मां बगलामुखी मंदिर की दान व्यवस्था सहित विभिन्न आरोपों की होगी जांच, कलेक्टर ने गठित की समिति, सात दिन में देगी रिपोर्ट

मां बगलामुखी मंदिर की दान व्यवस्था सहित विभिन्न आरोपों की होगी जांच, कलेक्टर ने गठित की समिति, सात दिन में देगी रिपोर्ट
आगर मालवा | संवाददाता
मां बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा से संबंधित एक गैर शासकीय समिति पर लगाए गए आरोपों एवं प्राप्त शिकायतों के मद्देनज़र कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने त्रि-सदस्यीय संयुक्त जांच समिति का गठन किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री बी.एस. सोलंकी को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में जिला कोषालय अधिकारी श्री मनीष सोलंकी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नलखेड़ा सुश्री मिनी अग्रवाल को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार समिति सात दिवस के भीतर मां बगलामुखी मंदिर परिसर का निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान दान संग्रहण व्यवस्था, नगद, स्वर्ण एवं रजत के लेखा-जोखा सहित शिकायतों में लगाए गए अन्य आरोपों की विस्तृत जांच की जाएगी।
समिति को निर्देशित किया गया है कि वह अपने निष्कर्ष एवं सुझावों सहित जांच प्रतिवेदन सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख बिंदु-
– शिकायतों के आधार पर जांच समिति का गठन।
– जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी होंगे समिति के अध्यक्ष।
– दान व्यवस्था, नगद, स्वर्ण-रजत एवं अन्य आरोपों की होगी जांच।
– सात दिन में कलेक्टर को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट।


