नीमचमध्यप्रदेश
गायत्री परिवार मनासा का पांच दिवसीय कन्या कौशल शिविर संपन्न, पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन
10 गांवों की 54 कन्याओं ने लिया प्रशिक्षण — गायत्री साधना से व्यक्तित्व विकास तक हुए सत्र, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित

मनासा
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा नारी जागरण अभियान के अंतर्गत 5 मई से 10 मई तक गायत्री शक्तिपीठ मनासा पर पांच दिवसीय आवासीय कन्या कौशल शिविर आयोजित किया गया।
नीमच जिला संयोजक गिरिराज सिंह चौहान ने बताया कि सुश्री निशा धनोतिया एवं श्री पवन गुप्ता की टोली द्वारा संचालित शिविर में मनासा तहसील के 10 गांवों की 54 कन्याओं ने भाग लिया। विषय विशेषज्ञों द्वारा कन्याओं को गायत्री साधना, यज्ञ, व्यक्तित्व विकास, योग-व्यायाम, संगीत, भारतीय संस्कार-संस्कृति एवं विद्यार्थी जीवन की दिशाधारा का प्रशिक्षण दिया गया।

*सम्मान समारोह में दिया प्रेरक संदेश*
रविवार को शिविर के समापन पर आयोजित सम्मान समारोह में मनासा जनपद उपाध्यक्ष श्री मोहन गुर्जर, वरिष्ठ समाजसेवी श्री सुरेश धनगर, शिक्षाविद प्राचार्य श्री हेमंत श्रीवास्तव, गायत्री परिवार उज्जैन उपजोनल समिति सदस्य श्री ईश्वरलाल फरक्या व श्री रामप्रताप पाटीदार तथा मंदसौर जिला समन्वयक श्री जसवंत सिंह राठौर ने प्रतिभागियों को प्रेरक संदेश दिया।
शिविर के दौरान आयोजित लिखित परीक्षा में प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाली कन्याओं को विशेष पुरस्कार दिए गए। सभी 54 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*समर्पित परिजनों का हुआ सम्मान*
गायत्री परिवार ट्रस्ट मनासा के मुख्य ट्रस्टी श्री महेश धनोतिया एवं मनासा तहसील संयोजक श्री बंशीलाल कछावा द्वारा शिविर में समयदान एवं सहयोग देने वाले परिजनों और अभिभावकों का तिलक एवं पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में प्रतिभागी कन्याओं ने अपनी अनुभूतियां साझा कीं। महिला प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती श्यामा कछावा एवं श्रीमती स्नेहलता मूंदड़ा ने भी अपने विचार रखे।

*गांवों में मंडल गठन का आव्हान*
समस्त शिविरार्थी बहनों को अपने-अपने ग्राम में मंडल गठन के पत्रक वितरित किए गए। उनके माध्यम से साप्ताहिक समूह साधना करने एवं गायत्री परिवार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आव्हान किया गया।
इस अवसर पर शिविरार्थी बहनें, अभिभावकगण एवं मनासा तहसील की सक्रिय शाखाओं के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समापन समारोह का संचालन जिला समन्वयक श्री गिरिराज सिंह चौहान ने किया एवं आभार तहसील संयोजक श्री बंशीलाल काछवा ने व्यक्त किया



