समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 10 मई 2026 रविवार

///////////////////////////////////////////////
गायत्री स्व सहायता समूह से जुड़कर चेतना चौधरी बनी आत्मनिर्भर
जनरल स्टोर और बैंक सखी के रूप में बना रही अपनी अलग पहचान, हर माह 8 से 10 हजार रुपये की आयमंदसौर 9 मई 2026/ ग्राम दीपाखेड़ा निवासी श्रीमती चेतना चौधरी ने गायत्री स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है। मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्होंने न केवल आत्मनिर्भरता की राह पकड़ी, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बनाया।
चेतना चौधरी बचपन से ही कुछ अलग और बेहतर करने का सपना देखती थीं। पढ़ाई के प्रति उनका विशेष लगाव था और वे अपने पैरों पर खड़े होकर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती थीं। शादी के बाद संयुक्त परिवार की जिम्मेदारियों, घर के कार्यों और सामाजिक दायित्वों के बीच अपने सपनों को आगे बढ़ाना आसान नहीं था। कई बार परिस्थितियां कठिन हुईं, लेकिन उनके पति का सहयोग और विश्वास हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत बना रहा।
इसी दौरान उन्हें मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जानकारी मिली। उन्होंने गायत्री स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन में बदलाव की शुरुआत की। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आजीविका मिशन के माध्यम से 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने अपने घर पर ही जनरल स्टोर प्रारंभ किया।
शुरुआत में चुनौतियां कम नहीं थीं। बच्चों की जिम्मेदारी, परिवार के कार्यक्रम और समाज की बातें कई बार उनके रास्ते में आईं, लेकिन चेतना चौधरी ने कभी हार नहीं मानी। मेहनत और लगन के साथ उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया और आज वे अपने जनरल स्टोर से प्रतिमाह 8 से 10 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक परिवर्तन आया।
आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद उन्होंने बैंक सखी के रूप में भी कार्य करना शुरू किया। लोगों की बैंकिंग संबंधी सेवाओं में मदद करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी मेहनत और समर्पण को देखते हुए जनपद पंचायत द्वारा उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिलवाया गया तथा MPGB (मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक) की कियोस्क आईडी भी उपलब्ध करवाई गई।
कियोस्क आईडी मिलने के बाद चेतना चौधरी ने अपने कार्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता का परिचय दिया। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करते हुए न केवल स्वयं को स्थापित किया, बल्कि पूरे सीतामऊ क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया।
चेतना चौधरी की सफलता की कहानी यह संदेश देती है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी कठिनाई सफलता की राह नहीं रोक सकती। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
==========
जिला उपभोक्ता न्यायालय का महत्वपूर्ण आदेश- छात्रा के पक्ष में अवार्ड पारित किया
शिक्षण संस्था द्वारा छात्रा को परीक्षा से वंचित करने के कारण को सेवा में त्रुटि मानी गई
मन्दसौर। माननीय जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग मंदसौर द्वारा दिनांक 8 मई 2026 को आर.बी.एस. इंस्ट्रीट्यूट ऑफ नर्सिंग शिक्षण संस्था नीमच म.प्र. के विरूद्ध एक महत्वपूर्ण आदेश पारित किया गया, जिसमें शिक्षण संस्था तथा छात्रा के मध्य उपभोक्ता तथा सेवा प्रदाता के संबंध स्थापित होना मान्य किया गया।
प्रकरण की जानकारी देते हुए परिवादिया के अधिवक्ता श्री श्याम बामनिया ने बताया कि शिक्षण संस्था की त्रुटि के कारण छात्रा यशोदा निनामा बी.एस.सी. नर्सिंग की परीक्षा नहीं दे पाई थी। इस कारण छात्रा की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजी साक्ष्य एवं तर्काे से आयोग मंदसौर सहमत होकर शिक्षण संस्था की सेवा में कमी मान्य की गई तथा शिक्षण संस्था के विरूद्ध छात्रा को परीक्षा दिलवाने व शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के मद में 10 हजार रूपयें, परिवाद व्यय के मद में 5 हजार रुपये, छात्रा की 2 वर्ष की नुकसान के मद में 1 लाख रुपये अवार्ड शिक्षण संस्था आर.बी.एस. इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग नीमच के विरूद्ध पारित किया गया हैं। प्रकरण में सफल पैरवी अधिवक्ता श्री श्याम बामनिया द्वारा की गई।
========
ग्राम धलपट एवं जमुनिया में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित
मंदसौर 9 मई 2026/ प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय आयुष्मान आरोग्य अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमुनिया एवं ग्राम धलपट में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक वर्ग, विशेषकर उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एवं टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान करना रहा।
शिविर के दौरान टीबी जागरूकता अभियान अंतर्गत उपस्थित ग्रामीणों को टीबी शपथ दिलाई गई। ब्लॉक सीतामऊ के सुवासरा यूनिट के सी एच ओ द्वारा ग्रामीणों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करते हुए इसके प्रमुख लक्षणों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लगातार कई दिनों तक खांसी आना, भूख न लगना, वजन में कमी होना, रात में पसीना आना तथा बुखार बने रहना टीबी के संभावित लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि टीबी एक पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। बलगम जांच में पॉजिटिव आने पर 6 माह तक नियमित उपचार से मरीज पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है। साथ ही शासन द्वारा मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रति माह एक हजार रुपये की पोषण सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है।
शिविर में आए नागरिकों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें टीबी स्क्रीनिंग हेतु एक्स-रे के माध्यम से संदिग्ध एवं पूर्व उपचाररत मरीजों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं बीएमआई सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
==============
जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री भुरिया 10 मई को मंदसौर प्रवास पर रहेगी
मंदसौर 9 मई 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि जिले की प्रभारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भुरिया 10 मई 2026 को मंदसौर प्रवास पर रहेगी। तय कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया 10 मई 2026 को प्रात: 8:00 बजे झाबुआ से प्रस्थान कर मंदसौर आयेगी। प्रात: 10:00 बजे मंदसौर आगमन एवं प्रातः 11:00 बजे कोर कमेटी की बैठक की लेंगी । दोपहर 12:30 बजे मंदसोर से नीमच के लिए प्रस्थान करेंगी।
============
पशुपतिनाथ मंदिर आराधना हाल में 11 मई को होगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन
मंदसौर 9 मई 2026/ भारत सरकार संस्कृति मंत्रालय द्वारा 11 मई 2026 सोमवार को प्रातः 10 बजे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के आराधना हाल में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। यह आयोजन भारत सरकार के संस्कृति विभाग के माध्यम से संपन्न होगा।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, पुनर्निर्माण तथा गुलामी की मानसिकता को त्यागकर गौरवशाली इतिहास के स्मरण का प्रतीक है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश के समृद्ध इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाना है।
जिले में आयोजित समानांतर कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय गौरव से प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विचार-विमर्श एवं लाइव प्रसारण के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
==============
डिगांव माली में दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहन का तत्काल प्रभाव से फिटनेस निरस्त किया : एआरटीओ श्री बिल्लौरे
मंदसौर 9 मई 26/ जगदीश बिल्लौरे, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जिला मंदसौर म.प्र. द्वारा बताया गया कि 7 मई को मार्ग डिगांव माली से माल्याखेरखेडा के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहन कमाक MP14P3929 का तत्काल प्रभाव से फिटनेस निरस्त किया गया है साथ ही वाहन के चालक मुन्नावर पिता अख्तर निवासी शेखा चौक जिला मंदसोर का लाईसेंस कमांक MP1420130122446 को तीन माह के लिये तत्काल प्रभाव से स्थगित किया गया है। उक्त कार्यवाही के अंतर्गत दिनांक 8 मई को जिले के सीतामउ फाटक क्षेत्र में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया जिसमें करीब 30 बसों का निरीक्षण किया गया व 5 बसों पर 26000 रूपये का शमन शुल्क वसूला गया। साथ ही तीन बसों की जब्ती की गयी जिसमें दो वाहन बिना फिटनेस है साथ ही एक वाहन MP14PA0466 बिना परमिट टैक्स एवं फिटनेस में जब्त की गई है।
तत्पश्चात कार्यालय में सायं 4 बजे जिले के मोटरमालिक संघ को बुलाकर जिसमें संघ के अध्यक्ष श्री शिखर चंद्र रातडिया व सचिव अकिल कुरैशी उपस्थित थे, को वाहनों का नियमानुसार संचालित करने के दिशा निर्देश दिये गये।
===========
शांतिपूर्ण तरीके से सभी साठिया समुदाय के लोगों को विस्थापित करवा दिया गया है – नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी गुर्जर
मंदसौर। नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने बताया कि कल सभी प्रकार की प्रक्रियाएं पूर्ण कर साठिया समुदाय को नये स्थान पर विस्थापित करवा दिया है।जहां उनको सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। आपने बताया कि साठिया समुदाय को अन्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो इसके लिये दो तीन वर्षों से साठिया समुदाय व नपा परिषद व अन्य वरिष्ठजनों के मध्य बातचीत कर विस्थापन की प्रक्रिया चल रही थी। विगत दिनों उपयुक्त स्थान देखकर आवश्यक मूलभूत सुविधाये विकसित करने का कार्य नगरपालिका परिषद के द्वारा किया गया है। नगर पालिका परिषद मंदसौर इस बात को पूरा ध्यान रख रही है कि साठिया समुदाय को कोई परेशानी न आए, विस्थापन के दौरान भी उनके समानों को नये स्थान पर पहुंचाने के लिए नगर पालिका द्वारा संसाधन लगायें गये थे जिसमें उनके सामानों को भरकर व्यवस्थित रूप से नये स्थान पर पहुंचवाया गया है। इस पूरी प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का बहुत धन्यवाद जिनकी भी इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सभी के सार्थक प्रयासों सेे वर्षो की समस्या का हुआ हल – राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर
नगर के ह्दय स्थल कालाखेत में रह रहे साठिया समुदाय के लोगों को विस्थापित करने के लिए लम्बे समय से प्रयास जारी थे लेकिन अड़चनों के कारण यह कार्य नहीं हो पा रहा था इस बार नगर पालिका परिषद की इच्छाशक्ति और जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से इस कार्य को संपादित किया गया है। एक बात सुखद यह रही कि सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। साठिया समुदाय के लोग भी नये स्थान पर आराम से अपना जीवन व्यापन कर सकते है, अब मेरा नगर पालिका से आग्रह है कि वहां पर साठिया समुदाय के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जायें ताकि यह समुदाय अपना जीवन व्यापन आसानी से कर सके। इस पूरी प्रक्रिया मेंं महत्वपूर्ण भूमिका निभानें के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन का धन्यवाद एवं आभार प्रकट करता हूं जिन्होने बेहद जिम्मेदारी पूर्वक इस कार्य को किया।
============
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई ने शिवना शुद्धिकरण अभियान में किया श्रमदान
मंदसौर, मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई द्वारा आज विधायक श्री विपिन जैन द्वारा चलाए जा रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान में संभागीय अध्यक्ष डॉ प्रीतिपाल सिंह राणा के नेतृत्व में भाग लेकर श्रमदान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री हेमंत जैन सीतामऊ ,महासचिव श्री संजय भाटी मंदसौर अन्य पदाधिकारी सर्वश्री सरवर खान, जगदीश लोहार सीतामऊ, सुरेश भावसार ,शंभू सेन राठोर, विश्वास दुबे, शाहिद अहमद, राहुल श्रीवास्तव आदि ने भाग लेकर शुद्धिकरण अभियान को गति प्रदान की।



