापन कर एसीबी ने नदीम को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया।
फरियादी ने नदीम को 70 हजार रुपए लेने के लिए अपने घर बुलाया। यहां फरियादी से रिश्वत लेते ही मौके की तलाश में छुपी एसीबी ने 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते नदीम रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।फरियादी के कबाड़ी होने की जानकारी सामने आ रही है।

