अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्टों का हल्लाबोल, सुवासरा में पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्टों का हल्लाबोल, सुवासरा में पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
पंकज बैरागी
सुवासरा – अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और छोटे केमिस्टों के रोजगार पर मंडराते संकट को लेकर ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर सुवासरा तहसील में दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। केमिस्ट एसोसिएशन ने जनस्वास्थ्य के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार सुनील पीडियार को ज्ञापन सौंपा।
अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर फूटा गुस्सा!
अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और आम जनता के स्वास्थ्य पर मंडराते गंभीर खतरे के विरोध में आज केमिस्ट एसोसिएशन ने देशव्यापी बंद का आह्वान किया था। इसी कड़ी में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट और मध्य प्रदेश राज्य केमिस्ट एसोसिएशन के निर्देश पर केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा भी अपनी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रखी गईं और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
सुवासरा तहसील के सभी केमिस्ट बंधुओं ने एकजुट होकर छोटे व्यापारियों के संरक्षण और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए तत्काल सरकारी हस्तक्षेप की मांग की है।
इस पूरे विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन के दौरान ऐसोसिएशन के कमल जैन,अनिल धनोतीया,नरेन्द्र सेठिया, सुनील रत्नावत, डा पंकज काला, सचिन गोयल, सुनील जैन, विष्णु पाटीदार,डा संदीप मौर्य,संदीप रत्नावत,नेपाल सिंह, मुस्तफा तेलवाला,नितेश कुमावत साहित केमिस्ट साथी उपस्थित थे। केमिस्टों का साफ कहना है कि अगर ऑनलाइन दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई, तो छोटे केमिस्टों का रोजगार पूरी तरह चौपट हो जायेगा।



