रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल SRBKU ने महाप्रबंधक से सीसीटीवी व पेट्रोलिंग मजबूत करने की मांग की
रेलवे कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी, कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल SRBKU ने महाप्रबंधक से सीसीटीवी व पेट्रोलिंग मजबूत करने की मांग की
गोरखपुर, 17 सितंबर 2026
पूर्वोत्तर रेलवे की जटेपुर रेलवे कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े एक कर्मचारी के आवास में चोरी की घटना ने रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन (SRBKU) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक से सुरक्षा व्यवस्था तुरंत सुदृढ़ करने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर के कर्मचारी आशीष कुमार यादव के आवास संख्या 140-बी में लगभग 11:00 बजे से 12:30 बजे के बीच चोरी हुई। इस दौरान कर्मचारी विश्वकर्मा पूजा में शामिल होने गए थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चे की दवा लेने रेलवे अस्पताल गई थीं। चोर पीछे की चहारदीवारी कूदकर परिसर में घुसे, लोहे के दरवाजे को तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण तथा लगभग 15,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गए।SRBKU ने घटना को सुरक्षा व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि दिनदहाड़े कर्मचारी आवास में चोरी होना रेलवे कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत को रेखांकित करता है। यूनियन ने महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर से मांग की है कि रेलवे कॉलोनियों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और नियमित पेट्रोलिंग को मजबूत किया जाए। साथ ही चहारदीवारी और प्रवेश मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।यूनियन ने प्रशासन से इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।


