समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 11 मई 2026 सोमवार

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई, विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए बिना लाइसेंस संचालित दो फर्मों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
रतलाम : रविवार, मई 10, 2026

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग रतलाम द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा द्वारा ताल एवं आलोट क्षेत्र में निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्यवाही के दौरान ताल स्थित फर्म विनयकुमार कैलाशचंद्र से हॉर्लिक्स पाउडर का नमूना लिया गया। इसके बाद ग्राम बामनखेड़ी स्थित श्री कृष्णा दूध संग्रहण केन्द्र से गाय के दूध का नमूना संग्रहित किया गया।
आलोट क्षेत्र में स्थित बजरंग आइसक्रीम एवं श्री देवनारायण आइसक्रीम के निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बजरंग आइसक्रीम से कुल्फी तथा श्री देवनारायण आइसक्रीम से गुलाब सिरप एवं शक्कर घोल के नमूने लिए गए। वहीं संजय चौक आलोट स्थित रचित किराना से बादाम, वनस्पति एवं रसोई रीत सोयाबीन तेल के नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बजरंग आइसक्रीम एवं रचित किराना दोनों फर्म बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही थीं। इस पर दोनों के विरुद्ध बिना लाइसेंस संचालन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
==========
जैविक हाट बाजार में 30300 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय
रतलाम : रविवार, मई 10, 2026, 20:51 IST

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 8 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।
धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल एवं मूंगफली का 12000 रुपये का विक्रय किया गया। श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध 800 रुपये का, श्री तेजराम सांखला द्वारा हरी सब्जियां 1800 रुपये का, श्री नरसिंह कालजी सैलाना द्वारा हरी सब्जी 1500 रुपये का, श्री दिलीप पाटीदार (करिया) द्वारा देसी घी 10000 रुपये का, श्री बालकृष्ण तिवारी द्वारा गेहूं 1200 रुपए का, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 2820 रुपये का एवं श्री टीकमचंद जोगचंद नामली द्वारा जैविक उत्पाद विक्रय किए गए।
जैविक हाट बाजार में कुल 30300 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।
============



