समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 28 जुलाई 2026 मंगलवार

////////////////////////////////////
स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रवेश का अंतिम अवसर, अंतिम तिथि 31 जुलाई
===========
फॉस्टर केयर हेतु इच्छुक एवं पात्र परिवार से आवेदन आमंत्रित
मंदसौर 27 जुलाई 2026 / महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या द्वारा बताया गया कि मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत ऐसे बच्चे जिन्हें पारिवारिक संरक्षण एवं स्नेहपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है, फॉस्टर केयर (Foster Care) के माध्यम से परिवार आधारित देखभाल उपलब्ध कराने हेतु,इच्छुक, संवेदनशील एवं पात्र परिवारों/व्यक्तियों (Fit Person/Foster Family) से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं, जो किसी बच्चे के सर्वांगीण विकास,शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अस्थायी रूप से पारिवारिक वातावरण प्रदान करने के इच्छुक हो।
फॉस्टर केयर के अंतर्गत बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेशानुसार चयनित बच्चों को पात्र फॉस्टर परिवार में रखा जाएगा। बच्चों के पालन-पोषण एवं देखभाल के लिए मिशन बात्सल्य योजना अंतर्गत प्रति बच्चा 4,000 प्रतिमाह की सहायता राशि बच्चे के आधार से लिंक DBT Enabled बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।
फॉस्टर केयर हेतु पात्र बच्चों की श्रेणी में अनाथ बच्चे, परित्यक्त बच्चे, सरेंडर किए गए बच्चे, बाल श्रम से मुक्त बच्चे, बाल विवाह से मुक्त बच्चे, घरेलू हिंसा अथवा शोषण से प्रभावित बच्चे, भिक्षावृत्ति से मुक्त बच्चे एवं अन्य ऐसे बच्चे जिन्हें सुरक्षित पारिवारिक वातावरण की आवश्यकता हो।
इच्छुक फॉस्टर परिवार हेतु आवश्यक योग्यताओं में परिवार में सुरक्षित एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण हो, बच्चे के पालन-पोषण एवं शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता हो, बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा निर्धारित मापदण्डों का पालन करने के लिए सहमत हो, आवश्यक दस्तावेज, होम स्टडी रिपोर्ट (HSR), पुलिस सत्यापन एवं अन्य निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
आवेदन करने के लिए इच्छुक परिवार अपने निकटतम परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), जिला मंदसौर में कार्यालयीन समय में संपर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें श्रीमती पूजा चौहान बाल संरक्षण अधिकारी (DCPU), जिला मंदसौर मो. 9165605346 या अपने निकटतम परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।
जनसामान्य से अपील की गई है कि यदि आपके आसपास कोई ऐसा बच्चा है जिसे परिवार की आवश्यकता है अथवा आप स्वयं किसी बच्चे के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहते हैं, तो फॉस्टर फेयर की पहल से जुड़ें। आपका एक निर्णय किसी बच्चे को सुरक्षित, नेहपूर्ण एवं सम्मानजनक भविष्य प्रदान कर सकता है।
=======
सावन मास में पशुपतिनाथ मंदिर पहुँच मार्ग पर चिकन-मटन, अंडों की दुकानें प्रतिबंधित हों
मंदसौर। सावन मास प्रारंभ होने वाला है। हजारों भक्तों का आवागमन, कांवड़ यात्राएँ, शाही सवारी, पालकी यात्रा के आयोजन और भक्तों का सैलाब उमड़ेगा तथा पशुपतिनाथ मंदिर पहुँच मार्ग पर ही कुकुरमुत्तों की तरह अंडों, चिकन-मटन की दुकानों का सरेआम संचालन हो रहा है, जिससे भक्तों में घृणा पैदा होती है और धार्मिक भावनाएँ आहत होती हैं।
यह बात एक वक्तव्य में समाजसेवी पार्षद सुनील बंसल ने कही है और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से माँग की है कि उक्त दुकानों को वहाँ प्रतिबंधित करें। श्री बंसल ने कहा कि भगवान पशुपतिनाथ की पवित्र नगरी की पवित्रता को बनाए रखें ताकि भावनाएँ आहत न हों।
श्री बंसल ने आगाह किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी स्पष्ट आदेश है कि पवित्र धर्मस्थलों के मार्ग पर नॉनवेज, अंडों आदि की दुकानें न हों। प्रशासन को मुख्यमंत्री के आदेशों का अक्षरशः पालन करना चाहिए।
========
पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंदसौर में कारगिल विजय दिवस पर परिचर्चा एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

========
पोलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रवेश हेतु संस्था स्तर पर काउंसलिंग (सीएलसी) काउंसलिंग प्रारंभ
इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपना केरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी 12 अगस्त तक पंजीयन कराए
मंदसौर 27 जुलाई 26 / शिवशंकर शर्मा शा. पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर प्राचार्य द्वारा बताया गया कि कार्यालय अध्यक्ष काउंसलिंग समिति, आयुक्त, तकनीकी शिक्षा संचालनालय भोपाल द्वारा शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर में त्रिवर्षिय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष में कांउसलिंग के केन्द्रीयकृत चरण उपरांत रिक्त रह गई सीटों के लिए प्रवेश संस्था स्तर की काउंसलिंग (सीएलसी) के माध्यम से प्रवेश आरंभ हो चुके है, 12 अगस्त 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपना केरियर बनाने के इच्छुक 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपना पंजीयन संस्था में उपस्थित होकर अथवा ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन करवा सकते है।
इस महाविद्यालय में 04 ब्रांच कमशः कम्प्युटर साईंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग संचालित है। विद्यार्थी मनचाही ब्रांच में पंजीयन के लिए 10वीं पास अंकसूची, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो कॉपी तथा अपना पासपोर्ट साईज का फोटो साथ लेकर आए। संस्था में प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए प्राचार्य प्रवेश शाखा प्रभारी श्री आकाश तिवारी मो.नं. 7987519842 और श्री पुलकित जोशी मो.नं. 9424033264 से संपर्क किया जा सकता है । संस्था में प्रवेशित पात्र विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार फीस में छुट और छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है।
==============
“नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 28 जुलाई को
मंदसौर 27 जुलाई 2026/ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिले के युवाओं के लिए विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है। जिला युवा अधिकारी सुश्री मुस्कान जैन के नेतृत्व में यह आयोजन 28 जुलाई 2026 को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा (व्यक्तिगत अथवा समूह) इसमें भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिताओं में लोकगीत (संगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद/एलोक्यूशन, शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री जैसी कुल 8 विधाओं को शामिल किया गया है। सभी प्रतियोगिताओं का विषय “नशा मुक्त भारत” रहेगा, जिसके माध्यम से युवा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे। प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी संबंधित प्रतियोगिता पर अप्लाई करना होगा । जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मंदसौर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
========
मंदसौर के बेटे कुनाल परमार ने रचा इतिहास ओर करा सेन समाज का नाम रोशन
मंदसौर। मिरेकल यूनिसेक्स पार्लर के संचालक श्री नरेंद्र परमार के सुपुत्र भाई कुनाल परमार ने इंदौर के फिनिक्स सिटाडेल में आयोजित देश की प्रतिष्ठित “नेशनल आर्टिस्ट चैंपियनशिप 2026” की लेडिस हेयरकट एवं हेयर कलर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विनर का खिताब जीता है।भाई कुनाल ने अपनी अद्भुत कला से पूरे देश में मंदसौर जिले और सेन समाज का नाम गौरवान्वित किया है, यह हम सभी के लिए बड़े गर्व की बात है। मंदसौर आगमन के अवसर पर जिला सेन समाज एवं नगर सेन समाज द्वारा पुष्प-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर जिला सेन समाज युवा कार्यकारी अध्यक्ष दयाराम चौहान, जिला सचिव राहुल चौहान, तहसील अध्यक्ष कन्हैयालाल परमार, तहसील कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश गेहलोद, पुर्व जिला अध्यक्ष जितेन्द्र गेहलोद, जिला सेन समाज उपाध्यक्ष राजेंद्र तोमर, रामचंद्र परिहार, किशोर परमार, बालमुकुंद परमार किशोर खटवड़ ओम प्रकाश चौहान, श्याम गेहलोद, राधेश्याम परमार, रमेश राठौर, डॉ. अशोक राठौर, ब्रजेश टांकवाल, दिनेश नाई, राजेश चौहान, नीरज सेन, गोविंद परमार, चेतन चौहान, विजयेन्द्र गेहलोद, विजय परमार, कुलदीप सेन, दिलीप खींची, सुनिल खींची, विनोद सेन एवं सैकड़ों समाजजनों ने स्वागत किया ।
=========
ई-प्रवेश से 4 लाख 89 हजार विद्यार्थियों को मिला घर बैठे प्रवेश
मोबाइल एप, 24×7 कॉल सेंटर और सीएलसी की त्वरित सुविधा से बना रिकॉर्ड
मंदसौर 27 जुलाई 2026 / मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की विद्यार्थी-केंद्रित ई-प्रवेश (ePravesh) प्रणाली ने उच्च शिक्षा में प्रवेश का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग द्वारा प्रवेश प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी और सरल बनाने के लिए किए गए नवाचारों का सकारात्मक परिणाम इस वर्ष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। 24 जुलाई 2026 तक प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में 4,89,169 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है, जो पिछले चार वर्षों में समान अवधि का सर्वाधिक आंकड़ा है।
चार वर्षों में सर्वाधिक प्रवेश, लगातार बढ़ रहा उच्च शिक्षा का दायरा
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में समान अवधि तक 3,21,154, वर्ष 2024-25 में 3,25,095, वर्ष 2025-26 में 4,15,655 तथा वर्ष 2026-27 में 4,89,169 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया।
इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 73,514 तथा वर्ष 2023-24 की तुलना में 1,68,015 अधिक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा से जुड़कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह वृद्धि प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यार्थी-अनुकूल नीतियों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
विद्यार्थी-केंद्रित डिजिटल प्रवेश प्रणाली बनी सफलता की आधारशिला
प्रवेश में इस उल्लेखनीय वृद्धि का सबसे बड़ा कारण विभाग द्वारा विकसित ई-प्रवेश पोर्टल एवं मोबाइल एप है। अब विद्यार्थी घर बैठे ही पंजीयन, दस्तावेज अपलोड, ऑनलाइन सत्यापन, महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम का चयन, शुल्क भुगतान तथा प्रवेश की संपूर्ण प्रक्रिया सहजता से पूरी कर रहे हैं।
इस डिजिटल व्यवस्था से विद्यार्थियों और अभिभावकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है तथा पूरी प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल, पारदर्शी, समयबद्ध और सुविधाजनक बनी है।
24×7 कॉल सेंटर और सीएलसी की त्वरित सुविधा से मिला बड़ा लाभ
प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाने के लिए विभाग ने प्रदेशभर के महाविद्यालयों में हेल्प सेंटर, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु 24×7 कॉल सेंटर, जिला एवं संभाग स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रभावी तकनीकी सहायता की व्यवस्था की है।
विशेष रूप से कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) चरण को पूरी तरह विद्यार्थी-केंद्रित बनाया गया है। विद्यार्थियों को उसी दिन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके कारण अंतिम चरण में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपनी पसंद के महाविद्यालयों में तत्काल प्रवेश प्राप्त कर रहे हैं।
7 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीयन
वर्तमान शैक्षणिक सत्र में अब तक 7,18,386 विद्यार्थियों ने ई-प्रवेश पोर्टल पर पंजीयन कराया है। इनमें से 6,31,854 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है तथा 4,89,169 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त कर लिया है।
प्रवेशित विद्यार्थियों में—
3,38,148 स्नातक (UG),
1,04,455 स्नातकोत्तर (PG) तथा
46,566 एनसीटीई पाठ्यक्रमों में अध्ययन हेतु प्रवेशित हुए हैं।
अंतिम चरण में ‘प्रवेश मेला’ अभियान से मिली नई गति
अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) राउंड के दौरान उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के शासकीय, अशासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में “प्रवेश मेला” अभियान संचालित किया। इसका उद्देश्य रिक्त सीटों पर अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाना था।
प्रवेश मेले के दौरान विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर पंजीयन, चॉइस फिलिंग एवं संशोधन, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन संबंधी मार्गदर्शन तथा शुल्क भुगतान सहित प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। महाविद्यालयों में स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उसी दिन अपना प्रवेश सुनिश्चित किया।
इसके अतिरिक्त जिन विद्यार्थियों ने पंजीयन या दस्तावेज सत्यापन के बाद भी शुल्क जमा नहीं किया था, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। जिन पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटें अधिक थीं, वहां विशेष परामर्श अभियान चलाकर विद्यार्थियों को विषय चयन एवं चॉइस संशोधन में सहायता प्रदान की गई।
31 जुलाई तक प्रवेश का अवसर, किसी भी विद्यार्थी को वंचित नहीं रहने देने का लक्ष्य
सीएलसी चरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि अंतिम चरण में भी हेल्प सेंटर पूरी सक्रियता से संचालित रहें तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे 31 जुलाई से पूर्व अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लें। विभाग का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी विद्यार्थी जानकारी के अभाव, तकनीकी कठिनाई या प्रक्रिया संबंधी समस्या के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
==============



