समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 24 अप्रैल 2026 शुक्रवार

जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाये- सुश्री वैशाली जैन जिला स्तरीय बैठक संपन्न
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण हेतु ‘पंख’ कार्यक्रम के अंतर्गत सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन की अध्यक्षता में जिला पंचायत परिसर में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं की डायरेक्टरी तैयार कर उनके कार्यों को विस्तार देना एवं क्रियान्वयन को सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में स्थित बरगद के पेड़ पर जीवदया हेतु सकोरे लगाकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संदेश दिया।
बैठक में सुश्री वैशाली जैन ने स्वैच्छिक संगठनों से जल गंगा संवर्धन अभियान, जनगणना, ज्ञानोदय अभियान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता, वृहद पौधारोपण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। जल गंगा संवर्धन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने में स्वैच्छिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग एवं पारंपरिक जल स्रोतों जैसे बावड़ियों के संरक्षण एवं स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने म.प्र.जन अभियान परिषद की गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, नशामुक्ति अभियान, सृजन, लोककला, रोजगार एवं पर्यावरण से संबंधित स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त कर शासन की योजनाओं में भागीदारी, क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा, समाधान और सुधार पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि जिले में कार्यरत सभी स्वयंसेवी संगठनों की एक समग्र डायरेक्टरी तैयार की जा रही है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत संस्थाओं का सूचीकरण किया जाएगा। इस दौरान परिषद की योजनाओं की विस्तृत जानकारी पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर जिला योजना अधिकारी श्री बालकृष्ण पाटीदार ने स्व-गणना प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्रदान किया तथा विभागीय अधिकारी उपसंचालक कृषि श्री आर.के. सिंह, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री भारती डांगी, स्वास्थ विभाग से डॉ. वर्षा कुरील, डॉ. शिरीन खान, वन विभाग से श्री एस.आर. नर्गेश, शिक्षा विभाग से श्री जितेन्द्र जोशी के द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गयी। बैठक में परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्री शिवशंकर शर्मा, श्री निर्मल अमलियार, श्री युवराज सिंह पंवार, श्री रतनलाल चरपोटा, लेखापाल श्री महावीर दास बैरागी, श्री विजयेश राठौड़ सहित समाजसेवी एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
=============
पोषण पखवाड़ा अंतर्गत सरसी व खजुरी देवड़ा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,

संचालनालय आयुष म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार आज 23 अप्रैल को शासकीय आयुर्वेद औषधालय खजुरी देवड़ा एवं सरसी मे आंगनवाड़ी में पोषण पखवाड़ा अंतर्गत पोषण गतिविधिया आयोजित की गई एवं निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 35 महिलाओं तथा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित पोषण का महत्व बताते हुए ऋतु अनुसार आहार-विहार की जानकारी दी गई, साथ ही जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण कर रोगानुसार आयुर्वेदिक औषधि प्रदाय की गई।
सरसी में बच्चों के अभिभावकों को बच्चों के लिए स्वस्थ दिनचर्या एवं डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग के संबंध में परामर्श दिया गया। संवादात्मक सत्र द्वारा बच्चों के सवालों के जवाब दिए गए और उन्हें दैनिक आहार में फल और हरी सब्जियों को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में कुल 26 महिलाओं तथा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित पोषण का महत्व बताया गया।
============
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अमृत सागर तालाब के नाले की सफाई
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,

शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल स्त्रोतों तथा नदी, तालाबों, कुंआ, बावड़ी तथा अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान‘‘ संचालित किया जा रहा है।
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगर पालिका परिषद रतलाम द्वारा वार्ड क्रमांक 44 स्थित अमृत सागर तालाब के नाले की सफाई एक दिन एक नाला अभियान के तहत की गई।
===========
विश्व पृथ्वी दिवस पर गुलाब चक्कर में कार्यक्रम आयोजित स्वास्थ्य, संतुलन और प्रकृति के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विशनित योग संगीत संस्थान द्वारा शहर की ऐतिहासिक धरोहर गुलाब चक्कर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रकृति, योग और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में “आनंदम थैरेपी” के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विशनित योग संगीत संस्थान के विशाल कुमार वर्मा और नित्येन्द्र आचार्य के नेतृत्व में किया गया, जिसमें प्रकृति योग संगीत सेवकों का औषधीय पौधों -अमृता, नीम, गिलोय बेल, इंसुलिन प्लांट की हरित मालाओं और प्रकृति सेवा सम्मान पत्र से सम्मानित किया गया। साथ ही सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में शिव शक्ति लाल आयुर्वेद कॉलेज प्राचार्य डॉ. दिलीप नलगे ने संबोधित करते हुए प्रकृति और स्वास्थ्य के गहरे संबंध पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में इंदौर के सुप्रसिद्ध गायक विजय पाठक सहित स्थानीय कलाकारों ने धरती माँ की स्तुति में सुमधुर प्रस्तुतियां दीं । पर्यावरणविद् डॉ. खुशाल सिंह पुरोहित ने कहा कि वर्तमान समय में प्राणवायु का आधार औषधीय पेड़-पौधे ही हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को प्रयास करना होगा। “हमें हर हाल में धरती की चिंता करनी होगी।
कार्यक्रम में डॉ. दिलिप नलगे, विजय पाठक, भागवतचार्य पं. चेतन शर्मा, हितेश व्यास, ओमप्रकाश बोरीवाल, राकेश बोरिया, शैलेंद्र पंवार, कुलदीप त्रिवेदी, बंटी लुईस, पारस राव, दुर्गेश सुरोलिया, विकाश वर्मा, अजय आचार्य, शिल्पा डाबी, श्रीमती स्वाती व्यास, श्रीमती विमलेश वर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों दी।
कार्यक्रम में नगर निगम उघान निरिक्षक अनिल धाकड़, जैव विविधता प्रकृति मित्र नरेश सकलेचा, बालकृष्ण तिवारी, डॉ प्रदीप जैन, योग संगीत संस्थानों के प्रतिनिधी श्रोता सहीत आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विशाल कुमार वर्मा व आभार नित्येन्द्र आचार्य ने किया।
======
विमुक्त घुमन्तु वर्ग के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में ऑनलाइन आवेदन शुरू
सत्र 2026-27 में बेरोजगार युवाओं को मिलेगा आर्थिक सहयोग व ब्याज अनुदान
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,
मध्यप्रदेश शासन द्वारा विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु वर्ग के कल्याण हेतु मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना सत्र 2026-27 संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र बेरोजगार युवाओं को उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय स्थापित करने के लिए कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के तहत व्यक्तिगत स्वरोजगार प्रकरण के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये तक की परियोजना स्वीकृत की जाएगी, जिस पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 हजार रुपये तक का ब्याज अनुदान दिया जाएगा। वहीं स्वयं सहायता समूहों के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की परियोजना पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2 लाख रुपये तक का ब्याज अनुदान प्रदान किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। साथ ही आवेदक के पास जाति प्रमाण पत्र होना चाहिए तथा वह आयकर दाता नहीं होना चाहिए। स्वयं सहायता समूह के लिए सभी एक ही जाति समूह के होना अनिवार्य है।
आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु अधिकतम 2 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का आईटीआई प्रशिक्षित होना आवश्यक है।
योजना में इच्छुक आवेदक समस्त पोर्टल samast.mp.online.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
=============
जनगणना 2027 हेतु प्रगणक एवं पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण आयोजित
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026

जनगणना कार्य निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 हेतु प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य हेतु नियोजित प्रगणक एवं पर्यवेक्षक का प्रशिक्षण आज बाजना, पिपलोदा, रतलाम, आलोट, जावरा, रावटी, सैलाना में चार्ज अधिकारियों की निगरानी में आयोजित किया गया। प्रगणकों और सुपरवाइजर को डिजिटल जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये।
=============
रतलाम कृषि उपज मंडी में लोकवन गेहूं का उच्चतम भाव 3154 रुपये प्रति क्विंटल रहा
रतलाम : गुरूवार, अप्रैल 23, 2026,
सचिव कृषि उपज मंडी श्री किशोर कुमार नरगावे ने बताया कि आज कृषि उपज मंडी रतलाम में विभिन्न उपजों की बिक्री की गई।
रतलाम कृषि उपज मंडी में लोकवन गेंहू का उच्चतम भाव 3154 रुपये प्रति क्विंटल रहा एवं न्यूनतम भाव 2590 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल भाव 2721 रुपये प्रति क्विंटल रहा।



