समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 14 सितंबर 2026 सोमवार

कैरियर कॉउंसिलिंग हेतु मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों के आवेदन पत्र 18 सितंबर तक आमंत्रित
मंदसौर 13 सितंबर 2026 / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिला रोजगार कार्यालय में वर्ष 2026-2027 हेतु म.प्र. शासन की कैरियर कॉउंसिलिंग योजना अंतर्गत मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों के गेस्ट पैनल में नामांकन हेतु 18 सितंबर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते है। इसके लिए निर्धारित योग्यता मनोवैज्ञानिक हेतु मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री या पी.जी. डिप्लोमा अनिवार्य है। इसी प्रकार अन्य विषय विशेषज्ञों हेतु संबंधित विषयों में विशेषज्ञता एवं मार्गदर्शन के क्षेत्र में अनुभव सहित किसी भी स्ट्रीम में डिग्री या डिप्लोमा / पी.जी. डिग्री होना आवश्यक है। कैरियर कॉउंसिलिंग के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले एवं कम्प्युटर ज्ञान रखने वाले आवेदको को प्राथमिकता दी जाएगी। नामांकित कॉउंसंलिग हेतु शासन द्वारा निर्धारित मानदेय पर आमंत्रित किया जाएगा।
निर्धारित आवेदन पत्र जिला रोजगार कार्यालय सुशासन भवन कलेक्टर कार्यालय मदंसौर से कार्यालयीन समय (प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक) में प्राप्त किये जा सकते है। इच्छुक आवेदक अपने आवेदन-पत्र कार्यालय में आकर निर्धारित तिथि से पूर्व जमा करा सकते है। अपूर्ण आवेदन प्राप्त होने पर विचार नहीं किया जावेगा। अधिक जानकारी के लिये दूरभाष क्रमांक 9118870369/7587965358 पर संपर्क करे।
–00–
खेत की पाइपलाइन तोड़ने के विवाद में तीन सगी बहनों पर लाठी-डंडों से हमला, 8 लोगों पर केस दर्ज
शामगढ़।चौकी चंदवासा थाना क्षेत्र के ग्राम बकाना में खेत की पाइपलाइन टूटने की बात को लेकर हुए विवाद में तीन सगी बहनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर 8 लोगों के खिलाफ धारा 115(2), 352 BNS के तहत अयोग्य अपराध (NCR) दर्ज कर जांच शुरू की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बकाना निवासी 19 वर्षीय युवती ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 11.09.26 को वह अपनी दो बहनों के साथ खेत पर काम कर रही थी। तभी गांव के ही एक युवक द्वारा मोटरसाइकिल पाइपलाइन पर चढ़ा देने से पाइपलाइन टूट गई। इस बात को लेकर कहासुनी हुई।
आरोप है कि अगले दिन 12.09.26 को सुबह करीब 8 बजे जब तीनों बहने अपने गांव के नजदीक बंशीलाल के घर के पास पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने पाइप वाली भाल से गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने तीनों बहनों को पकड़ लिया और लाठी, पाइप और लकड़ी से मारपीट की, बाल पकड़कर धक्का दिया।
घटना में तीनों बहनों को चोटें आई हैं। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
–00–

