
राजस्व, पुलिस एवं नगर परिषद की संयुक्त टीम ने दोपहर बाद चलाया अभियान, कुछ लोगों ने स्वेच्छा से हटाया अतिक्रमण
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
ताल, 23 नवंबर। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ताल द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में सोमवार को दोपहर बाद ताल-जावरा रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे सोमानी कॉलोनी क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई में तहसीलदार तहसील ताल, थाना प्रभारी ताल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा राजस्व विभाग एवं नगर परिषद का अमला शामिल रहा। संयुक्त टीम ने संबंधित क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन द्वारा अभियान से पूर्व संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को विधिवत सूचना पत्र जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की समझाइश और अपील का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। कुछ नागरिकों ने आगे आकर स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लिया और अभियान में सहयोग प्रदान किया।
वहीं, कुछ स्थानों पर लंबे समय से रखी पुरानी गुमटियां भी पाई गईं। इनके संबंध में संबंधित व्यक्तियों को सूचना पत्र जारी किए गए हैं। शेष अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों, सड़कों एवं आम नागरिकों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन लोगों ने अभी तक अपना अतिक्रमण नहीं हटाया है, वे निर्धारित समयावधि में स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से पुनः संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को बाधा मुक्त रखना, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे नगर की स्वच्छता, सुंदरता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थलों और आवागमन के मार्गों पर अतिक्रमण करने से बचें।



