
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने रतलाम जिले की तीन तालाब एवं दो बैराज परियोजनाओं का वर्चुअल भूमि पूजन किया
किशनगढ़ तालठा शंभू सिंह तंवर
43 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत से पांच परियोजनाओं का निर्माण होगा, 2030 हेक्टेयर क्षेत्र में बढ़ेगी सिंचाई सुविधा जिससे 14 गांवों के 2151 कृषक लाभान्वित होंगे।
जिले में आज जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट द्वारा तीन तालाबों एवं दो बैराज का भूमि पूजन (वर्चुअल) किया गया। इसमें से तीन तालाब रतलाम ग्रामीण के मोहनपाडा, कुआंजाघर एवं नागारुंडी एवं दो सैलाना विधानसभा क्षेत्र के बोरपाड़ा एवं धावड़िया बैराज का भूमि पूजन सादेडा ग्राम में किया गया।
नागारूंडी तालाब परियोजना की लागत 14 करोड़ 70 लाख 99 हजार रुपए है। इससे 547 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी तथा ईसरथूनी एवं जामथुन गांवों के 580 कृषक लाभान्वित होंगे।
कुआझागर तालाब परियोजना की लागत 8 करोड़ 82 लाख रुपए है। इससे 330 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी तथा कुआझागर, कलमोड़ा एवं उण्डवा गांवों के 480 कृषक लाभान्वित होंगे। मोहनपाड़ा तालाब परियोजना की लागत 3 करोड़ 46 लाख 78 हजार रुपए है। इससे 116 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी तथा ऊनी एवं मोहनपाड़ा गांवों के 281 कृषक लाभान्वित होंगे।
धावड़िया बैराज परियोजना की लागत 9 करोड़ 55 लाख 78 हजार रुपए है। इससे 570 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी तथा धावड़िया, बांकी, आमलीपाड़ा एवं छायन गांवों के 450 कृषक लाभान्वित होंगे।
बोरपाड़ा बैराज परियोजना की लागत 8 करोड़ 10 लाख 30 हजार रुपए है। इससे 467 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी तथा बोरपाड़ा, सेमलखेड़ी एवं सादेड़ा गांवों के 360 कृषक लाभान्वित होंगे।
पांचो परियोजनाओं की कुल लागत 43 करोड़ 84 लाख रुपए है परियोजनाओं से कुल रतलाम जिले में 2030 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई में वृद्धि होगी। इससे 14 ग्राम लाभान्वित होंगे। जिसमें कुल 2151 कृषक लाभान्वित होंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, विधायक मथुरा लाल डामोर, विधायक कमलेश्वर डोडियार, रतलाम ग्रामीण जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, बाजना जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



