अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई नाली से हटाए गए पिलर
गोरखपुर पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 पंडित दीनदयाल नगर तिघरा में गाटा संख्या 728 पर स्थित नाले पर अवैध रूप से बनाए गए पिलर को प्रशासन के द्वारा हटाया गया। स्थानीय नागरिकों की लिखित शिकायत के आधार पर उप जिलाधिकारी कैंपियरगंज ने राजस्व लेखपाल दिवाकर वर्मा को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।लेखपाल दिवाकर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई की और शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी। इस दौरान वार्ड नंबर 4 के सभासद राघवेंद्र सिंह मंटू, कुलदीप सिंह, दुर्गेश साहनी,दीपक सिंह, पूर्व प्रधान प्रहलाद गुप्ता सहित कई नगरवासी मौजूद रहे।
पीपीगंज में मंगलवार को निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन गोरखपुर पीपीगंज हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान, गीता वाटिका द्वारा मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 3 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीपीगंज के परिसर में निःशुल्क कैंसर की प्राथमिक जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।शिविर में कैंसर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र बिरबिया कैंसर के विषय पर जांच, प्रशिक्षण एवं इलाज संबंधी विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही रोगियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।यह शिविर पीपीगंज, तिघरा, पचगवां, कानपार, नगरा, रानादीह, सिसई घाट, भरोहिया, रघुनाथपुर, मंगलपुर, साहबगंज, सरहरी, लक्ष्मीपुर, सियारामपुर, टिकरिया, करतहरी व आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। शिविर का उद्देश्य कैंसर की शुरुआती पहचान व लोगों में जागरूकता फैलाना है, जिससे रोग की रोकथाम एवं समय पर उपचार संभव हो सके।अस्पताल प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए शिविर में उपस्थित हों और निःशुल्क परामर्श, जांच का लाभ उठाएं।