पिपलियामंडी में फिर उठी स्थाई 108 एंबुलेंस की मांग, सड़क हादसे में गंभीर घायल को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

पिपलियामंडी में फिर उठी स्थाई 108 एंबुलेंस की मांग, सड़क हादसे में गंभीर घायल को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
पिपलियामंडी। साहब, एक्सीडेंट में घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से सिर्फ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक ही पहुंचाया जा सकता है, जिला चिकित्सालय तक नहीं..?
आज फिर पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर ग्राम गुड़भेली के समीप सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति राजस्थान का बताया जा रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को आगे रेफर किया गया, लेकिन हमेशा की तरह 108 एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति को स्ट्रेचर पर दर्द सहते हुए एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि पिपलियामंडी क्षेत्र में आए दिन सड़क हादसे होने के बावजूद यहां स्थाई 108 एंबुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं है? गंभीर स्थिति में घायल मरीज को समय पर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाना बेहद जरूरी होता है।
जिम्मेदार अधिकारियों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से विनम्र निवेदन है कि पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थाई 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करवाने की दिशा में गंभीरता से पहल की जाए, ताकि सड़क हादसों या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
एक एंबुलेंस किसी के लिए सिर्फ वाहन नहीं, बल्कि समय पर मिलने वाली जिंदगी की उम्मीद है।



