राजस्थानकोटारेलवे

महाप्रबंधक ने किया कोटा मंडल का निरीक्षण, स्टेशन विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

महाप्रबंधक ने किया कोटा मंडल का निरीक्षण, स्टेशन विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

कोटा एवं न्यू कोटा स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण, ‘कवच’ प्रणाली का किया अवलोकन; अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री ने अपने प्रथम निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कोटा मंडल का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों तथा रेल संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोटा स्टेशन एवं न्यू कोटा स्टेशन पर चल रहे स्टेशन विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कोटा स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा स्टेशन के समग्र विकास से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधाओ को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, सुगमता तथा आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने न्यू कोटा स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने कोटा–अलनिया रेलखंड पर स्थापित ‘कवच’ स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कोटा से अलनिया स्टेशन के मध्य कवच प्रणाली का ट्रायल किया गया, जिसमें तीन महत्वपूर्ण परीक्षण सफलतापूर्वक किए गए। परीक्षण के दौरान कर्व तथा समपार फाटक के निकट पहुँचने पर कवच प्रणाली द्वारा स्वचालित सीटी (ऑटो व्हिसलिंग) की व्यवस्था का प्रदर्शन किया गया। इसी प्रकार निर्धारित सीमा से अधिक गति होने पर कवच प्रणाली ने स्वतः ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति को नियंत्रित किया। इसके अतिरिक्त जब ट्रेन की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी और लूप लाइन में प्रवेश के लिए सिग्नल दिया गया, जहाँ निर्धारित गति 30 किलोमीटर प्रति घंटा है, तब कवच प्रणाली सक्रिय होकर ट्रेन की गति को स्वतः कम करते हुए सुरक्षित रूप से लूप लाइन में प्रवेश कराया गया।

कवच प्रणाली के सफल परीक्षण से संतुष्ट होकर महाप्रबंधक ने कवच निरीक्षण ट्रायल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कवच की टीम तथा लोको पायलट दल को प्रोत्साहित करते हुए 50 हजार रुपये का संयुक्त पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।

दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोटा एवं न्यू कोटा स्टेशन के विकास कार्यों की प्रगति, शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की कार्ययोजना तथा विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा, मुख्य कार्यशाला प्रबंधक श्री सुधीर सरवरिया, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) श्री सौरभ मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित कुमार धुरंधर एवं श्री योगेश कुमार मित्तल सहित संबंधित विभागों के शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}