अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 220 लीटर शराब जब्त, एक महिला गिरफ्तार
गोरखपुर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, आबकारी विभाग ने आज बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश और उप आबकारी आयुक्त, गोरखपुर प्रभार व जिला आबकारी अधिकारी, गोरखपुर के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।आबकारी निरीक्षक, सेक्टर-2 ने राजघाट पुलिस स्टेशन के पुलिस स्टाफ के साथ मिलकर हर्बर्ट बांध पर छापा मारा। इस कार्रवाई में लगभग 220 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मौके से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ संबंधित थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।आबकारी विभाग ने समय से पहले दुकानों का निरीक्षण भी किया। देशी शराब की दुकान और कंपोजिट घुंघुन कोठा ट्रांसपोर्ट नगर,आजाद चौक स्थित कंपोजिट दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ये दोनों दुकानें बंद पाई गईं।
पीपीगंज में मंगलवार को निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन गोरखपुर पीपीगंज हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान, गीता वाटिका द्वारा मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 3 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीपीगंज के परिसर में निःशुल्क कैंसर की प्राथमिक जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।शिविर में कैंसर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र बिरबिया कैंसर के विषय पर जांच, प्रशिक्षण एवं इलाज संबंधी विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही रोगियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।यह शिविर पीपीगंज, तिघरा, पचगवां, कानपार, नगरा, रानादीह, सिसई घाट, भरोहिया, रघुनाथपुर, मंगलपुर, साहबगंज, सरहरी, लक्ष्मीपुर, सियारामपुर, टिकरिया, करतहरी व आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। शिविर का उद्देश्य कैंसर की शुरुआती पहचान व लोगों में जागरूकता फैलाना है, जिससे रोग की रोकथाम एवं समय पर उपचार संभव हो सके।अस्पताल प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए शिविर में उपस्थित हों और निःशुल्क परामर्श, जांच का लाभ उठाएं।