नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 31 मई 2026 रविवार

//////////////////////////////

निवेश बढ़ाओ, रोजगार दो:

कलेक्टर ने झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र का किया गहन निरीक्षण

एसीसी ब्लॉक इकाई में युवा उद्यमी के नवाचार को सराहा, फायर सेफ्टी व श्रमिक सुरक्षा पर दिया जोर

एमपीआईडीसी को निर्देश: निवेशकों के लिए भूमि, रास्ते व सभी सुविधाएं हों दुरुस्त

नीमच, 30 मई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को जिला मुख्यालय के समीप विकसित औद्योगिक क्षेत्र झांझरवाड़ा का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाइयों, नवीन उद्योग स्थापना, निवेश एवं रोजगार सृजन की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही सड़क, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

एसीसी ब्लॉक निर्माण इकाई का निरीक्षण: कलेक्टर ने झांझरवाड़ा स्थित एक एसीसी ब्लॉक निर्माण इकाई पहुंचकर संपूर्ण उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संचालक से रॉ मटेरियल, कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, कुल निवेश, रोजगार सृजन, उत्पाद की खपत, उपयोगिता एवं गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली। इकाई में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों, श्रमिक सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा मानकों के पालन की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री चंद्रा ने युवा उद्यमी हातिम नजमी द्वारा नव उद्योग स्थापित कर सफल संचालन एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।

औद्योगिक विस्तार हेतु भूमि व पहुंच मार्ग का अवलोकन:कलेक्टर ने झांझरवाड़ा के समीप एमपीआईडीसी को नवीन उद्योगों की स्थापना के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि तक पहुंचने के लिए उपलब्ध आम रास्तों का मौके पर अवलोकन किया तथा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज रास्ते के साथ वैकल्पिक पहुंच मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एमपीआईडीसी के अधिकारियों को नए निवेशकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री पराग जैन, तहसीलदार श्री संतोष कुमार, एमपीआईडीसी के श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी, समूह के अध्यक्ष हातिम नजमी एवं इकाई के संचालकगण उपस्थित थे।

===========

“प्रतिभा को सम्मान, संस्कार को पहचान”: कुकडेश्वर में कुशवाह समाज का सम्मान समारोह

कैबिनेट मंत्री श्री नारायणसिह कुशवाह ने मेधावी विद्यार्थियों, किसानों एवं खिलाड़ियों को किया सम्मानित

60% से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड व प्रशस्ति पत्र वितरित

नीमच 30 मई 2026, कुश कल्याण मंच के तत्वावधान में श्री क्षत्रिय सूर्यवंशी कुशवाह सकल छोकरा समाज द्वारा कुकडेश्वर में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, प्रगतिशील किसानों, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों तथा जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का स्वागत-सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथिगण: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, इंदौर विधायक श्री महेंद्र सिंह हार्डिया, पोहरी विधायक श्री कैलाश कुशवाह, प्रांतीय कुशवाह समाज के अध्यक्ष श्री योगेश मानसिंह कुशवाह, प्रदेश उपाध्यक्ष उज्जैन श्री मुन्नासिंह कुशवाह, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़वानी श्री भगीरथ कुशवाह, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल कुशवाह, प्रांतीय अध्यक्ष श्री सोनू कुशवाह, नगर पालिका अध्यक्ष कुकडेश्वर श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा एवं श्री नरेंद्र मालवीय मंचासीन थे।

स्वागत-सम्मान: कुश कल्याण मंच कुशवाह समाज के जिला अध्यक्ष श्री गणपत कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष श्री बलराम कुशवाह सहित समिति सदस्यों ने सभी अतिथियों का माला, शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

प्रतिभाओं का सम्मान: रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के पश्चात कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रगतिशील किसानों, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों का भी अभिनंदन किया गया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि कुशवाहा समाज के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित थे।

========

वृद्धजनों के स्वास्थ्य के प्रति समर्पित पहल: जिला चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न

100 मरीजों ने लिया लाभ, 81 वृद्धजनों की हुई विशेष जांच

हाई बीपी के 58, डायबिटीज के 28, अस्थि रोग के 38 एवं नेत्र रोग के 15 मरीजों का हुआ उपचार

नीमच, 30 मई 2026। सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में शनिवार को जिला चिकित्सालय नीमच के रेड क्रॉस सभागार में वृद्धजनों हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 100 मरीजों ने पहुंचकर लाभ लिया, जिनमें 81 वृद्धजन शामिल थे।

शिविर में जांच एवं उपचार: शिविर में हाई ब्लड प्रेशर के 58, डायबिटीज के 28, अस्थि रोग के 38 एवं आँखों की समस्या से ग्रसित 15 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण:वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष यादव, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.ऋतुराज शर्मा, मेडिकल विशेषज्ञ डॉ.त्रिशान सिंह, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ.अदिति पेंढारकर, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ.दीक्षा यादव एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ.अनुराग चौधरी ने शिविर में आए मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श व उपचार प्रदान किया।

एनसीडी क्लिनिक की भूमिका:एनसीडी क्लिनिक स्टाफ मनीष व्यास, नीलम वैद्य एवं टीना राठौर द्वारा मरीजों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। स्टाफ द्वारा मरीजों को मासिक फॉलोअप के लिए प्रेरित किया गया तथा वृद्धावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

============

भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की बैठक आज

भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर एक आवश्यक बैठक आज दिनांक 31 मई रविवार को दोपहर 4:00 बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय तपोभूमि पर आयोजित की जा रही है। बैठक में संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, सांसद सुधीर गुप्ता, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक माधव मारू, जिला पंचायत, जनपद, नगर पालिका जनप्रतिनिधि, प्रदेश कार्य समिति सदस्य , जिले के पदाधिकारी ,मंडल अध्यक्ष, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष, अपेक्षित श्रेणी के सभी पार्टी सदस्यगण भाग लेंगे। उपयोग जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।

============

कांग्रेस में नया जोश फूंकने नीमच आ रहे हैं जीतू पटवारी व दिग्गज नेता

-नीमच में 2 और 3 जून को आयोजित होगा जिला कांग्रेस का ऐतिहासिक प्रशिक्षण शिविर
​नीमच। संगठन को जमीनी स्तर पर नई मजबूती और ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 2 और 3 जून को नीमच जिला कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी देते हुए संगठन की  विचारधारा को मजबूत बनाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस आवासीय शिविर के माध्यम से पार्टी के मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष को संगठन की रीति-नीति और आगामी कार्ययोजनाओं से रूबरू कराया जाएगा, ताकि सभी कार्यकर्ता एक नई ऊर्जा और मजबूत संकल्प के साथ मैदान में उतर सकें।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया की ​इस ऐतिहासिक और रणनीतिक प्रशिक्षण शिविर में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, प्रदेश संगठन मंत्री संजय कामले और प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित पार्टी के कई अन्य शीर्ष और वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे। ये सभी राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक मार्गदर्शक अलग-अलग सत्रों में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठनात्मक कौशल तथा विचारधारा को लेकर अपना बहुमूल्य मार्गदर्शन व विचार साझा करेंगे।
शिविर की महत्ता को रेखांकित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि करीब 10 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नीमच जिले में इस स्तर का कोई बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। इस दो दिवसीय आयोजन के दौरान देश के प्रमुख विचारशील महानुभाव और विषय विशेषज्ञ अलग-अलग सत्रों में उपस्थित रहकर विभिन्न गंभीर विषयों पर गहन प्रशिक्षण देंगे व महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे। इस प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास, आधुनिक चुनावी प्रबंधन के गुर, वर्तमान प्रादेशिक व स्थानीय मुद्दे, संगठन की मूल विचारधारा तथा ऐसे ही अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि कार्यकर्ता वैचारिक और व्यावहारिक दोनों मोर्चों पर पूरी तरह सुसज्जित हो सकें।
​जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि यह भव्य आयोजन शहर के मंगलम रिसोर्ट में किया जा रहा हैं ,जहाँ कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे जिले से कांग्रेस के सभी साथी और पदाधिकारी बेहद उत्साह के साथ इस दो दिवसीय शिविर को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। निश्चित रूप से यह शिविर आगामी दिनों में नीमच जिले में कांग्रेस संगठन को एक नई दिशा, वैचारिक धार और अभूतपूर्व मजबूती प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।
=============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}