समाचार मध्यप्रदेश नीमच 01 मई 2026 शुक्रवार

//////////////////////
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रदेश के 27 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों के खाते में 600 करोड़ की सहायता राशि अंतरित
मुख्यमंत्री जी ने वी.सी.में सिंगल क्लीक के माध्यम से किया राशि का अंतरण
नीमच जिले के 86 श्रमिक परिवारों को मिला 1.83 करोड़ की सहायता राशि का लाभ
सभी श्रमिक, विकसित म.प्र.के सारथी एवं प्रदेश की प्रगति का आधार है मुख्यमंत्री
नीमच 30 अप्रेल 2026, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भोपाल से श्रम विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 27 हजार से अधिक श्रमिक परिवारों के खाते में 600 करोड रूपये की सहायता राशि सिंगल क्लीक से अंतरित की। इसमें नीमच जिले के 86 श्रमिक परिवारों को 1.83 करोड़ की सहायता राशि का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने अपने उदबोधन में कहा, कि वर्ष 2018 में संबल योजना प्रारंभ से अब तक 5.27 लाख श्रमिक परिवारों को 7720 करोड की राशि का लाभ सरकार द्वारा प्रदान किया गया है। सितम्बर 2025 तक की राशि का भुगतान सिंगल क्लिक के माध्यम से शुक्रवार को किया गया है।
श्रम स्टार रेटिंग :- प्रदेश में श्रम कल्याण, श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए काम करने वाले कारखानों के लिए श्रम स्टार रेटिंग योजना लागू की गई है। प्रदेश के 554 कारखानों ने श्रम स्टार रेटिंग में पंजीयन करवाया है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा, कि मध्यप्रदेश को अपने श्रम से सीचने वाले श्रमिक, विकसित म.प्र.के सारथी है, म.प्र.की तरक्की एवं प्रगति के आधार है।
इस अवसर पर भोपाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम कल्याण मंत्री श्री प्रहलादसिह पटेल, श्रम सचिव श्री रघुराज रमन सहित श्रम विभाग के अधिकारी मौजूद थे। नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला श्रम पदाधिकारी श्री सज्जनकुमार चौहान व श्रमिकजन उपस्थित थे।
=====================
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ
एक से 13 मई तक विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का शुभारंभ
नीमच 30 अप्रेल 2026, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नीमच द्वारा एक मई से 13 मई 2026 तक क्रमशं: बकरी पालन, कम्प्यूटर टेली, ब्यूटी पार्लर, कृषि उद्यमी एवं महिलाओं के लिए नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ हो गए है। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओं के आधार पर ग्रामीण क्षेत्र के युवक, युवतियों को दिया जावेगा। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी चार पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड, अंकसूची की छायाप्रति, के साथ आवेदन कर सकते है। विस्तृत जानकारी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान हवाई पट्टी के सामने नीमच से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। अथवा मो.न.9111053516 पर संपर्क किया जा सकता है।
==========
डूब भूमि के पट्टे के लिए आवेदन आमंत्रित
नीमच 30 अप्रेल 2026, नीमच जिले के मनासा, रामपुरा क्षेत्र के गांधीसागर बांध के आर.एल.1312 फुट के नीचे के तल पर खुलने वाली डूब भूमि पर वर्ष 2026-27 के लिए रबी फसल की कृषि करने के लिए अंशकालिन पट्टे पर भूमि प्राप्त करने हेतु डूब से प्रभावित व्यक्तियों से निर्धारित हल्का अनुसार आमंत्रित किए गये है। कार्यालय जल संसाधन श्री विमल श्रीवास्तव ने बताया कि, हल्का चचौर, खानखेडी, कुण्डवासा, रामपुरा, सोनडी, देवरान में पट्टे के लिए अनुविभागीय जल संसाधन उपसंभाग रामपुरा में आवेदन किए जा सकते है। आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में किसी भी कार्य दिवस (शासकीय अवकाश को छोडकर) कार्यालयीन समय में रूपये 10/- (दस रूपये) शुल्क नगद जमाकर कार्यालय जल संसाधन उप संभाग रामपुरा से 15 जून 2026 तक प्राप्त किये जा सकते है। पट्टे की शर्ते पट्टा आवेदन पत्र प्रारूप में दर्शाई गई है।
============
1 मई से शुरू होगा जनगणना का दूसरा चरण, प्रगणक सही एच.एल.ओ. एप से करें एंट्री
वी.सी. में जनगणना निदेशक ने दिए निर्देश:
5 मई तक 10% और 10 मई तक 40% कार्य पूर्ण करें,
प्रदेश में 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरे गए
नीमच 30 अप्रेल 2026, जनगणना कार्य के आगामी चरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना निदेशक मध्यप्रदेश एवं छ.ग.श्री कार्तिकेय गोयल ने प्रदेश के सभी चार्ज अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में 1 मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना कार्य के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए। इस अवसर पर श्री संजीव श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
वी.सी. में दिए गए मुख्य निर्देश:
एप से एंट्री प्रारंभ: सभी प्रगणक 1 मई से जनगणना के सही एच.एल.ओ. एप को डाउनलोड कर मकानों की एंट्री प्रारंभ करें।
डाटा सिंक का कार्य: सभी जनगणना पर्यवेक्षक 5 मई तक डाटा सिंक करने का कार्य प्रारंभ करें।
समयबद्ध लक्ष्य: प्रगणकों को 5 मई तक 10 प्रतिशत एवं 10 मई तक 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है।
पोर्टल लॉगिन: सभी चार्ज अधिकारी जनगणना पोर्टल पर स्वयं लॉगिन कर व्यवस्थाओं को अच्छी तरह देख लें। एप लॉगिन संबंधी समस्याओं का समाधान चार्ज स्तर पर ही किया जाएगा।
क्षेत्र भ्रमण: सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान समय-समय पर भ्रमण कर जायजा लेने के निर्देश दिए गए।
सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रगति: वी.सी. में बताया गया कि प्रदेश में सेल्फ एन्यूमरेशन का कार्य सराहनीय रहा है। अब तक 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा चुके हैं। शत-प्रतिशत सेल्फ एन्यूमरेशन कार्य पूर्ण कराने वाले प्रगणकों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
अवकाश संबंधी निर्देश:कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देशित किया कि प्रगणक व सुपरवाईजरों का अवकाश संबंधित चार्ज अधिकारियों द्वारा ही स्वीकृत किया जाएगा, चाहे वे किसी भी विभाग के हों। चार्ज अधिकारियों का अवकाश जनगणना अवधि में कलेक्टर कार्यालय द्वारा स्वीकृत किया जाएगा।
वी.सी. में उपस्थित अधिकारी: इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, जिला जनगणना अधिकारी श्री पराग जैन सहित सभी एसडीएम एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित थे।
===================
नीमच में 3 मई को NEET परीक्षा, कलेक्टर ने परखी तैयारियां: पुख्ता इंतजामों के दिए निर्देश
दो केंद्रों पर होगी परीक्षा, महिला-पुरुष अभ्यर्थियों के लिए पृथक प्रवेश व फ्रिस्किंग, सीसीटीवी-बायोमेट्रिक निगरानी के साथ होगी परीक्षा
नीमच, 30 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 3 मई 2026 को नीमच जिले के दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कलेक्टर ने किया केंद्रों का निरीक्षण: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शासकीय पी.जी. कॉलेज नीमच एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय नीमच स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों केंद्र प्रभारियों को सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश: पृथक व्यवस्था: केंद्र पर महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों के प्रवेश की पृथक-पृथक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सम्मानजनक फ्रिस्किंग: महिला परीक्षार्थियों की सम्मानजनक फ्रिस्किंग एवं मोबाइल आदि सामग्री रखने की पुख्ता व्यवस्था हो। फ्रिस्किंग प्रक्रिया महिला एवं पुरुष कर्मचारी द्वारा पृथक-पृथक की जाएगी।
आधारभूत सुविधाएं: सभी परीक्षा कक्षों में सी.सी.टी.व्ही., पर्याप्त प्रकाश, पंखे व कूलर की व्यवस्था हो। पेयजल की उत्तम व्यवस्था एवं आपात प्रकाश के लिए जनरेटर सेट उपलब्ध रहे।
बैठक व्यवस्था: प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए एक कुर्सी-टेबल की व्यवस्था हो। एक टेबल पर एक ही परीक्षार्थी बैठकर परीक्षा दे, यह सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था: केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, लाइव सीसीटीवी निगरानी एवं एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी की व्यवस्था की गई है। थ्री-लेयर सुरक्षा लागू रहेगी।
कलेक्टर ने जाजू कॉलेज केंद्र पर परीक्षा कक्षों में अतिरिक्त ट्यूब लाइट लगवाकर प्रकाश व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों केंद्रों पर एक-एक कक्ष में जाकर बैठक व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री बी.एस.कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
=================
सभी प्रगणक एक मई से जनगणना का सही एच.एल.ओ. एप्प डाउनलोड कर एंट्री प्रारंभ करें
जनगणना संचालक ने वी.सी.में चार्ज अधिकारियों को दिए निर्देश
एक मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना चरण की तैयारियों की समीक्षा की
नीमच 30 अप्रेल 2026,सभी प्रगणक एक मई से जनगणना के सही एप्प को डाउनलोड कर उस पर एंट्री प्रारंभ करें। सभी जनगणना पर्यवेक्षक भी 5 मई तक डाटा सिंक करने का कार्य प्रारंभ करें। प्रगणकों को 5 मई तक 10 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना है और 10 मई तक 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना है।यह बात जनगणना संचालक ने गुरूवार को वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना के एक मई से प्रारंभ हो रहे चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए दिए।
वीडियों कांफ्रेंसिंग में निर्देश दिए गये कि सभी चार्ज अधिकारी जनगणना पोर्टल की स्वयं लॉगिंग कर अच्छी तरह से देख लें। एप्प लॉगिंग संबंधी समस्याओं का समाधान चार्ज स्तर पर ही किया जावेगा। एम मई को सभी प्रगणक एप्प पर लॉगिंग कर मकानों की एंट्री करवाना प्रारंभ करें।
वी.सी.में बताया गया, कि सेल्फ ईम्युरेशन का प्रदेश में अच्छा काम हुआ है। प्रदेश में कुल 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एम्युरेशन फार्म भरे गये है। सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र का जनगणना कार्य के दौरान समय-समय पर भ्रमण कर जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए।
इस वी.सी. में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एडीएम री बी.एस.कलेश, जिला जनगणना अधिकारी श्री पराग जैन सहित सभी एसडीएम एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है, कि प्रगणक सुपरवाईजरों का अवकाश संबंधित चार्ज अधिकारियों द्वारा ही स्वीकृत किया जाएगा। प्रगणक किसी भी विभाग का हो चार्ज अधिकारी ही अवकाश स्वीकृत करेंगे। चार्ज अधिकारियों का अवकाश जनगणना अवधि में कलेक्टर कार्यालय द्वारा स्वीकृत किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा, कि शतप्रतिशत सेल्फ ईम्युरेशन कार्य पूर्ण करवाने वाले प्रगणकों को पुररूस्कृत प्रोत्साहित भी किया जावेगा।
=================
राशन में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, दो उचित मूल्य दुकानों पर 3.80 लाख से अधिक का जुर्माना
घसुण्डी जागीर में 3.50 लाख एवं घसुण्डी बामनी दुकान पर 29 हजार रुपये का अर्थदण्ड
नीमच 30 अप्रैल 2026, शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण में अनियमितता बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीमच श्री संजीव साहू के न्यायालय द्वारा दो दुकानों पर कुल 3,80,383/- रुपये के जुर्माने की वसूली के आदेश पारित किए गए हैं।
कार्रवाई का विवरण: अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री संजीव साहू के निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नीमच द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान घसुण्डी जागीर एवं उचित मूल्य दुकान घसुण्डी बामनी के विक्रेताओं द्वारा राशन वितरण में अनियमितता किए जाने पर जांच की गई। जांच में राशन का स्टॉक कम पाया गया, जिसके आधार पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
अधिरोपित अर्थदण्ड: न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीमच द्वारा 3.80लाख रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया:उचित मूल्य दुकान घसुण्डी जागीर पर 3,50,485/- रुपये उचित मूल्य दुकान घसुण्डी बामनी पर 29,898/- रुपये कुल जुर्माना राशि: 3,80,383/- रुपये अधिरोपित किया है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बताया, कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीबों के राशन में कटौती करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। सभी उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को नियमानुसार एवं पूर्ण मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
=======================
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
सभी केंद्रों पर तत्काल बढ़ेंगे तोल कांटे और हम्माल,
जीरन मंडी में लहसुन किसानों की समस्याएं सुनीं, कृषि वैज्ञानिकों से दिलाया जाएगा समाधान
नीमच, 30 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को “किसान की सुविधा सर्वोपरि” के संकल्प के साथ जिले के गेहूं उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उपार्जन केंद्रों पर किसानों से सीधा संवाद: कलेक्टर ने हरखियाखाल चौराहे के समीप वेदान्ता वेयर हाउस स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र चल्दू एवं कृषि उपज मण्डी जीरन में स्थापित दो केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ खड़े किसानों से चर्चा कर गेहूं तोल में लगने वाले समय, छाया-पेयजल, बारदाना, हम्मालों की उपलब्धता एवं भुगतान व्यवस्था की बारीकी से जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वयं उपार्जित गेहूं की गुणवत्ता भी परखी।
किसानों के हित में बड़े निर्देश:
सुविधा में तत्काल वृद्धि: सभी उपार्जन केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटों और हम्मालों की संख्या तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए।
त्वरित भुगतान: भुगतान में आ रही समस्याओं का वेयर हाउस व खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान करने के निर्देश।
सुचारू परिवहन: उपार्जित गेहूं के भण्डारण एवं परिवहन की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
लहसुन किसानों से मंडी में सीधा संवाद: कलेक्टर श्री चंद्रा जीरन मण्डी के लहसुन शेड पहुंचे और राजस्थान से आए किसान श्री बजेराम सहित अन्य लहसुन उत्पादकों से चर्चा कर उपज की गुणवत्ता व भाव जाने। किसानों द्वारा लहसुन की क्वालिटी खराब होने की समस्या बताने पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से समस्या का समाधान कराया जाएगा तथा रोग निवारण हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मण्डी सचिव को लहसुन उत्पादक किसानों की संगोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी: डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन, सुश्री श्रुति भयड़िया, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजू डाबर, जि.के.स.बैंक के श्री आर.पी.नागदा, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एन.दिवाकर, मण्डी सचिव श्री उमेश बसेड़िया, जीरन मण्डी प्रभारी श्री अनिल सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
================
दो पीडित परिवार को आठ लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 30 अप्रेल 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा श्रीमती किरण आंजना ने राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत दो पीड़ित परिवार को कुएं में गिरने से मृत्यु हो जाने पर 8 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। एसडीएम मनासा द्वारा कनावटी निवासी मिथुन पिता मोखमलाल पारदी की 14 जून 2025 को कुएं में गिरने से मृत्यु हो जाने पर मृतक के वारिस भाई प्रकाश, तुलसीराम पिता मोखमलाल पारदी एवं बहन अरनोदाबाई, निशा पिता मोखमलाल पारदी को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
इसी तरह सोजावास निवासी जुवानसिह पिता नाथुसिह सौंधिया की कुएं में गिरने से मृत्यु हो जाने पर मृतक के वारिस पुत्र पदमसिह पिता जुवानसिह, पुत्री तुलसीबाई पिता जुवानसिह को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
तहसीलदार मनासा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर स्वीकृति के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किया गये थे।
======



