कन्हैयालाल मतवाला को जिला स्तरीय निर्माण समिति के सदस्य मनोनीत

कन्हैयालाल मतवाला को जिला स्तरीय निर्माण समिति के सदस्य मनोनीत
मेलखेड़ा ।गरोठ क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी, पूर्व सरपंच एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल मतवाला (मेलखेड़ा) को जिला शिक्षा केंद्र, समग्र शिक्षा अभियान, मंदसौर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला स्तरीय निर्माण समिति का शासकीय सदस्य मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।यह जिला स्तरीय समिति समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों के निर्माण, मरम्मत, आधारभूत सुविधाओं के विकास, गुणवत्ता की निगरानी तथा विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाएगी। ऐसे महत्वपूर्ण दायित्व के लिए कन्हैयालाल मतवाला का चयन उनके लंबे सामाजिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिचायक माना जा रहा है। भाजपा नेता कन्हैयालाल मतवाला लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में उन्होंने ग्रामीण विकास, जनहित के कार्यों और संगठन को मजबूत करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय, सरल एवं जनसरोकारों से जुड़े जनप्रतिनिधि के रूप में रही है। उनके कार्यकाल में विकास कार्यों को गति मिली तथा आमजन से उनका निरंतर संवाद बना रहा।
उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है, कि उनके मार्गदर्शन में शिक्षा से जुड़े निर्माण कार्य अधिक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे।
अपनी नियुक्ति पर कन्हैयालाल मतवाला ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है और वे इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
======



