विकास कार्यों की रफ्तार से विपक्ष में बेचैनी, मनासा का विकास नहीं रुकेगा : दिनेश राठौर
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर साधा निशाना, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास को मिल रही नई दिशा
नीमच – मनासा
मनासा विधानसभा क्षेत्र में लगातार जारी विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा नेता दिनेश राठौर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को देखकर विपक्षी नेताओं में बेचैनी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि विकास की राह में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी और मनासा विधानसभा क्षेत्र में विकास का सिलसिला हर हाल में जारी रहेगा।
दिनेश राठौर ने कहा कि मनासा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में क्षेत्र विकास की नई दिशा की ओर अग्रसर है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। विधायक का संकल्प है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव और कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित नहीं रहे।
उन्होंने कहा कि विधायक अनिरुद्ध माधव मारू की प्राथमिकता क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देना है। विकास केवल घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि उसका लाभ आमजन तक पहुंचे, इसी दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं, लेकिन जनता अंततः काम और विकास को महत्व देती है। विपक्ष को सकारात्मक राजनीति करते हुए क्षेत्र के विकास में सहयोग करना चाहिए, न कि विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाना चाहिए। भाजपा सरकार और विधायक का लक्ष्य विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर मनासा विधानसभा को नई पहचान दिलाना है।
दिनेश राठौर ने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास की रफ्तार को अब रुकने नहीं देंगे और मनासा के सम्मान एवं स्वाभिमान को झुकने नहीं देंगे। विरोध करने वालों को जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि विकास कार्यों से दिया जाएगा। मनासा विधानसभा का विकास हमारा संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।



