अभा ग्राहक पंचायत ने राज्यसभा सांसद को सौंपा ज्ञापन, यूपीआई को कर-मुक्त रखने की मांग

अभा ग्राहक पंचायत ने राज्यसभा सांसद को सौंपा ज्ञापन, यूपीआई को कर-मुक्त रखने की मांग
मंदसौर। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मंदसौर के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीआई’ (UPI) पर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लगाए जाने को लेकर राज्यसभा सांसद श्री बंसीलाल गुर्जर से भेंट कर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से डिजिटल भुगतान प्रणाली ‘यूपीआई’ (UPI) पर किसी भी प्रकार का शुल्क लगाए जाने की संभावना पर चिंता व्यक्त की गई और इसे आम जनता व छोटे व्यापारियों के हित में भविष्य में भी पूरी तरह निःशुल्क बनाए रखने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत कराया कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत आज देश का छोटा दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाला और आम नागरिक दैनिक लेनदेन के लिए पूरी तरह यूपीआई पर निर्भर है। यदि यूपीआई लेनदेन पर किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है, तो इससे न केवल छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, बल्कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की मुहिम को भी धक्का लगेगा और लोग पुनः नकद लेनदेन की ओर लौट सकते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यूपीआई ने देश की अर्थव्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि डिजिटल भुगतान की यह सुविधा आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों के लिए भविष्य में भी पूरी तरह शुल्क-मुक्त रहे। राज्यसभा सांसद श्री बंसीलाल गुर्जर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उचित माध्यम से उनकी मांगों को केंद्रीय वित्त मंत्रालय तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष विजय कोठारी, जिला सचिव आशीष भाटिया, जिला विधि आयाम प्रमुख उमराव सिंह जैन, सुनील ठाकुर, नीलेश सेन, अश्विन सेन, भगवान सिंह गुर्जर, श्रीपाल सिंह, रामदास बैरागी उपस्थित थे।



