रतनपिपल्या में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 102 लोगों के हुए एक्स-रे…

मंदसौर। जिले के जनपद पंचायत मल्हारगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत रतनपिपल्या के पंचायत कार्यालय परिसर में गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, निक्षय शिविर एवं एक्स-रे कैम्प का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ सरपंच प्रतिनिधि के कैलाशचन्द मालवीय द्वारा किया गया। इस शिविर में ग्राम के 102 हितग्राहियों के चेस्ट एक्स-रे किए गए, जिसमें से 22 लोगों के एक्स-रे एब्नॉर्मल पाए गए। जिनके सैम्पल लेकर आगे की जांच के लिए जिला चिकित्सालय भेजे गए हैं।
शिविर में आए सभी लोगों की बीपी, शुगर, एचआईवी और सिफलिस की भी निःशुल्क जांच की गई। साथ ही लोगों को टीबी के प्रारंभिक लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, बस समय पर जांच और पूरा इलाज जरूरी है।
इस अवसर पर कार्यालय के सामने जन-जन का रखे ध्यान, टीबी मुक्त भारत अभियान – आओ बने निक्षय मित्र का बैनर लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। बैनर में संदेश दिया गया। ना शर्माना, ना घबराना टीबी की जांच करवाना। टीबी को मिटने इलाज से नहीं बचाव से भी हराना है।
शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं जिला स्वास्थ्य समिति जिला मंदसौर टी.बी विभाग लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोधना अरूणोदय संस्था द्वारा ग्राम पंचायत रतनपिपल्या के सहयोग से किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे पहुंचे और स्वास्थ्य लाभ लिया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की।
CHO दिलखूश साल्वी ने अपील की है कि यदि किसी को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। सभी जांच और दवाइयां सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है इस अवसर पर एएनएम, आशा सेक्टर सुपरवाइजर व सभी आशा कार्यकर्ता और सरपंच सहित सचिव उपस्थित रहे।



