मंदसौरमध्यप्रदेश

डीआईजी निमिष अग्रवाल का सख्त रुख: फरार इनामी वारंटियों और सिंथेटिक ड्रग्स पर शिकंजा कसने के निर्देश

एनडीपएस कार्रवाई पर नई आबादी और सीतामऊ पुलिस की खुलकर की तारीफ

10-12 साल पुराने लंबित मामलों पर कोतवाली पुलिस से नाराज हुए डीआईजी, कार्यप्रणाली में सुधार की सख्त हिदायत

मंदसौर। रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मंदसौर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक लेकर अपराधों, लंबित प्रकरणों और पुलिस कार्रवाई की घंटों तक क्रमवार समीक्षा की।

बैठक के दौरान डीआईजी अग्रवाल ने फरार इनामी वारंटियों की धरपकड़, मादक पदार्थ तस्करी, सिंथेटिक ड्रग्स, वाहन चोरी, नकबजनी और लूट जैसे अपराधों को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए नई आबादी थाना और सीतामऊ थाना पुलिस की विशेष रूप से सराहना की।

करीब 350 आरोपी फरार, अभियान चलाकर धरपकड़ के निर्देश

अपराध समीक्षा के दौरान जिले में फरार आरोपियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सामने आया कि जिले में करीब 350 आरोपी फरार हैं, जिनमें इनामी वारंटी भी शामिल हैं। डीआईजी निमिष अग्रवाल ने इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान के रूप में कार्रवाई करने और अभियान चलाकर फरार आरोपियों की धरपकड़ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फरार आरोपियों और इनामी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी वर्तमान गतिविधियों, संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाए।

वाहन छोड़कर भागने वाले तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने के निर्देश

डीआईजी ने ऐसे एनडीपीएस प्रकरणों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए, जिनमें तस्कर पुलिस से बचने के लिए अपना वाहन छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने केवल वाहन जब्त करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने, बल्कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर फरार आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।

साथ ही सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ और अधिक सख्ती बरतने तथा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

10-12 साल पुराने मामलों पर कोतवाली पुलिस को फटकार

अपराध समीक्षा के दौरान कोतवाली थाने में करीब 10 से 12 वर्षों से लंबित प्रकरण सामने आने पर डीआईजी निमिष अग्रवाल ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पुराने मामलों के जल्द निराकरण तथा पुलिसिंग में सुधार की सख्त हिदायत दी।

डीआईजी ने वाहन चोरी, नकबजनी और लूट जैसे मामलों को भी प्राथमिकता से लेकर जल्द ट्रेस करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए

एनडीपीएस कार्रवाई पर नई आबादी और सीतामऊ पुलिस की सराहना

मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा के दौरान डीआईजी अग्रवाल ने नई आबादी थाना पुलिस और सीतामऊ थाना पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के मामलों में की गई प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने इसी तरह निरंतर सक्रियता के साथ मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलेभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेज सिंह बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा, सीएसपी जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी कीर्ति बघेल, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू बघेल, एसडीओपी गरोठ विजय यादव सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}