समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 22 सितंबर 2026 गुरुवार

अनियमितताओं के कारण नमकीन प्रतिष्ठान सील
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देश पर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा राजस्व विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठान का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है।
एसडीएम श्री शुभम पाटीदार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार को राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम जग्गा खेड़ी के मयूर नमकीन प्रतिष्ठान में आकस्मिक रूप से जांच की गई। जहां मौके पर स्वच्छता के मानकों के विपरीत परिस्थितियां पाई गई। नमकीन मैन्युफैक्चरिंग उपकरण जंग लगे पाए गए।
प्रोपराइटर द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए गए। जिसके मद्देनजर मौके पर ही प्रतिष्ठान को सील किया गया।
एस डी एम ने बताया कि कलेक्टर के खाद्य सुरक्षा को लेकर जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप उक्त कार्रवाई तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जादौन व पटवारी की टीम के द्वारा की गई है। खाद्य पदार्थों के मैन्युफैक्चरिंग, व बेचने के संबंध में स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
–00–
जिले में मिलावट के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए
समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / जिले में खाद्य औषधि प्रशासन विभाग सक्रियता के साथ कार्य करें, नमूने लेने में ढिलाई नहीं बरती जाए, सभी एसडीएम सुनिश्चित करें कि जिन संस्थाओं में मिलावट तथा गड़बड़ी पाई जाती है उन दुकानों को तत्काल सील किया जाए। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने सोमवार को समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए। अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी, एसडीएम श्री शुभम पाटीदार तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बगैर अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़े अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी अन्य जिले का अतिरिक्त चार्ज है तो जिलो की उपस्थितिवार रोस्टर बनाकर प्रस्तुत किया जाए। बैठक में कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ियों में पेयजल व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
जल निगम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित संधारित् योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जल निगम 719 गांवो में कार्य कर रहा है। इनमें से 109 गांव में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उक्त गांवो में स्थानीय सोर्स जैसे ट्यूबवेल डगवेल के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है। कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए निर्देशित किया
कलेक्टर द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संदर्भ में जिले में कार्य योजना की समीक्षा की गई। बताया गया कि कृमि मुक्ति लक्ष्य समूह में जिले में एक से 19 वर्ष तक आयु के बच्चे तथा किशोर एवं 20 से 49 वर्ष आयु की महिलाएं सम्मिलित है।
–00–
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने किया इवीएम वीवीपेट वेयर हाउस का निरीक्षण
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दिव्यांक सिंह द्वारा जिला मुख्यालय स्थित इवीएम वीवीपेट वेयर हाउस का निर्धारित त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस का ताला खोलकर कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण कक्षों का गहन अवलोकन किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल एवं स्थानिय जनप्रतिनिधि मौजुद रहे।
कलेक्टर ने वेयर हाउस में उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों एवं वीवीपेट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था एवं सीलिंग की स्थिति का परीक्षण किया गया। साथ ही लॉगबुक एवं प्रवेश रजिस्टर का सत्यापन कर रिकॉर्ड की जांच की गई। वेयर हाउस में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की भी समीक्षा की गई।
–00–
शासन की योजना की मदद से नवीन के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / शासन की योजना की मदद से मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ के नवीन अठवाल के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है वे आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हुए हैं अनुसूचित जाति के नवीन शिक्षित बेरोजगार थे आर्थिक संकट से घिरे थे।
समाचार पत्रों में शासकीय योजना के बारे में जानकारी मिलने पर नवीन द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना में पोर्टल पर वर्ष 2024-25 में लाभ प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन किया गया। आवेदक भारतीय स्टेट बैंक शाखा मल्हारगढ़ द्वारा उसी वर्ष में स्वीकृत करके 95 हजार रूपये की ऋण राशि नवीन को प्रदान कर दी गई। योजना का लाभ उठाकर नवीन ने साड़ी विक्रय की दुकान अपने घर से ही शुरू करके परिवार के साथ मिलकर काम शुरू किया गया। धीरे-धीरे दुकान अच्छी चल निकली उनकी आमदनी भी अच्छी होने लगी है। अब वह आसानी से अपनी प्रतिमाह 3 हजार रुपए कमा रहे है। बैंक की किस्त भी नियमित रूप से अदा कर रहे हैं। उनके परिवार का जीवन यापन भी अच्छे से हो रहा है उनकी दुकान के ग्राहक मल्हारगढ़ तथा आसपास के छोटे गांव के रहने वाले ग्रामीण जन तथा स्थानीय व्यक्ति होते हैं। अपने जीवन में खुशियां आने पर नवीन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव को धन्यवाद देते हैं।
–00–
सेवा संकल्प अभियान
चित्रकारी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को जनपद अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रमाण-पत्र से किया सम्मानित
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / जिले के ग्राम डिगांवमाली हायर सेकंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा द्वारा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम में ‘सेवा संकल्प’ के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डिगांवमाली के सरपंच प्रतिनिधि श्री दशरथ सिंह आंजना,वरिष्ठ नेता श्री रूगनाथ सिंह जी आंजना मण्डल मंत्री श्री मानसिंह आंजना,श्री जसवंत सिंह आंजना,विद्यालय के प्राचार्य श्री गणेशराम ढोचावत, शिक्षकगण, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
–00–
विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी आयोजित की गई
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत थीम पर जिलेके विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गई बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी सोमवार को आयोजित की गई
मेरे सपनों का भारत थीम के द्वितीय चरण के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में चित्रकला प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का प्रदर्शन किया गया, प्रदर्शनी का जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं आमजन द्वारा अवलोकन किया गया जनप्रतिनिधियों द्वारा चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया गया।
सेवा-संकल्प अभियान अन्तर्गत आगामी चरण में विद्यालय स्तर पर चयनित हुए विद्यार्थी 26 सितंबरको ज़िला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
–00–
फसल बीमा शिकायतों के निराकरण हेतु प्रत्येक गुरुवार लगाए जाएंगे कैंप
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / जिले में आगामी 24 सितंबर से 22 अक्टूबर तक की अवधि में प्रत्येक गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 तक फसल बीमा शिकायतों के निवारण एवं योजना की जानकारी हेतु कैंप लगाए जाएंगे।
उपसंचालक कृषि श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि प्रत्येक तहसील में तहसील कार्यालय में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा कैंप का आयोजन किया जाएगा जिसमें कृषक अपनी शिकायत का निवारण एवं योजना से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
–00–
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 6 अक्टूबर को बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली
कलेक्टर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की जिला स्तरीय बैठक आयोजित
मंदसौर 21 सितंबर 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले मॉप-अप दिवस की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रभारी सीएमएचओ डॉ. एस. जी. सूर्यवंशी, डी. आई. ओ. डॉ. सुरेश सोलंकी एवं संभागीय समन्वयक श्री कपिल कुमार यति द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा एवं लक्ष्यों की जानकारी दी गई।
6 अक्टूबर को दी जाएगी खुराक, छूटे बच्चों के लिए 9 अक्टूबर को मॉप-अप डे
कार्यक्रम के अंतर्गत 6 अक्टूबर 2026 को 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं किशोरों को जिले की समस्त शासकीय शालाओं, अशासकीय (निजी) शालाओं और आंगनवाड़ी केन्द्रों में एल्बेंडाजोल (Albendazole) की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे किसी कारणवश 6 अक्टूबर को दवा खाने से छूट जाएंगे, उनके लिए 9 अक्टूबर 2026 को ‘मॉप-अप दिवस’ आयोजित कर दवा का सेवन कराया जाएगा।
जिले में 1 से 19 साल तक के बच्चों के लिए 4 लाख 89 हजार 984 दवा खिलाने का लक्ष्य एवं 19 से 49 वर्ष की प्रजनन कालीन महिलाओं को 92 हजार 950 दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–



