कचानारा में उमड़ा बाबा के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब, निपानिया में बाबा रामदेव जन्मोत्सव पर हुआ भव्य आयोजन

निपानिया में जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. विजय पाटीदार ने शेड निर्माण हेतु 4 लाख रुपए की घोषणा की

सीतामऊ।मंदसौर जिले के कचनारा में बाबा रामदेव के जन्मोत्सव पर प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी भव्य मेले का आयोजन हुआ। बाबा के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ा।भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया यानी ‘भादवा बीज’ के पावन अवसर पर कचनारा स्थित सुप्रसिद्ध बाबा रामदेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बाबा के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मंदसौर जिले के नाहरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कचनारा मंदिर परिसर में तड़के बाबा रामदेव की विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। मंदसौर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों और राजस्थान की सीमाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में ध्वजा (नेजा) लेकर पैदल जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे।
विशाल मेला: भादवा बीज के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर के आसपास विशाल मेले का आयोजन हुआ, जहाँ हाट-बाजार, झूले और विभिन्न स्टॉल्स पर लोगों ने जमकर खरीदारी की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के स्वयंसेवक पूरे परिसर में मुस्तैद रहे, जिससे श्रद्धालुओं ने सुगमता से दर्शन किए। पूरा कचनारा क्षेत्र ‘जय बाबा री’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
वहीं सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम पंचायत धाकड़ पिपलिया के निपानिया में बिशनिया सड़क मार्ग स्थित बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित मेले एवं श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में मंदसौर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. विजय पाटीदार शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में शेड निर्माण के लिए 4 लाख रुपए देने की घोषणा की। डॉ. पाटीदार ने बाबा रामदेव जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए धार्मिक स्थल के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। घोषणा के बाद समस्त ग्रामवासियों ने डॉ. विजय पाटीदार का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।



