घर में ताला लगाकर बाहर जाने से पहले पुलिस को दें सूचना, सूने मकानों की होगी विशेष निगरानी

घर में ताला लगाकर बाहर जाने से पहले पुलिस को दें सूचना, सूने मकानों की होगी विशेष निगरानी
गोरखपुर गर्मी की छुट्टियों, शादी-विवाह के सीजन और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में ताला लगाकर परिवार सहित बाहर चले जाते हैं। ऐसे समय में सूने मकानों में चोरी की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए एम्स थाना क्षेत्र की जगदीशपुर पुलिस चौकी ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है।जगदीशपुर चौकी प्रभारी एसआई गौरव तिवारी ने जनहित में अपील जारी करते हुए कहा है कि यदि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति किसी कार्य, शादी-समारोह, यात्रा या छुट्टियों के कारण कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जा रहा है, तो वह इसकी पूर्व सूचना पुलिस चौकी को उपलब्ध करा सकता है।चौकी प्रभारी ने बताया कि सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम संबंधित मकान और उसके आसपास के क्षेत्र में विशेष निगरानी रखेगी। रात्रि गश्त एवं नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से सूने घरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।उन्होंने बताया कि सूचना देते समय नागरिकों को अपना नाम, पूरा पता, बाहर रहने की संभावित अवधि तथा दो मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने होंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके।एम्स थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इन संपर्क सूत्रों पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी – 7839865794,एसआई गौरव तिवारी – 9555182919 ,एसआई राजकुमार – 9889379139 व कांस्टेबल ऋषभ गुप्ता – 9889190478 जानकारी दें जिससे लगातार निगरानी किया जा सके।जगदीशपुर पुलिस की इस सक्रिय और जनहितकारी पहल की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आमजन के सहयोग से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।



