मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 17 सितंबर 2026 गुरुवार

“सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” से नागरिकों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ

2 से 10 अक्टूबर तक विकासखंड एवं नगरीय निकायों में लगेंगे जनसेवा शिविर

पंजीयन, आवेदन निराकरण एवं हितलाभ वितरण की होगी प्रभावी व्यवस्था

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / प्रदेश में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश में यह अभियान 2 से 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। अभियान में राजस्व विभाग द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर और नगरीय निकायों में जनसेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें नगरीय विकास एवं आवास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और लोक सेवा प्रबंधन विभाग सहयोग करेंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

शिविरों में आवेदकों के पंजीयन से लेकर उनके आवेदनों के निराकरण एवं हितलाभ वितरण की जानकारी व्यवस्थित रूप से संधारित की जाएगी। साथ ही, नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत हो सकें।

सेवा सेतु अभियान के साथ जन-विश्वास अभियान को भी जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। अभियान में आवेदनों के निराकरण और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जायेगा।

–00–

छात्र गौरव विश्वकर्मा ने  फांसी लगा ली

शामगढ़ – वार्ड नंबर 8 मेकेनिक कालोनी में रहने वाले कक्षा 10 के छात्र गौरव विश्वकर्मा उम्र 15 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली मौके पर पहुंची है पुलिस द्वारा घटना की जानकारी लेकर जांच की जा रही है । शासकीय अस्पताल गुरुवार को होगा पोस्टमार्टम परिजनों की उपस्थिति होगा ‌।

–00–

महू-नीमच हाईवे पर बरखेड़ा पंथ के समीप सड़क हादसा, महिला गंभीर घायल

पिपलियामंडी: महू-नीमच हाईवे पर बरखेड़ा पंथ के समीप आज सुबह करीब 11:30 बजे सड़क हादसा हो गया। हादसे में ललिता पति मुकेश पाटीदार उम्र 53 वर्ष, निवासी पिपलोन (नीमच) गंभीर घायल हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ललिता अपने पति के साथ मोसारा के कपड़े लेने मंदसौर जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक आपस में टकरा गईं। इनमें से एक बाइक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जा टकराई, जिससे ललिता घायल हो गईं। घायल महिला को पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से नीमच रेफर किया गया।

–00–

बलात्कार, पॉक्सो एवं एससी-एसटी एक्ट के मामले में न्यायालय ने आरोपी को बरी किया

पिपलिया मंडी। विशेष न्यायाधीश पास्को एक्ट के न्यायालय ने पुलिस थाना पिपलियामंडी क्षेत्र के अपराध क्रमांक 120/2024 से जुड़े मामले में आरोपी शकील मेवाती को दोषमुक्त कर दिया है। एडवोकेट कृष्णकांत सेन ने बताया कि एक नाबालिग लड़की के पिता की रिपोर्ट पर पीपलिया मंडी पुलिस ने आरोपी शकील के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (IPC)की धारा 376(2)(N), 366, 506, 3(1)(w), 3(2) सहित एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va), 3(2)(v) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L) के तहत रिपोर्ट कराई थी। न्यायालय में गवाही के दौरान विरोधाभाष होने पर कोर्ट आरोपी को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया आरोपी शकील की ओर से सफल पैरवी *अधिवक्ता दिनेश प्रजापत, अधिवक्ता विपिन तिवारी एवं अधिवक्ता कृष्णकांत सेन (मल्हारगढ़)* द्वारा की गई।

मामले में कोर्ट ने 16 सितंबर 2026 को निर्णय सुनाते हुए आरोपी शकील मेवाती को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।

–00–

डीजे मध्य गति बेस में डीजे बजाने के निर्देश

गरोठ- नगर में डीजे के बेस से परेशान नागरिकों व डीजे संचालकों की थाना परिसर में बैठक आयोजित हुई । दोनों ने प्रशासन के सामने अपनी बातें रखी प्रशासन ने कोलाहल अधिनियम की विभिन्न धाराओं का हवाला देते हुए मध्य गति बेस में डीजे बजाने के निर्देश दिए।

–00–

तत्काल बंद होंगे अवैध अहाते, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

  • सागर की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी बर्दाश्त
  • अवैध शराब, ओवररेटिंग और प्रतिबंधित अहातों के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई
  • कार्रवाई सतत रहेगी जारी
  • प्रदेश के सभी आबकारी अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने आबकारी विभाग के संभागीय उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में तत्काल अवैध रूप से संचालित सभी अहाते बंद कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आबकारी नीति में अहातों को प्रतिबंधित किया गया है, इसके बावजूद यदि किसी जिले में दुकानों के आसपास बिना अनुमति मदिरा का सेवन कराया जा रहा है, तो संबंधित लाइसेंसधारियों के साथ संबद्ध अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सागर जिले की घटना अत्यंत दुःखद है और इसकी पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। दोबारा ऐसी घटना होने पर जिम्मेदारों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कियें जाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों और आबकारी अपराधों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में प्रमुख सचिव श्री अमित राठौर, आबकारी आयुक्त श्री दीपक सक्सेना एवं सभी संभागीय उपायुक्त उपस्थित थे। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि अधिकारियों को पदोन्नति के साथ बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अपेक्षा है कि सभी अधिकारी पूरी दक्षता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

अवैध शराब के उत्पादन से लेकर बिक्री तक पर करें सख्त निगरानी

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने अवैध मदिरा के उत्पादन, संग्रहण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश देते हुए कहा कि सभी उत्पादन इकाइयों पर विशेष निगरानी रखी जाए। आदतन आबकारी अपराधियों पर कड़ी नजर रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए जाएं। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा विभागीय सूचना तंत्र को मजबूत कर अधिक से अधिक सूचनाएं प्राप्त करने के निर्देश दिए।

ओवररेटिंग पर करें तत्काल कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने मदिरा दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा विक्रय यानी ओवररेटिंग को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों पर तत्काल जांच कर कार्रवाई करे। अवैध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए अविलंब टोल-फ्री नंबर जारी करने की कार्रवाई करें।

पवित्र नगरीय क्षेत्रों में शराब बिक्री पर रोक का कड़ाई से पालन करवायें

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने शासन द्वारा निर्धारित धार्मिक स्थलों एवं पवित्र नगरीय क्षेत्रों के आसपास मदिरा विक्रय पर रोक का कड़ाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने मंदसौर, जबलपुर और नर्मदापुरम सहित विभिन्न स्थानों से प्राप्त शिकायतों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों से संवाद और शिकायतों का त्वरित समाधान

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने सभी आबकारी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आबकारी अपराधों पर नियंत्रण, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

–00–

शामगढ़ पुलिस की कार्रवाई: पिकअप से 100 किलो डोडाचूरा जब्त, चालक फरार

शामगढ़। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले की शामगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से 100 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपये, जबकि पिकअप वाहन की कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को सउनि रूप सिंह झाला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक MP14 ZH 1413 से अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने हतई फंटे के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक पिकअप को वापस मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक ग्राम एरी के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकला।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर 5 कट्टों में कुल 100 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में थाना शामगढ़ पर धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पिकअप वाहन के स्वामी की पहचान विष्णु नाथ पिता गोवर्धन नाथ निवासी कुंडला खुर्द, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उनि मनोज महाजन, सउनि रूप सिंह झाला, आरक्षक विशाल सिंह सोलंकी, प्रेम कुमार रावत एवं धर्मेश बैरागी का सराहनीय योगदान रहा।

सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर बोतल गंज में नमो युवा शक्ति कार्यक्रम

मंदसौर 16 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को जिले के सीटीसी बोतल गंज में नमो युवा शक्ति कार्यक्रम आयोजित होगा जो प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रहेगा

उक्त कार्यक्रम में खेलकूद प्रतियोगिता सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सरकार एवं आत्मनिर्भर युवतियों का सम्मान प्रेरणादायक सत्र आदि आयोजन होंगे कार्यक्रम मध्य प्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन मंदसौर पंचायती ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजन किया जाएगा।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के 17 स्थानो पर विशेष दीप प्रज्जवलन

मंदसौर 16 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर शाम को आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चिन्हित 17 स्थानो पर विशेष रूप से दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे चिन्हित स्थानों में मंदसौर श्री पशुपतिनाथ लोक, सीतामऊ मोड़ीमाता मंदिर, दुधाखेड़ी माता मंदिर, भानपुरा एटलेन इंटरचेंज, गरोठ एटलेन इंटरचेंज, श्री धर्मराजेश्वर मंदिर चंदवासा, सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ साबाखेड़ा गुर्जर बढ़िया लदुना चिकित्सा महाविद्यालय मंदसौर तेलिया तालाब मंदसौर गांधी सागर पावर स्टेशन मल्हारगढ़ के श्री रामदेवरा मंदिर सीतामऊ के श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर बरडिया अमरा गरोठ उज्जैन फोरलेन तथा मंदसौर का सोधनी विजय स्तंभ शामिल है

–00–

28 को श्री आनंद साख सहकारी संस्था मर्यादित सीतामऊ कि साधारण सभा बैठक

सीतामऊ। श्री आनंद साख सहकारी संस्था मर्यादित सीतामऊ कि 10 वीं साधारण सभा वार्षिक बैठक का आयोजन 28 सितंबर 2026 सोमवार को शाम 03 बजे श्री हांडियां बाग हनुमान जी मंदिर परिसर में आयोजित होगी।

संस्था कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि बैठक में निम्न विषयों पर विचार किया जाएगा जिसमें संस्था कि विगत बैठकों का अवलोकन एवं कार्रवाई की पुष्टि, संस्था के वर्ष 2025-26 के वार्षिक पत्रकों का अवलोकन एवं अनुमोदन, संस्था के वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित बजट का अवलोकन एवं स्वीकृति, संस्था के वर्ष 2026- 27 के अंकेक्षण हेतु अंकेक्षक की नियुक्ति करने, संस्था के वार्षिक का योजना का अवलोकन एव पुष्टि, संस्था के वर्ष 2025 -26 के व्यय का अवलोकन एवं पुष्टि, संस्था के सदस्यों के कालातित ऋणों कि कार्रवाई, संस्था के लाभांश विभाजन वितरण, संस्था को प्राप्त अमानतों एवं ऋण नीति ब्याज तथा कर्मचारियों के मानदेय की समीक्षा पर, अन्य विषय अध्यक्ष महोदय की अनुमति पर बैठक में विचार के लिए रखे जाएंगे तथा समस्त सदस्य गणों से अनुरोध है कि 28 सितंबर को आयोजित बैठक में पधारने की कृपा करें। निर्धारित समय पर गण संख्या कोरम पूर्ति होती नहीं होने पर सभा 30 मिनट के लिए निरस्त की जाकर पुनः उसी स्थान पर सभा की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी जिसमें गण संख्या आवश्यक नहीं होगी।

–00–

सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने नोडल अधिकारी नियुक्त किये

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / आगामी 2017 सितंबर से प्रारंभ हो रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 के जिले में प्रभावी कल्याण में एवं नियमित पर्यवेक्षण के लिए कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी तथा उनके सहयोगी अधिकारी नियुक्त किए हैं।

जारी किए गए आदेश के अनुसार आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के लिए सभी अनुविभागी दंडाधिकारी नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। साथ में मुख्य कार्य पालन अधिकारी जनपद पंचायत मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा नगर परिषदों के अधिकारी सहयोगी अधिकारी के रूप में रहेंगे। इसी प्रकार श्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर प्रांगण तथा लोक में वृहद दीप प्रज्वलन के लिए एसडीएम मंदसौर श्री शुभम पाटीदार नोडल अधिकारी एवं प्रबंधक पशुपतिनाथ प्रबंध समिति श्री राहुल रुनवाल सहयोगी अधिकारी बनाए गए हैं। 25 करोड़ बच्चों के सपनों के भारत कार्यक्रम के लिए प्राचार्य पीएम एक्सीलेंस कॉलेज मंदसौर डॉ. जे. एस. दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री पंकज जाट तथा परियोजना समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान श्री अनिल पटेल नोडल अधिकारी बनाए गए हैं उनके सहयोगी अधिकारियों में संबंधित महाविद्यालयो के प्राचार्य जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी तथा खंड स्तरीय शिक्षा समन्वयक रहेंगे। नमो सेवा गाथा कार्यक्रम के लिए प्राचार्य शासकीय संगीत महाविद्यालय शिव श्री ऊषा अग्रवाल, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्रीमती तृप्ति बैरागी नोडल अधिकारी रहेगी उनके सहयोगी के रूप में उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती प्रीति संघवी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्रीमती अंगूर बाला भगोरा तथा सहायक संचालक अन्य पिछड़ा वर्ग श्रीमती अनुराधा सकरवार रहेगी। आंगन का उत्सव कार्यक्रम के लिए मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी श्री महेश द्विवेदी महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं उनके सहयोगी अधिकारी के रूप में सभी विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी तथा एकीकृत बाल परियोजना अधिकारी कार्य करेंगे।

कहानी बदलाव की कार्यक्रम के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री रोहित राणावत नोडल अधिकारी तथा सहयोगी के रूप में जिला जनसंपर्क अधिकारी शकील अहमद खान कार्य करेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लुएंस संपर्क कार्यक्रम के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री शुभम गुर्जर नोडल अधिकारी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री शकील अहमद खान सहयोगी रहेंगे।

इसी तरह सेवा ज्योति यात्रा के लिए सभी एसडीएम नोडल अधिकारी रहेंगे सहयोगी अधिकारी के रूप में जनपदों के सीईओ नगर पालिका अधिकारी जिला समन्वयक जन्मदिन परिषद जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत रहेंगे। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के लिए सभी एसडीएम नोडल अधिकारी तथा सभी विकासखंड अधिकारी सहयोगी रहेंगे। सेवा सेतु अभियान के लिए सभी एसडीएम नोडल अधिकारी तथा सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर पालिकाओं के अधिकारी सहयोगी अधिकारी रहेंगे। रंगोली राष्ट्र भारत मंडल कार्यक्रम के लिए महिला बाल विकास अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या नोडल अधिकारी तथा एकीकृत बाल परियोजना अधिकारी सहयोगी रहेंगे। जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट कार्यक्रम के लिए अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल नोडल अधिकारी तथा जिले के सभी एसडीएम जनपदों के सीईओ तथा नगर पालिका अधिकारी सहयोगी रहेंगे। वडनगर वाराणसी जल जन और सेवा संकल्प यात्रा कार्यक्रम के लिए जिले के सभी एसडीएम नोडल अधिकारी तथा जनपदों के मुख्य कार्य अधिकारी नगर पालिका अधिकारी एवं जिला समन्वयक जन अभियान परिषद सहयोगी अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। उक्त संपूर्ण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी श्री अनुकूल जैन रहेंगे सहायक नोडल अधिकारी के रूप में जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्रीमती प्रीति संघवी कार्य करेगी।

–00–

सेवा संकल्प अभियान

17 सितम्बर को दीप प्रज्ज्वलित और रक्तदान शिविरों में जनभागीदारी से करेंगे शंखनाद

  • सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक स्थलों पर 17 सितम्बर की सायं 7 बजे आयोजित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
  • श्री पशुपतिनाथ लोक 51 हजार से अधिक दीपकों से जगमगायेगा
  • प्रात: शिवना नदी के घाटों पर सफाई कार्य होगा
  • रक्तदान शिविरों से एनीमिया पीड़ित माताओं एवं गंभीर रोगियों को उपलब्ध कराया जाएगा जीवनदायी रक्त

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से अवसर पर सेवा से संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर रक्तदान शिविरों में जनभागीदारी के शंखनाद के साथ आयोजन किया जाएगा। कलेक्‍टर श्री दिव्‍यांक सिंह के निर्देशन में जिले में अभियान के सफल आयोजन की तैयारीयां पुर्ण कर ली गई है। 17 सितंबर शाम को मंदसौर पशुपतिनाथ लोक 51 हजार से अधिक दिपकों से जगमगाएगा। 17 सितंबर की सुबह शिवना नदी के घाटों की सफाई कार्य किया जाएगा जिसमें जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारी कर्मचारी नागरिक गण सम्मिलित होगे।

“आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में नगर निगमों के प्रति वार्डो में न्यूनतम 1000 दीपक, नगर पालिका परिषदों के प्रति वार्ड में न्यूनतम 500, नगर परिषदों में प्रति वार्ड में 250 दीपक एवं ग्राम पंचायतों की सांस्कृतिक धरोहरों और आइकॉनिक स्थलों पर सायं 7 बजे दीप प्रज्जवलित किए जाएँगे। इसके साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन कर एनीमिया से पीड़ित माताओं एवं गंभीर रोगियों को समयबद्ध रूप से रक्त प्रदाय किया जाएगा।

ऐतिहासिक एवं आइकॉनिक स्थलों पर होंगे दीप प्रज्ज्वलित

17 सितम्बर को सायं 7 बजे आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम प्रमुख, ऐतिहासिक एवं आइकॉनिक स्थलों पर भव्य स्वरूप में आयोजित किया जायेगा। सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया कि दीप प्रज्ज्वलित के लिए तेल, दीपक, मोमबत्तियां एवं प्रकाश व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर प्रमुख सार्वजनिक परिसरों को विशेष रोशनी से सजाया जाए और स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही बनेंगे उत्सव के सहभागी

अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना तथा लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को विशेष रूप से इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। लाभान्वित परिवारों के घरों और बस्तियों में दीप प्रज्ज्वलन को प्रोत्साहित कर शासन एवं समाज के मध्य अटूट सहभागिता का वातावरण निर्मित किया जाएगा।

–00–

जनसेवा के संकल्प से साकार विकास यात्रा के 25 वर्ष

सेवा संकल्प अभियान में शामिल होकर विकसित भारत की लक्ष्य यात्रा में बनें सहभागी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल सेवा-संकल्प की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सम्पूर्ण प्रदेश में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि आइए, हम सब इस महाअभियान में सम्मिलित होकर ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की यात्रा में सहभागी बनें।

–00–

मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी जाने वाली “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा”

प्रदेश के सभी 55 जिलों में 13 निर्धारित मार्गों से निकलेगी यात्रा

प्रत्येक टोली में शामिल होंगे 100 यात्री; सेवा कार्यों में सुनिश्चित होगी जन-सहभागिता

मंदसौर 16 सितंबर 2026 / समाज में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से उत्तरप्रदेश के वाराणसी के बीच 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा” निकाली जाएगी। जनसेवा और सामाजिक सरोकार को समर्पित यह यात्रा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों से होकर गुजरेगी। प्रदेशभर में यात्रा के संचालन के लिए 13 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लगभग तीन सप्ताह तक चलने वाले इस वृहद आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

आयोजन की रूपरेखा के अनुसार, यात्रा की प्रत्येक टोली में लगभग 100 यात्री सहभागिता करेंगे। यह टोलियां पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न नगरों, कस्बों और ग्रामों से होकर आगे बढ़ेंगी। किसी भी जिले में यात्रा के प्रवेश से लेकर प्रस्थान तक विविध सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, युवाओं, प्रबुद्धजनों और सामाजिक संस्थाओं को सीधे जोड़ा जाएगा।

यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर जन-सहभागिता आधारित सेवा कार्य, संवाद और जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा केवल एक मार्ग से गुजरने तक सीमित न रहकर स्थानीय स्तर पर लोगों को सेवा और परोपकार के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी। वडनगर से शुरू होकर वाराणसी तक और वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली यह यात्रा मध्यप्रदेश के सभी अंचलों को एक सूत्र में पिरोएगी। जन-भागीदारी और सेवा के संकल्प के साथ आयोजित हो रही यह यात्रा नागरिकों में सामाजिक उत्तरदायित्व और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।

–00–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}