क्षेत्र के विकास के लिए जनता के विश्वास गरोठ विधायक श्री सिसौदिया, मंत्रीमंडल विस्तार की चर्चाओं में प्रमुख नाम

क्षेत्र के विकास के लिए जनता के विश्वास गरोठ विधायक श्री सिसौदिया, मंत्रीमंडल विस्तार की चर्चाओं में प्रमुख नाम
—सतीश शर्मा
गरोठ- मालवा अंचल की राजनीति में गरोठ-भानपुरा विधानसभा का अपना विशिष्ट महत्व रहा है। वर्तमान समय में क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय और जनसरोकारों से जुड़े जनप्रतिनिधियों में विधायक श्री चंदर सिंह सिसौदिया का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। सरल स्वभाव, सहज उपलब्धता, धार्मिक आस्था और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें आमजन के बीच एक अलग पहचान प्रदान की है।
मां दूधाखेड़ी माताजी के प्रति विधायक श्री सिसौदिया की गहरी श्रद्धा और अटूट आस्था क्षेत्र में विशेष रूप से चर्चा का विषय रहती है। जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ वे स्वयं को मां के भक्त के रूप में भी प्रस्तुत करते हैं। क्षेत्र के सुख, समृद्धि और विकास की कामना को लेकर वे समय-समय पर मां दूधाखेड़ी धाम पहुंचते हैं, जिससे लोगों के बीच उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक छवि और मजबूत हुई है।
विधायक श्री सिसौदिया की सबसे बड़ी विशेषता उनका निरंतर जनसंपर्क माना जाता है। ग्रामीण अंचलों से लेकर नगर क्षेत्र तक आम नागरिकों से उनका सीधा संवाद उन्हें जनता के और अधिक निकट लाता है। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता ने उन्हें केवल राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि जनभावनाओं से जुड़े जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया है।
गरोठ-भानपुरा विधानसभा में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर किए गए प्रयासों ने भी उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाइयां दी हैं। क्षेत्र के अनेक नागरिकों का मानना है कि विधायक श्री सिसौदिया ने विकास कार्यों और जनभावनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया है, जिसका लाभ क्षेत्र को निरंतर प्राप्त हो रहा है।
इधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित मंत्रीमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच गरोठ-भानपुरा विधानसभा का नाम भी राजनीतिक गलियारों में सुनाई देने लगा है। समर्थकों और क्षेत्रवासियों का मानना है, कि यदि क्षेत्र को मंत्रीमंडल में प्रतिनिधित्व मिलता है, तो विकास योजनाओं को और अधिक गति मिल सकती है। इसी क्रम में विधायक श्री चंदर सिंह सिसौदिया का नाम भी प्रमुख दावेदारों के रूप में चर्चा में बना हुआ है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है, कि संगठन के प्रति निष्ठा, लगातार जनसंपर्क, विकासोन्मुख कार्यशैली और क्षेत्र में मजबूत जनाधार ने विधायक श्री सिसौदिया को प्रदेश राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है। यही कारण है, कि मंत्रीमंडल विस्तार की संभावनाओं के साथ उनके नाम को लेकर समर्थकों में उत्साह दिखाई देता है।
धार्मिक आस्था, जनसेवा, विकास और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के समन्वय के रूप में उभरे विधायक श्री चंदर सिंह सिसौदिया आज गरोठ-भानपुरा की राजनीति के एक प्रभावशाली चेहरे के रूप में स्थापित हैं। क्षेत्रवासियों की अपेक्षा है, कि भविष्य में उन्हें और बड़ी जिम्मेदारी मिले तथा गरोठ-भानपुरा विधानसभा प्रदेश के विकास मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान बना सके।



