सीतामऊ बस स्टैंड स्थित उदिया किराना दुकान में भीषण आग, आसपास की दुकानों का सामान खाली कराया

देर रात मची अफरा-तफरी, कई टैंकरों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने के प्रयास जारी
सीतामऊ। मंदसौर जिले में भीषण गर्मी के बीच रविवार देर रात सीतामऊ बस स्टैंड स्थित उदिया सैठ की किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रहवासी तत्काल मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही सीतामऊ पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार आग अज्ञात कारणों से लगी बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा सामान जलने लगा। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास की दुकानों का सामान भी तत्काल खाली कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए करीब 6 निजी पानी के टैंकर मौके पर लगाए गए हैं। वहीं सीतामऊ के अलावा सुवासरा से भी फायर ब्रिगेड वाहन को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
एहतियात के तौर पर क्षेत्र की विद्युत सप्लाई भी बंद कर दी गई ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। मौके पर पुलिस बल तैनात है और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी अभी नहीं हो सका है। देर रात तक आग बुझाने का कार्य जारी रहा।
करीब 6 पानी के निजी टैंकरों से आग बुझाने के प्रयास
सीतामऊ बस स्टैंड पर उदिया सेठ की किराना दुकान में आग लगी, नजदीक की दुकानों का भी सामान खाली करवाया गया, मौके पर करीब 6 पानी के निजी टैंकरों से आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे है एहतियातन विद्युत सप्लाई बंद की गई है।
आग पर काबू पाया गया
कंबल ओढ़कर टैंकर की मदद से आग बुझाने में जुटे सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति और पुलिसकर्मी , संकट की इस घड़ी में सीतामऊ पुलिस ने साहस और सेवा की मिसाल पेश की।फायर ब्रिगेड नहीं होने पर नागरिकों में आक्रोश
सीतामऊ व्यापारी वर्ग व्यापारियों द्वारा सीतामऊ बंद का आह्वान किया गया है जब तक सीतामऊ नगर पालिका फायर ब्रिगेड उपलब्ध नहीं कराती है।



