समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 21 अप्रैल 2026 मंगलवार

///////////////////////////
सुवासरा में अनूठी पहल: वर-वधु ने विवाह से पूर्व किया स्व-गणना फॉर्म भरकर जागरूकता का संदेश
मंदसौर 20 अप्रैल 26/ सुवासरा क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां विवाह समारोह के दौरान वर एवं वधु ने सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए जनगणना अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) फॉर्म भरकर जागरूकता का संदेश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर दीपक फरक्या (पिता – श्री रामचंद्र जी फरक्या, निवासी – खेजड़िया) एवं वधु संतोष (पिता – श्री जगदीश धनोतिया, निवासी – महुआ) ने अपने विवाह स्थल पोरवाल परिणय रिसोर्ट, सुवासरा में मंडप में प्रवेश करने से पूर्व अपनी-अपनी पारिवारिक जानकारी का स्व-गणना फॉर्म ऑनलाइन भरकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस पहल के माध्यम से उन्होंने न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक को स्वयं आगे आकर अपनी जानकारी दर्ज करनी चाहिए, जिससे शासन की योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव हो सके।
उपस्थित जनसमूह ने इस कदम की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे भी इस पहल से प्रेरणा लें और अपना स्व-गणना पत्र ऑनलाइन भरकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
===========
जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री भुरिया 21 अप्रैल को मंदसौर प्रवास पर रहेगी
मंदसौर 20 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल द्वारा बताया गया कि जिले की प्रभारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भुरिया 21 अप्रैल 2026 को मंदसौर प्रवास पर रहेगी।
तय कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया 21 अप्रैल 2026 को प्रात: 9:30 बजे रतलाम से प्रस्थान कर मंदसौर आयेगी। प्रात: 11:00 बजे मंदसौर आयेंगी एवं स्थानीय कार्यक्रम में सहभागीता करेंगी। 2:00 बजे मंदसोर से झाबुआ के लिए प्रस्थान करेंगी।
========
बोरवेल सुरक्षा के लिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बिना मुंडेर वाले कुओं को लोहे की मजबूत जाली से ढंकने के निर्देश दिए
मंदसौर 20 अप्रैल 26 / अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बोरवेल सुरक्षा संबंधी माननीय उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जिले में सभी बंद पड़े बोरवेलों को कंक्रीट या धातु के मजबूत ढक्कनों से सील किया जाए तथा उनका नियमित निरीक्षण किया जाए। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा जवाबदेही तय की जाएगी।
अपर कलेक्टर ने यह भी कहा कि खुले बोरवेल गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं, इसलिए इनके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि ऐसे खुले बोरवेल की तत्काल सूचना प्रशासन को दें।
इसके साथ ही जिले में स्थित सभी निजी एवं सार्वजनिक उपयोग के खुले कुएं, कुइयां, प्राचीन बावड़ियां तथा सड़कों व खेतों के रास्तों के किनारे स्थित बिना मुंडेर वाले कुओं को लोहे की मजबूत जाली से ढंकने के निर्देश दिए गए हैं। इनकी मुंडेर इतनी ऊंची बनाई जाए कि कोई जानवर, बच्चा या व्यक्ति उसमें गिर न सके।
प्रशासन द्वारा इन सभी स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
============
ग्रीष्मकाल में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम स्थापित
नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क करें
मंदसौर 20 अप्रैल 26 / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित सूखा एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
पेयजल संबंधी किसी भी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07422-256284 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा।
========
मंदसौर जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन- वैभव जैन और हितांशी ग्रोवर बने चैंपियन
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को चमचमाती शील्ड और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, साथ ही खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ, जिसमें वरिष्ठ खिलाड़ी मनीष पोरवाल, अनूप पोरवाल, वैभव जैन, कुणाल, जितेंद्र बुलचंदानी, अभिषेक सेठिया, आशीष रेठा, सुनील जैन, सौरभ चौरडिया, कैलाश शर्मा, आशीष गर्ग, तनिष्क जैन, अनिकेत आसवानी एवं त्रिभुवन कवीश्वर ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। पूरी प्रतियोगिता के दौरान रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका अभिषेक सेठिया और आशीष रेठा ने बखूबी निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव श्री त्रिभुवन कवीश्वर ने किया तथा अंत में वरिष्ठ खिलाड़ी मनीष पोरवाल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए सचिव श्री त्रिभुवन कवीश्वर ने बताया कि बालिका सब जूनियर (15 वर्ष) वर्ग में मनासा की हितांशी ग्रोवर ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि मंदसौर की काशिका वेद उपविजेता रहीं। बालिका एवं महिला वर्ग (15 वर्ष से अधिक) में काशिका वेद ने प्रथम और रामपुरा की उर्वशी नाहर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालक मिनी वर्ग (12 वर्ष) में प्रखर मंडवारिया विजेता व बुरहानुद्दीन मेंबर साहब उपविजेता रहे। बालक सब जूनियर (15 वर्ष) में शुभ राज पाठक ने खिताबी जीत हासिल की और अनन्य गहलोत उपविजेता बने। बालक जूनियर (18 वर्ष) वर्ग में रामपुरा के धीर जैन विजेता व शुभराज पाठक उपविजेता रहे। बालक सीनियर एवं पुरुष वर्ग में वैभव जैन ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अनूप पोरवाल उपविजेता रहे। पुरुष डबल्स वर्ग के रोमांचक मुकाबले में अनूप पोरवाल और मनीष पोरवाल की जोड़ी ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि सौरभ चोरड़िया और जितेंद्र बुलचंदानी की जोड़ी उपविजेता रही।
मंदसौर। मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ तहसील में स्थित बोरखेड़ी गाँव के शा. शिक्षक प्रहलाद खटोड़ को सेन समाज कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष पद पर निुयक्त किया गया। यह नियुक्ती बलराम राठौर जिलाध्यक्ष सेन समाज द्वारा की गई। विशिष्ट व्यक्तिगत के धनी श्री खटोड़ की नियुक्ती की जानकारी देते हुए सचिव अशोक परमार द्वारा बताया कि लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय होकर सेन समाज मे सामाजिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारी संघ के निुयक्ती प्रस्ताव प्राप्त हो रहे थे उसी को लेकर 19 अप्रैल 2026 अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर प्रहलाद खटोड़ को सेन समाज कर्मचारी संघ मंदसौर जिलाध्यक्ष निुयक्त किया गया। नव नियुक्त सेन समाज कर्मचारी संघ के जिलाघ्यक्ष प्रहलाद खटोड़ ने कहा की जिला व ब्लॉक स्तर पर सेन समाज कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाऐगा।



