नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 02 म ई 2026 शनिवार

///////////////////////////////////////////

ग्रामीणों को मिलेगी डिजिटल ताकत, नेटवर्क विहीन 10 गांवों में लगेंगे मोबाइल टावर

कलेक्टर ने दी दूरसंचार कंपनियों को सशर्त अनुमति,

सिंगोली, जीरन व जावद तहसील के सुदूर ग्रामों में दूर होगी मोबाइल नेटवर्क की समस्या

नीमच, 01 मई 2026, जिले के ग्रामीण अंचलों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा ऐसे 10 ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित करने की सशर्त अनुमति जारी की गई है, जहां वर्तमान में कोई भी मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है।

चिन्हित 10 ग्रामों में मिलेगी अनुमति: कलेक्टर द्वारा तहसील सिंगोली के ग्राम डाबडाकलां, कछाला, कोज्या, लुम्बा, थड़ोद, कुंथली, राणावत खेड़ा, कीरता, तहसील जीरन के ग्राम सोकड़ी तथा तहसील जावद के ग्राम कांस्या सुखानंद में मोबाइल टावर लगाने हेतु दूरसंचार कंपनियों को अनुमति प्रदान की गई है।

नेटवर्क समस्या का होगा समाधान: इन ग्रामों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं व्यापारियों को संचार, ऑनलाइन शिक्षा, बैंकिंग एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। टावर स्थापना के पश्चात इन क्षेत्रों में 4जी मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे डिजिटल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी।

कलेक्टर के निर्देश: कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट किया है, कि टावर स्थापना का कार्य नियमानुसार एवं सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने के उपरांत ही किया जाए। टावर से यातायात, विद्युत सिस्टम आदि प्रभावित नहीं होना चाहिए तथा भविष्य में किसी दुर्घटना की स्थिति में सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की होगी।

जिला प्रशासन का यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल इंडिया मिशन को गति देगा तथा अंतिम छोर तक बेहतर संचार सुविधा पहुंचाने में सहायक होगा। सिंगोली तहसील के धारड़ी में मोबाइल टावर लगाने की अनुमति का प्रकरण भी प्रकियाधीन है।

================

“रात्रि चौपाल में मिली शिकायतों का समाधान – शिविर में मिलेगा योजनाओं का लाभ”

6 मई को ग्राम कोज्या में लगेगा संयुक्त विभागीय शिविर,

कलेक्टर के निर्देश पर ग्रामीणों को मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

नीमच 01 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा 23 अप्रैल 2026 को ग्राम कोज्या, तहसील सिंगोली में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणजनों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित निराकरण हेतु दिए गए निर्देशों के परिपालन में 06 मई 2026, बुधवार* को ग्राम कोज्या में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर का उद्देश्य: संयुक्त विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित करने एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम कोज्या* में इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

कलेक्टर के निर्देश: रात्रि चौपाल में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के साथ-साथ ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी विभागों को शिविर में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए हैं।

शिविर में विभागवार व्यवस्था: शिविर में सभी विभागों के अधिकारी कार्य समाप्ति तक उपस्थित रहकर ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करेंगे तथा योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी देंगे।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, उपखण्ड जावद सुश्री प्रीति सिंघवी ने इस हेतु विभागवार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने ग्राम कोज्या एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अपील है कि वे 6 मई को आयोजित इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

===============

जनगणना 2027 का पहला चरण 1 मई से:

मकान सूचीकरण कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध

कलेक्टर ने जारी किया आदेश, 30 मई तक विशेष परिस्थिति में ही स्वीकृत होगा अवकाश, मकानों की गणना का राष्ट्रीय कार्य समय पर होगा पूर्ण

नीमच,01 मई 2026, भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से संपादित किया जाना है। इस कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

आदेश के मुख्य बिंदु: अवकाश पर प्रतिबंध, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य में लगे समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों के 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक लिए जाने वाले सभी प्रकार के अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा।

विशेष परिस्थिति में अनुमति: उक्त अवधि के दौरान विशेष परिस्थितियों में अवकाश स्वीकृत किए जाने हेतु कलेक्टर नीमच से अनुमति उपरांत ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।

सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश: समस्त विभाग प्रमुख, कार्यालय प्रमुख एवं प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

आदेश का आधार: यह आदेश निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय के ज्ञाप क्रमांक आई-11011/64/2025-डीसीओ(म.प्र.) दिनांक 10.10.2025 परिपत्र-1 तथा मध्यप्रदेश राजपत्र में दिनांक 23 जनवरी 2026 को प्रकाशित अधिसूचना में दिए निर्देशों के परिपालन में जारी किया गया है।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। मकान सूचीकरण का कार्य पूरी गुणवत्ता एवं समय-सीमा में पूर्ण हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण निष्ठा से दायित्व निर्वहन करें।

===============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}