नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 28 जुलाई 2026 मंगलवार

//////////////////////////////////////////////

आरोग्य भारती की स्वस्थ ग्राम योजना कार्यशाला आयोजित


नीमच -आरोग्य भारती जिला नीमच के तत्वाधान में ग्राम थड़ोली में आरोग्य भारती के स्वस्थ ग्राम योजना हेतु चयन कर कार्यशाला का आयोजन हुआ जिसमें आरोग्य भारती के अखिल भारतीय स्वस्थ ग्राम योजना प्रमुख एवं मध्य क्षेत्र संयोजक श्री भोलनाथ जी ने ग्राम थड़ोली को स्वस्थ ग्राम योजना प्रकल्प के रूप में विकसित करने हेतु पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उक्त प्रशिक्षण में गाँव को स्वस्थ ग्राम बनने हेतु विविध आयामों स्वच्छता, पर्यावरण, नशा मुक्ति, स्वदेशी, प्राथमिक उपचार , योग, औषधीय पौधारोपण, घरेलू उपचार, विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि के सतत संचालन कर गाँव को पूर्णतः स्वस्थ बनाने हेतु विविध तकनीकों को समझाया। उन्होंने बालाजी धाम समिति द्वारा ग्राम विकास हेतु किए कार्यों की सराहना की तथा गाँव के सभी नागरिकों से इस उद्देश्य की पूर्णता हेतु अपील की। उक्त अवसर पर आरोग्य भारती मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ विष्णुसेन कछावा ने आरोग्य भारती के महत्व को समझाया तथा आरोग्य भारती नीमच जिला अध्यक्ष श्री अजय भटनागर ने आरोग्य भारती तथा ग्रामीणों के सहयोग से स्वस्थ ग्राम बनने हेतु प्रेरित किया। बालाजी धाम समिति सचिव श्री लोकेश कारपेंटर ने पीपीटी के माध्यम से समिति तथा ग्रामीणों द्वारा किए जन सहयोगी कार्यों की विवेचना की। कार्यक्रम का संचालन स्वस्थ ग्राम जिला प्रमुख श्री राजमल व्यास ने किया तथा आभार ग्राम सचिव श्री राजमल कछावा ने माना।

उक्त अवसर पर जनपद अध्यक्षा श्रीमती शारदा बाई मदनलाल धनगर, सरपंच श्री गोपाल मीणा, मालवा प्रांत सह सचिव डॉ आशीष जोशी, जिला सचिव प्रो. आशीष कुमार सोनी, नीमच नगर अध्यक्ष श्री पारस जैन, उपाध्यक्ष श्रीमती मीना जायसवाल, सह सचिव श्री नकुल जैन, श्रीमती निकिता सिंहल, श्रीमती टीना गर्ग गेहलोत, श्री अनिल मालवीय, श्री आशीष शर्मा, बालाजी धाम समिति सदस्य, आरोग्य भारती सदस्य तथा 150 से अधिक संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। औषधि पौधा प्रदर्शनी भी लगाई गई तथा औषधि पौधारोपण किया गया। कार्यशाला का समापन स्नेह भोज से हुआ।

========

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई

नीमच, 27 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है। ऐसे में किसान अपनी फसलों का बीमा निर्धारित तिथि से पूर्व कराना सुनिश्चित करें।

जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री नगीन सिंह रावत ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराएं। इससे प्राकृतिक आपदा अथवा प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण फसल क्षति होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।

उप संचालक श्री रावत ने किसानों से आग्रह किया है कि वे 31 जुलाई 2026 से पूर्व अपनी फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से करा लें। फसल बीमा से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए किसान अपने निकटतम बैंक शाखा, संबंधित कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों अथवा अधिकृत बीमा कंपनी से संपर्क कर सकते हैं।

==========

सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर आरटीसी नीमच में बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

रंगों से देशभक्ति, पौधों से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नीमच, 27 जुलाई 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 88वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आरसीडब्लूए आरटीसी नीमच द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं बच्चों में रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा “कलर ऑफ करेज” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में आरटीसी परिसर के बच्चों के साथ-साथ नीमच जिले के विभिन्न विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से साहस, देशभक्ति, प्रकृति संरक्षण एवं सामाजिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई। प्रथम स्थान पर धानशिका (कक्षा 4, के.वी. स्कूल नीमच), दिव्यांश हरित (कक्षा 7, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) एवं जयाज पंत (कक्षा 9, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) रहे। द्वितीय स्थान रुहान (कक्षा 4, के.वी. क्रमांक-1 नीमच), फाल्गुनी विशुआ (कक्षा 7, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) एवं निदा (कक्षा 12, संदीपनी शासकीय विद्यालय) ने प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान प्रानवी हाड़ा (कक्षा 4, के.वी.एस. क्रमांक-1), अनुष्का कनोवर (कक्षा 8, लिटिल फ्लॉवर स्कूल) एवं गीत नाथवानी (कक्षा 9, कार्मेल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल) को मिला। संतोषजनक प्रदर्शन के लिए वैष्णवी जैन (कक्षा 11, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच) को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आरसीडब्ल्यूए, आरटीसी नीमच की अध्यक्ष श्रीमती अनीता सिंह ने सभी परिवारजनों को सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता एवं रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत “हरित भारत” की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से आरटीसी परिसर में सैकड़ों पौधों का रोपण भी किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं परिवारजनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में श्रीमती ऋतु यादव, श्रीमती कर्मजीत, श्रीमती पिंकी, श्रीमती वर्षा सहित आरसीडब्ल्यूए के समस्त पदाधिकारी, परिवारजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रभावी संदेश दिया।

============

जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आईटीआई में महिला प्रवेश बढ़ाने पर जोर

नीमच, 27 जुलाई 2026। जिला कौशल विकास समिति की बैठक सोमवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में महिला प्रवेश बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत जिले में अधिकाधिक युवाओं का पंजीयन एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान जावद, मनासा एवं रामपुरा आईटीआई द्वारा योजना के निर्धारित लक्ष्य पूर्ण नहीं किए जाने पर संबंधित प्राचार्यों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शासकीय आईटीआई में छात्राओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। कहा गया कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति छात्राओं को प्रेरित करने के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं आईटीआई में प्रवेश लेकर रोजगारपरक कौशल प्राप्त कर सकें।

बैठक में समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया तथा कौशल विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए।

========

आयुष विभाग के निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों में 77 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

नीमच, 27 जुलाई 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत जिले में संचालित शासकीय आयुर्वेदिक औषधालयों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित कर आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी एवं शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय अलोरी गरवाड़ा द्वारा अलग-अलग ग्रामों में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें कुल 77 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 में आयोजित शिविर में त्वचा रोग, उदर रोग, नेत्र रोग, श्वास-कास, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, विबंध, स्त्री रोग, संधिवात, चर्म रोग तथा नाक-कान-गला संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार कर मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही आंगनवाड़ी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। शिविर में 36 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

इसी प्रकार शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय अलोरी गरवाड़ा द्वारा ग्राम बल्दरखा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास-कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त एवं प्रमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। शिविर में बीपी की निःशुल्क जांच भी की गई तथा 41 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

दोनों शिविरों में मौसमी बीमारियों से बचाव, नशा मुक्ति, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, संतुलित पोषण, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ जीवनशैली एवं दिनचर्या अपनाने के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया।

शिविरों में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान एवं डॉ. धीरज डावर, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, भगवान दास बैरागी, भगत राम, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए शिविरों के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।

=========

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में सिलाई एवं बकरी पालन के नि:शुल्क प्रशिक्षण हेतु पंजीयन प्रारंभ

नीमच, 27 जुलाई 2026। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्थान में महिलाओं के लिए 6 अगस्त 2026 से 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण तथा 4 अगस्त 2026 से 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुके हैं।

प्रशिक्षण का लाभ केवल नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों एवं महिलाओं को मिलेगा। प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9111053516 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन एवं नाश्ते की नि:शुल्क व्यवस्था संस्थान द्वारा की जाएगी। साथ ही स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों के ऋण आवेदन पत्र भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरवाए जाएंगे, ताकि उन्हें वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा हो सके।

प्रशिक्षण के दौरान पशु चिकित्सा, कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों के अनुभवी वैज्ञानिक एवं अधिकारी प्रतिदिन विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण देंगे। साथ ही संबंधित विभागों की ऋण योजनाओं, शासकीय सहायता कार्यक्रमों एवं स्वरोजगार से जुड़ी अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त बैंकिंग सेवाओं, ऋण प्रक्रिया एवं वित्तीय संबंधी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया जाएगा।

========

सर्पदंश से मृत व्यक्ति के आश्रित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

नीमच, 27 जुलाई 2026। राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग-6(4) के प्रावधानों के तहत सर्पदंश से मृत व्यक्ति के आश्रित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), उपखंड मनासा सुश्री किरण आंजना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तहसील रामपुरा के ग्राम रामपुरा निवासी अली हुसैन पिता इरफान हुसैन की 21 मई 2026 को जहरीले सर्प के काटने से मृत्यु हो गई थी।

प्रकरण में तहसीलदार रामपुरा द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन, पंचनामा, पटवारी प्रतिवेदन, पुलिस रिपोर्ट, स्वतंत्र साक्षियों के कथन एवं अन्य संबंधित अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत यह प्रमाणित होने पर कि मृत्यु सर्पदंश के कारण हुई है, मृतक के निकटतम वारिस एवं पिता इरफान हुसैन के पक्ष में 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

एसडीएम सुश्री किरण आंजना ने तहसीलदार रामपुरा को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान नियमानुसार हितग्राही के आधार से लिंक बैंक खाते में शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।

=================

देश की वर्तमान स्थिति पर गूँजे कवियों के आक्रोश व नसीहत के स्वर
कृति संस्था की जिला स्तरीय कवि गोष्ठी सम्पन्न

नीमच | नीमच की प्रमुख साहित्यिक संस्था कृति की पावस कवि गोष्ठी का प्रारम्भ गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे पारस जैन,अध्यक्ष आरोग्य भारती नीमच और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुलोचना जैन द्वारा सरस्वतीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ | पारस जी का स्वागत और उपस्थित कवियों तथा श्रोताओं का शब्दों से अभिन्दन संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने किया |

कवि गोष्ठी का केन्द्रीय स्वर था देश की वर्तमान स्थिति और वर्षा ऋतु | बरसात और उससे जुड़े प्रेम गीत हमारे साहित्य साधकों और फिल्मों का हमेशा से प्रिय विषय रहे हैं इनसे यह कवि गोष्ठी भी अछूती कैसे रहती |

गोष्ठी का प्रारम्भ करते हुए सत्येन्द्र सक्सेना ने अपनी कविता के माध्यम से रिमी झिम बरसात और उसमें प्रेयसी की मन:स्थिति का सुंदर शब्द चित्र प्रस्तुत किया | साथ ही कारगिल विजय दिवस के संदर्भ में कारगिल में हमारी सेना के शौर्य प्रदर्शन को याद किया |

मनासा के श्याम चौहान ने बीते समय को याद करते हुए कहा कि समय महाबली है जो असम्भव दिखने वाले काम भी करवा लेता है |

शिक्षक कवि राधेश्याम शर्मा ने अपनी कविता में कलम और सत्ता के बीच जारी सनातन संघर्ष पर अपनी बात रखते हुए कहा कि कलम सत्ता का जयघोष तभी करती है जब वह जन-जन के प्रति समर्पित हो |

श्रीमती रेणुका व्यास ने नेताओं को पद मिल जाने पर उनके बदले हुए व्यवहार पर सुंदर व्यंग किया अपनी कविता के माध्यम से |

किशोर जेवरिया ने भी सत्ता के लिए आस्था बदलते नेताओं की खबर ली अपनी कविता में | अपनी दूसरी रचना में किशोर जी ने वर्षा के मौसम में प्रकृति में बिखरे रंगों और मोर की गूँजती आवाज की तुलना प्रेमिका से की |

मनासा के नाटककार और कवि विजय बैरागी ने कविता लिखने को सबसे मुश्किल साहित्यिक कार्य बताते हुए व्यवस्था में बैठे लोगों द्वारा धमकी और प्रलोभन मिश्रित कार्यों को अपनी कविता का विषय बनाया| और जीवन के हर क्षेत्र में परीक्षा की कठिनता , उससे उत्पन्न प्रतिस्पर्धा और हीनता बोध पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि परीक्षा ही आजकल शिक्षक की योग्यता और विद्यार्थी के अध्ययन का पैमाना बन गयी है |

नीमच के स्थापित गीतकार धर्मेन्द्र शर्मा ने अपनी कविता में भरे हुए जख्मों और उनके छूटे हुए निशान तथा बढती उम्र के साथ पीछे छूटे यौवन के पद चिन्हों को अपने गीत में उकेरा | इसके बाद उन्होंने जीवन के सफर में अपने भूतकाल और उनमें पीछे छूटे रिश्तों को कविता के माध्यम से याद करते हुए इस शाश्वत सत्य को रेखांकित किया कि जो वक्त बीत गया वह कभी लौट कर नही आता |

दर्शन शास्त्र के प्राध्यापक और कवि निरंजन गुप्त राही ने अपने विद्रोही स्वर को बरकरार रखते हुए अपनी गजल प्रस्तुत की | उन्होंने जिन्दगी , आरजू और खुशहाल दुनिया के बीच जिन्दगी की दबी हुआ आवाज को अपना स्वर दिया |

कवि गोष्ठी का संचालन कर रही सविता चौधरी ने कवियों को आमंत्रित करते हुए अपनी छोटी-छोटी कविता की पंक्तियों के माध्यम से कवि गोष्ठी के वातावरण को सुरमय व सरस बनाए रखकर सूत्रधार की भूमिका का सफल निर्वहन किया |

गोष्ठी का समापन अध्यक्षता कर रहे पारस जैन की कविता से हुआ | उन्होंने देश प्रगति को रेखांकित हुए युवा पीढी को आगाह किया वह हर आन्दोलन या विरोध प्रदर्शन में अपनी भूमिका निभाने से पहले आन्दोलन कर्ताओं के उद्देश्य और उनकी पृष्ठभूमि को समझकर ही कोई फैसला करे कि उसे लाभ होगा या हानि |
कवि गोष्ठी के अंत में पारस जी जैन,श्रीमती सुलोचना जैन ,संस्थाध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ,सचिव रघुनंदन पाराशर और वरिष्ठ कवि निरंजन गुप्त राही ने कृति संस्था के सदस्यों की विवरणिका का लोकार्पण किया | संस्था के सचिव रघुनंदन पाराशर ने उपस्थित कवियों और सुधि श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया | कवि गोष्ठी में नरेन्द्र पोरवाल ,सत्येन्द्र राठौर , प्रकाश भट्ट , शरद पाटीदार ,मुकेश कासलीवाल, राजेश जायसवाल, नीरज पोरवाल, कमलेश जायसवाल, दर्शनसिंह गांधी , भरत जाजू , श्याम टांकवाल, जीवन कौशिक, गणेश खंडेलवाल, जगमोहन कटारिया , उमरावसिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में सुधि श्रोता उपस्थित थे |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}